Chhattisgarh Election 2023: छत्तीसगढ़ में आज राहुल गांधी जारी करेंगे कांग्रेस का घोषणा पत्र, पार्टी नेताओं के बड़े वादों की दिखेगी झलक

Chhattisgarh Election 2023: कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से आज रायपुर स्थित राजीव भवन में पार्टी का घोषणा पत्र जारी किए जाने की संभावना है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-11-05 05:01 GMT

Congress in Chhattisgarh Election 2023 (Photo: Social Media)

Chhattisgarh Election 2023: छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में भाजपा के घोषणा पत्र के बाद अब सबकी निगाहें कांग्रेस के घोषणा पत्र पर लगी हुई हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से घोषणा पत्र तैयार करने के लिए एक टीम का गठन किया गया था और इसकी अगुवाई राज्य के मंत्री मोहम्मद अकबर को सौंपी गई थी। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से आज रायपुर स्थित राजीव भवन में पार्टी का घोषणा पत्र जारी किए जाने की संभावना है।

हालांकि घोषणा पत्र को औपचारिकता माना जा रहा है क्योंकि कांग्रेस नेताओं की ओर से छत्तीसगढ़ की जनता के साथ बड़े-बड़े चुनावी वादे पहले ही किए जा चुके हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी की ओर से की गई घोषणाओं की झलक इस घोषणा पत्र में दिखेगी।

कांग्रेस और भाजपा ने लगा रखी है पूरी ताकत

छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में पहले चरण की 20 सीटों पर 7 नवंबर को मतदान होने वाला है और इसके लिए प्रचार का शो आज थम जाएगा। इसलिए पार्टी की ओर से आज घोषणा पत्र जारी करके छत्तीसगढ़ के मतदाताओं को लुभाने का प्रयास किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस अपनी सरकार बचाने की कोशिश में जुटी हुई है और इस कारण पार्टी ने पूरी ताकत लगा रखी है।

दूसरी ओर भाजपा कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करके 2018 में मिली बड़ी हार का बदला लेने की कोशिश में जुटी हुई है। छत्तीसगढ़ के लिए भाजपा का घोषणा पत्र 3 नवंबर को जारी किया गया था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा का घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था। अब आज सबकी निगाहें कांग्रेस के घोषणा पत्र पर लगी हुई हैं।

कांग्रेस कर चुकी है कई बड़े ऐलान

घोषणा पत्र जारी करने से पूर्व कांग्रेस की ओर से विभिन्न मंचों पर 17 बड़ी घोषणाएं की जा चुकी हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में इन बातों की झलक दिखेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने छत्तीसगढ़ की चुनावी सभाओं में राज्य के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं।

कांग्रेस नेताओं की ओर से अभी तक सबसे बड़ी घोषणा किसानों की कर्ज माफी की की गई है। इसके साथ ही गैस सिलेंडर रिफिल करने पर 500 रुपए की सब्सिडी, 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने, 10 लाख तक मुफ्त इलाज और शिक्षा के क्षेत्र में बड़े ऐलान किए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में जातिगत जनगणना करने का वादा भी किया गया है।

नक्सल समस्या का समाधान करेगी कांग्रेस

छत्तीसगढ़ में नक्सल समस्या भी काफी प्रभावी रही है और इस कारण पार्टी ने नक्सल समस्या का समाधान करने के लिए ठोस नीति तैयार करने की बात भी कही है। पार्टी ने वादा गया है कि इस समस्या के समाधान के लिए गंभीरतापूर्वक बात शुरू करने के प्रयास किए जाएंगे। पार्टी की ओर से हर नक्सल प्रभावित पंचायत को एक करोड़ रुपए देने का वादा भी किया गया है।

भाजपा पहले ही जारी कर चुकी है घोषणा पत्र

कांग्रेस से पूर्व भाजपा की ओर से 3 नवंबर को ही घोषणा पत्र जारी किया जा चुका है। भाजपा के घोषणा पत्र को मोदी की गारंटी नाम दिया गया है। पार्टी का घोषणा पत्र जारी करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया था कि रमन सिंह के 15 साल के कार्यकाल के दौरान छत्तीसगढ़ के हर क्षेत्र में विकास के प्रतिमान गढ़े गए हैं जबकि कांग्रेस का पिछले 5 वर्ष का राज भ्रष्टाचार से भरा रहा है। भाजपा के बाद अब सबको कांग्रेस के घोषणा पत्र का बेसब्री से इंतजार है।

Tags:    

Similar News