Bharat Jodo Yatra: आज मध्य प्रदेश में दाखिल होगी भारत जोड़ो यात्रा, पहली बार प्रियंका गांधी भी लेंगी हिस्सा

Bharat Jodo Yatra: मध्यप्रदेश में भारत जोड़ों यात्रा पांच जिलों से होकर गुजरेगी। 13 दिनों की इस यात्रा के दौरान उज्जैन में बड़ी रैली और मेगा रोड शो करने की भी तैयारी है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-11-23 02:54 GMT
Priyanka Gandhi - Rahul Gandhi (photo: social media )

Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में निकली भारत जोड़ो यात्रा आज मध्य प्रदेश में दाखिल होगी। मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा की कामयाबी के लिए कई दिनों से जोरदार तैयारियां चल रही हैं। राज्य के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के साथ ही पार्टी के कई अन्य नेता राज्य में यात्रा को कामयाब बनाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं।

मध्यप्रदेश में भारत जोड़ों यात्रा पांच जिलों से होकर गुजरेगी। 13 दिनों की इस यात्रा के दौरान उज्जैन में बड़ी रैली और मेगा रोड शो करने की भी तैयारी है। मध्य प्रदेश की यात्रा के दौरान सबसे उल्लेखनीय बात प्रियंका गांधी का यात्रा में शामिल होना मानी जा रही है। भारत जोड़ो यात्रा की गत 7 सितंबर को शुरुआत के बाद अभी तक प्रियंका गांधी ने इसमें शिरकत नहीं की है मगर मध्य प्रदेश की यात्रा के दौरान प्रियंका गांधी भी इस यात्रा में शामिल होंगी।

मध्यप्रदेश में 13 दिनों का कार्यक्रम

मध्यप्रदेश में कांग्रेस का संगठन काफी मजबूत है और इसलिए माना जा रहा है कि मध्य प्रदेश में राहुल की भारत जोड़ो यात्रा में काफी भीड़ उमड़ेगी। मध्यप्रदेश में यात्रा का 13 दिनों का कार्यक्रम तय किया गया है और इस दौरान यह यात्रा बुरहानपुर, खरगोन, इंदौर, खंडवा और उज्जैन से होकर गुजरेगी।

मध्यप्रदेश में इन जिलों को सियासी नजरिए से काफी अहम माना जाता रहा है। यात्रा का मार्ग पहले ही तय किया जा चुका है और इस यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी खंडवा के प्रसिद्ध ओंकारेश्वर मंदिर उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन पूजन भी करेंगे।

उज्जैन में होगी राहुल की बड़ी रैली

इन दोनों मंदिरों के धार्मिक रूप से काफी मान्यता है और इस कारण और राहुल के इन दोनों मंदिरों में दर्शन का कार्यक्रम तय किया गया है। यात्रा के दौरान राहुल गांधी महू में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली का भी दौरा करेंगे। यात्रा के दौरान राहुल गांधी का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम उज्जैन में होगा।

उज्जैन में राहुल की बड़ी रैली और मेगा रोड शो का कार्यक्रम तय किया गया है। इसके साथ ही राहुल इंदौर में 29 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। भारत जोड़ो यात्रा के मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

पहली बार प्रियंका भी होंगी शामिल

मध्यप्रदेश में भारत जोड़ी यात्रा के दौरान सबसे उल्लेखनीय बाद प्रियंका गांधी की इस यात्रा में हिस्सेदारी होगी। भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत गत 7 सितंबर को हुई थी मगर अभी तक प्रियंका गांधी ने यात्रा में हिस्सा नहीं लिया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट के जरिए बताया कि मध्य प्रदेश में पहली बार प्रियंका गांधी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी। प्रियंका गांधी आज मध्यप्रदेश पहुंचने वाली हैं और वे गुरुवार को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगी।

मध्यप्रदेश में भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद

मध्यप्रदेश में प्रियंका गांधी चार दिनों तक रुकेंगी और इस दौरान उनका पूरा फोकस भारत जोड़ो यात्रा पर ही रहेगा। माना जा रहा है कि प्रियंका के चार दिनों तक भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के दौरान भाई-बहन की जोड़ी के समर्थन में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ेगी।

सोनिया गांधी कर्नाटक के मांड्या इलाके में यात्रा में शामिल हो चुकी हैं जबकि यह पहला मौका होगा जब प्रियंका गांधी मध्यप्रदेश में यात्रा में शामिल होंगी। भारत जोड़ो यात्रा के सह समन्वयक मकसूद अली का कहना है कि मध्यप्रदेश में 13 दिनों की यात्रा के बाद भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान में दाखिल होगी।

सुरक्षा मुहैया कराना सरकार की जिम्मेदारी

इस बीच राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का कहना है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को सुरक्षा मुहैया कराना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर वे राज्य के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चुके हैं। यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था देखना पुलिस का काम है।

उन्होंने यह टिप्पणी राहुल गांधी को बम से उड़ाने की धमकी का जिक्र करते हुए की है। मालूम हो कि इंदौर की एक दुकान पर हाल में एक चिट्ठी मिली थी जिसमें राहुल गांधी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने भी यात्रा के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने की मांग की है।

Tags:    

Similar News