BJP National Executive Meet: सभी नौ राज्यों में जीत हासिल करने पर नड्डा का जोर, 2024 की रूपरेखा भी तैयार

BJP National Executive Meet: भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के पहले दिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि 2023 हमारे लिए काफी अहम है

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-01-16 15:18 GMT

बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा: Photo- Social Media

BJP National Executive Meet: भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के पहले दिन आज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (BJP National President Jagat Prakash Nadda) ने नौ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2023 हमारे लिए काफी अहम है क्योंकि इस साल नौ राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। हमें इन सभी राज्यों में मजबूती से चुनाव लड़ने के साथ जीत हासिल करनी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में जीत ही 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत का मार्ग प्रशस्त करेंगी। बैठक में 2024 के सियासी जंग जीतने की रूपरेखा भी तैयार की गई।

गुजरात के चुनाव भाजपा की ऐतिहासिक जीत

इस साल नौ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के मद्देनजर राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। आज की बैठक में गुजरात और हिमाचल प्रदेश में हाल में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों पर भी चर्चा हुई। नड्डा ने अपने भाषण के दौरान इन दोनों राज्यों के चुनावी नतीजों की चर्चा करते हुए कहा कि गुजरात के चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत हासिल हुई है जबकि हिमाचल प्रदेश में हम रिवाज नहीं बदल पाए।

पीएम मोदी के नेतृत्व की जमकर तारीफ

बैठक में अपने संबोधन के दौरान नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सशक्त नेतृत्व की वजह से पूरी दुनिया में भारत के लोगों का मान-सम्मान बढ़ा है। नड्डा ने रूस-यूक्रेन युद्ध का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कहने पर दोनों देशों की जंग एक दिन के लिए रोकी गई, यह कम महत्वपूर्ण बात नहीं है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, उन राज्यों में पार्टी संगठन की ओर से तमाम कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसका असर चुनावी नतीजों में निश्चित रूप से दिखना चाहिए।

नड्डा ने कहा कि जिन राज्यों में हमारी सरकार है उन राज्यों में पार्टी को मजबूत बनाया जाए और जिन राज्यों में हमारी सरकार नहीं है, उन राज्यों में पार्टी को और ज्यादा मजबूत बनाए जाने की जरूरत है। नड्डा ने अपने संबोधन के दौरान स्पष्ट संदेश दिया कि अब पार्टी को एक भी चुनाव नहीं हारना है। उन्होंने कहा कि चुनावी जीत हासिल करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही कार्यकर्ताओं को भी पूरी ताकत झोंकनी होगी।

गुजरात और हिमाचल के चुनावों पर भी चर्चा

बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बताया कि बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई है। पार्टी की ओर से देश भर में 72,000 कमजोर बूथों की पहचान की गई थी मगर पार्टी एक लाख तीस हजार बूथों तक पहुंचने में कामयाब रही है। उन्होंने कहा कि कमजोर बूथों वाले इलाकों में पार्टी की नीतियों का प्रचार करके पार्टी को मजबूत बनाने की कवायद की गई है।

उन्होंने कहा कि बैठक में हिमाचल प्रदेश और गुजरात के विधानसभा चुनावों पर भी चर्चा हुई। गुजरात के चुनाव में पार्टी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है जबकि हिमाचल प्रदेश में हम रिवाज नहीं बदल पाए। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष ने वहां एक फ़ीसदी से कम वोटों के अंतर से मिली हार का जिक्र किया। भाजपा को कांग्रेस से सिर्फ 37,000 कम वोट मिले मगर पार्टी के हाथ से हिमाचल प्रदेश की सत्ता निकल गई। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण की दिशा में सशक्त कदम उठाया गया है। प्रधानमंत्री मोदी हमेशा भारत की परंपराओं और अयोध्या के राम मंदिर की चर्चा करते रहे हैं। इसी के तहत अयोध्या में भव्य राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

पीएम मोदी के रोड शो को भारी जनसमर्थन

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पूर्व आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भव्य रोड शो निकाला जिसमें भारी हुजूम उमड़ा। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उपस्थित लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। पार्टी नेताओं का मानना है कि पीएम मोदी के रोड शो के दौरान भारी जनसमर्थन मिला है जो पार्टी और मोदी की लोकप्रियता का बड़ा संकेत है।

बैठक के दौरान पार्टी का पूरा फोकस नौ राज्यों के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव जीतने पर रहा। लोकसभा का चुनाव अभी दूर है मगर पार्टी ने चुनावी जीत हासिल करने के लिए रणनीति तैयार कर ली है। पार्टी का पूरा फोकस संगठन की कमजोरी को दूर करने और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने पर है। कल की बैठक के दौरान चुनावी रणनीति को आखिरी रूप दिया जाएगा।

Tags:    

Similar News