Rajasthan: कांग्रेस का बड़ा ऐलान, 2 अक्टूबर से करेगी भारत जोड़ो यात्रा का शुभारंभ, करेंगे देशभर का भ्रमण

Rajasthan: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा पार्टी को जमीनी स्तर पर जनता से जोड़ने के लिए अभियान शुरू करने की बात कही गई।

Report :  Rajat Verma
Written By :  Anshuman Tiwari
Published By :  Shashi kant gautam
Update: 2022-05-15 12:41 GMT

सोनिया गांधी: Photo - Social Media

Rajasthan: कांग्रेस पार्टी (Congress Party) द्वारा राजस्थान में आयोजित चिंतन शिविर (Chintan Sivir) में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा कार्यकर्ताओं को सबोधित किया जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा पार्टी को जमीनी स्तर पर जनता से जोड़ने के लिए अभियान शुरू करने की बात कही गई। पार्टी प्रमुख ने आगामी 2 अक्टूबर से 'भारत जोड़ो' यात्रा शुरू करने की बात कही। इस यात्रा के तहत कांग्रेस पार्टी समूचे भारत का भ्रमण कर जनता से सीधा संबंध स्थापित करने की ओर ध्यान देगी।

कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित इस चिंतन शिविर में पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी, महासचिव व सांसद राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, गुलाम नबी आजाद, पी चिदंबरम, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई वरिष्ठ और शीर्ष नेता मौजूद रहे। इस दौरान राहुल गांधी ने आज चिंतन शिविर के तीसरे दिन भाजपा पर हमलावर होते हुए उन्हें दलित विरोधी बताया।

भाजपा की चुनौतियों का मुकाबला करने और कांग्रेस की सियासी मजबूती के लिए पार्टी ने बड़ी रणनीति तैयार की है। उदयपुर में चल रहे चिंतन शिविर में इसका खुलासा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने किया। उन्होंने कहा कि संविधान को बचाने और सांप्रदायिक सौहार्द्र को बनाए रखने के लिए कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा निकालेगी। इस यात्रा की शुरुआत इस साल गांधी जयंती के दिन 2 अक्टूबर से की जाएगी। दूसरी और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर जनता के साथ मजबूत रिश्ता स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को समझने के लिए हमें जनता के बीच जाकर बैठना होगा। अतीत में कांग्रेस का जनता के साथ सीधा जुड़ाव रहा है और हमें आगे भी जनता से रिश्ते की डोर को ऐसे ही मजबूत बनाना होगा। उन्होंने कहा कि यह काम एक-दो दिनों का नहीं है बल्कि इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को महीनों पसीना बहाना होगा। सोनिया और राहुल के संबोधन से साफ हो गया है कि पार्टी ने 2024 की जंग के लिए सियासी मजबूती हासिल करने की बड़ी योजना तैयार की है। माना जा रहा है कि चिंतन शिविर के बाद इन योजनाओं को जमीन पर उतारने की तैयारी शुरू हो जाएगी।

गांधी जयंती से शुरू होगी भारत जोड़ो यात्रा

चिंतन शिविर के आखिरी दिन सोनिया गांधी ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत जोड़ो यात्रा निकालने का बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में संवैधानिक मूल्यों को नष्ट करने और सांप्रदायिक सौहार्द्र को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है और ऐसे में हम इन दोनों को बचाने के लिए यह यात्रा निकालेंगे। गांधी जयंती से शुरू होने वाली इस यात्रा में पार्टी से जुड़े हुए सभी लोग शिरकत करेंगे और बिना किसी व्यवधान के यह यात्रा जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए नई ऊर्जा और नई सोच के साथ लोगों के बीच जाना होगा। पिछले दो चुनावों से हार रही कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए सोनिया गांधी ने हम वापस आएंगे का बड़ा नारा भी दिया।

2024 के चुनावों पर विशेष फोकस

सोनिया के संबोधन से साफ हो गया कि पार्टी 2024 की सियासी लड़ाई के लिए अभी से कमर कसने को तैयार हो गई है। सोनिया ने अपने भाषण में 2024 के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि इसके लिए अभी से ही जनता से जुड़े मुद्दों पर अभियान चलाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण में देशव्यापी जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। कमजोर होती अर्थव्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जनता से जुड़े इन मुद्दों पर भी लड़ाई लड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठकें अब नियमित अंतराल पर होती रहेंगी जिनमें जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करके पार्टी की रणनीति तैयार की जाएगी।

जनता से रिश्ता बनाने पर जोर

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी अपने संबोधन के दौरान अक्टूबर में निकलने वाली भारत जोड़ो यात्रा का विशेष तौर पर जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को जनता के साथ आत्मीय रिश्ता कायम करने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी को लंबी लड़ाई लड़कर ही सफलता हासिल होगी। शॉर्टकट से कुछ भी हासिल होने वाला नहीं है। इस लड़ाई में पार्टी से जुड़े सभी लोगों को अपना पसीना बहाना होगा। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने साफ किया कि इसका मतलब यह नहीं है कि पार्टी पुराने लोगों को छोड़ देगी। कांग्रेस की विभिन्न समितियों में युवाओं और पुराने लोगों का मिश्रण होना चाहिए। हम अनुभव और नई सोच के साथ ही अपनी मंजिल को हासिल करने में कामयाब हो सकते हैं।

लड़ाई से घबराने की जरूरत नहीं

राहुल ने संघ और भाजपा की विचारधारा को देश के लिए खतरा बताते हुए कहा कि मैं इसके खिलाफ पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ने में जुटा हुआ हूं। हमारी लड़ाई सिर्फ राजनीतिक नहीं है बल्कि हम देश के ताकतवर अमीरों के खिलाफ भी लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में किसी को घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि देश के लोग भी अब सच्चाई को समझने लगे हैं।उन्होंने खुद को पाक साफ बताते हुए कहा कि मैं और मेरे परिवार ने इस देश में एक पैसे का भी भ्रष्टाचार नहीं किया है। इसलिए हमें किसी से डरने की जरूरत नहीं है। पार्टी कार्यकर्ताओं को तनिक भी भयभीत होने की जरूरत नहीं है क्योंकि हम मिलकर इस लड़ाई को जीतने में जरूर कामयाब होंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में इंस्टीट्यूशंस को बचाने की लड़ाई सिर्फ कांग्रेस ही लड़ सकती है।

उदयपुर चिंतन शिविर के तीसरे और आखिरी दिन सोनिया गांधी और राहुल गांधी के संबोधन से साफ हो गया है कि पार्टी भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए पुख्ता रोडमैप बनाकर सियासी रण में कूदने जा रही है। दोनों नेताओं ने पार्टी में आत्मविश्वास जगाने की कोशिश करते हुए पार्टी की आगामी रणनीति को भी रेखांकित किया है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एक बार फिर जनता के साथ पुराना रिश्ता कायम करने का संदेश दिया है। माना जा रहा है कि पार्टी की ओर से जल्दी ही आगामी कार्यक्रमों का सिलसिलेवार ब्योरा जारी किया जाएगा। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा के हाथों मिली हार के बाद अब पार्टी 2024 की लड़ाई के लिए पहले से ही कमर कसकर तैयार हो जाने में जुट गई है। 


Tags:    

Similar News