GD Naidu Biopic: धुरंधर 2 के बाद इस फिल्म में नजर आएंगे आर माधवन, जानिए कब देगी दस्तक
R Madhavan In GD Naidu Biopic: अभिनेता आर माधवन ने अपनी नई फिल्म जी.डी. नायडू (G.D. Naidu) का नया पोस्टर रिवील करते हुए रिलीज डेट का खुलासा कर दिया है।
R Madhavan In GD Naidu Biopic
R Madhavan In GD Naidu Biopic: अभिनेता आर माधवन ने धुरंधर 2 मूवी के चलते खूब सुर्खियां बटोरी थी, धुरंधर 2 में उन्होंने अजय सान्याल का किरदार निभाया था, जिसके लिए उनकी खूब प्रशंसा भी हुई थी। वहीं अब धुरंधर 2 के बाद आर माधवन अपनी अगली फिल्म जी.डी. नायडू (G.D. Naidu) के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं, जिसका फर्स्ट लुक पोस्टर आज जारी कर दिया गया और साथ ही फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया।
आर माधवन फिल्म जी.डी. नायडू
आर माधवन एक बेहतरीन अभिनेता हैं, वे पर्दे पर किसी भी किरदार को जिस तरह से अदा करते हैं, दर्शक उनके फैन बन जाते हैं। वहीं अब बहुत ही जल्द आर माधवन अपने नए किरदार के साथ पर्दे पर वापसी करने वाले हैं। अपकमिंग फिल्म जी.डी. नायडू में आर माधवन जी.डी. नायडू के किरदार में ही नजर आएंगे। बता दें कि जी.डी. नायडू एक बायोपिक है, जिसकी कहानी जी.डी. नायडू नाम के साइंटिस्ट पर आधारित है।
आर माधवन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर जी.डी. नायडू फिल्म का पहला पोस्टर शेयर किया है, जिसमें उनकी शानदार झलक देखने को मिल रही है। वे जनता के बीच घिरे हुए नजर आ रहें हैं। इसी के साथ ही फिल्म की रिलीज डेट का भी खुलासा कर दिया गया, ये फिल्म 17 जुलाई को बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है।
जी.डी. नायडू फिल्म स्टार कास्ट
इस फिल्म में आर माधवन के साथ सत्यराज, दुशारा विजयन, प्रियामणि (Priyamani), जयराम (Jayaram) और योगी बाबू (Yogi Babu) भी नजर आने वाले हैं। जी.डी. नायडू कौन थे इसके बारे में बताएं तो उनका जन्म 23 मार्च, 1893 के दिन कोयंबटूर में हुआ था, वहीं 4 जनवरी 1974 के दिन उनका निधन हो गया था। जी.डी. नायडू का पूरा नाम गोपालास्वामी दोरईस्वामी नायडू था, जिन्हें भारत का एडिसन भी कहा जाता है। जी.डी. नायडू ने इंडिया का पहला स्वदेशी इलेक्ट्रिक मोटर, पेट्रोल इंजन, टिकट मशीन्स और कई कृषि आविष्कारों का निर्माण किया था। इस फिल्म में उनकी इन्हीं उपलब्धियों को दिखाया जाएगा। फिल्म 17 जुलाई से दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।