Grammy Award 2023: कौन हैं रिकी केज, जिन्होंने भारत को समर्पित किया अपना ग्रैमी अवार्ड, PM मोदी ने दी बधाई
Grammy Award 2023: रिकी केज ने तीसरी बार ग्रैमी अवार्ड जीता है। इससे पहले उन्हें 2022 और 2015 में भी ग्रैमी अवार्ड मिल चुका है। पीएम मोदी ने रिकी को बधाई दी है।;
Ricky Kej Grammy Award (Image: Social Media)
Grammy Awards 2023 : लॉस वेगास (Las Vegas) स्थित नेशनल एकेडमी ऑफ रिकॉर्डिंग आर्ट्स एंड साइंसेज में 64वें ग्रैमी अवार्ड (64th Grammy Awards) का वितरण किया जा चुका है।ग्रैमी अवार्ड एक बार फिर भारतीयों के लिए गुड न्यूज़ लेकर आया। इस अवार्ड शो में भारतीय मूल के रिकी केज (Ricky Kej) को उनके एल्बम 'डिवाइन टाइड्स' के लिए पुरस्कृत किया गया। आपको बता दें, रिकी केज ने तीसरी बार यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी इस सफलता पर उन्हें बधाई दी है।
रिकी केज मूल रूप से बेंगलुरु से ताल्लुक रखते हैं। रिकी ने अपना यह पुरस्कार भारत को समर्पित किया है। गौरतलब है कि, 64वें ग्रैमी अवार्ड में म्यूजिक के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाली हस्तियों को पुरस्कार से नवाजा गया। रविवार रात आयोजित इस अवार्ड समारोह में भारतीय मूल की एक अन्य सिंगर फाल्गुनी शाह (Falguni Shah) को भी पुरस्कार दिया गया था।
इमर्सिव ऑडियो एल्बम कैटेगरी में मिला अवार्ड
रिकी केज को यह ग्रैमी अवार्ड 'इमर्सिव ऑडियो एल्बम' कैटेगरी (Grammy Award for Best Immersive Audio Album) में संयुक्त रूप से दिया गया है। उन्होंने पुरस्कार ब्रिटिश रॉक बैंड 'द पुलिस' के ड्रमर स्टीवर्ट कोपलैंड के साथ साझा किया है। इसके अलावा, इस कैटेगरी में क्रिस्टीना जेन इराब्लू (Christina Jane Irablu) सहित कई अन्य संगीतकार भी नॉमिनेट थे।
जानें कौन हैं रिकी केज?
रिकी केज (Ricky Kej) एक भारतीय संगीतकार हैं। उनका जन्म 1981 में अमेरिका में हुआ था। वो एक पंजाबी-मारवाड़ी परिवार से संबंध रखते हैं। केज आठ साल की उम्र में बेंगलुरु शिफ्ट हो गए थे। वहीं उन्होंने बिशप कॉटन बॉयज स्कूल (Bishop Cotton Boys School) से शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद रिकी ने ऑक्सफोर्ड डेंटल कॉलेज में डेंटल केयर की पढ़ाई की। यहां आपको बता दें, रिकी केज को कला विरासत में मिली है। उनके दादा जानकी दास अभिनेता और स्वतंत्रता सेनानी थे। ऐसे में कला के प्रति उनका रुझान बचपन से ही था।
रिकी केज को तीसरी बार मिला ग्रैमी अवॉर्ड
रिकी केज ने तीसरी बार ग्रैमी अवार्ड जीता है। इससे पहले उन्हें वर्ष 2022 में स्टीवर्ड कोपलैंड के साथ एल्बम 'बेस्ट न्यू एज' (Best New Age) के लिए पुरस्कृत किया गया था। रिकी को पहला ग्रैमी अवार्ड साल 2015 में एल्बम 'विंड्स ऑफ संसार' के लिए दिया गया था। इससे पहले भारत में पंडित रविशंकर (Pandit Ravi Shankar) और जुबिन मेहता (Zubin Mehta) ही ऐसा कर पाए हैं।
रिकी ने कन्नड़ फिल्मों में भी दिया संगीत
बचपन से रिकी की रुचि संगीत के प्रति थी। इसलिए उन्होंने रॉक बैंड ज्वाइन किया। रिकी ने 2000 के दशक में संगीत को अपना करियर चुन लिया। इसी क्षेत्र में वो लगातार काम करते रहे। अपने 20 साल के लंबे करियर में 17 स्टूडियो एल्बम जारी करने के अलावा रिकी केज ने कई विज्ञापनों और कन्नड़ फिल्मों में भी संगीत दिया। उन्होंने अब तक 3500 कमर्शियल्स संगीत दे चुके हैं।