No Confidence Motion: मणिपुर और अविश्वास प्रस्ताव पर CM हिमंत का पलटवार- पूर्वोत्तर में कांग्रेस के हाथ खून से रंगे हैं

Himanta Biswa Sarma Slams Congress: पूर्वोत्तर राज्यों की अनदेखी, मणिपुर हिंसा और अविश्वास प्रस्ताव के मुद्दे पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर पलटवार किया है।

Update: 2023-08-08 16:12 GMT
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Social Media)

Himanta Biswa Sarma Slams Congress: विपक्षी पार्टियों द्वारा मणिपुर मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरे जाने पर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा (CM Himanta Biswa Sarma) ने पलटवार किया है। असम से कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने मंगलवार (08 अगस्त) को लोकसभा में केंद्र के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव (No Confidence Motion) पर चर्चा की शुरुआत की। इस दौरान गोगोई ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा था। असम के मुख्यमंत्री ने इसी का जवाब दिया।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार देर शाम मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, 'जब अविश्वास प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोलेंगे, तब उनका ज्ञान देखना।' हिमंत बिस्वा ने अपने आरोप में यहां तक कहा कि, 'पूर्वोत्तर में कांग्रेस के हाथ खून से रंगे हैं।'

और क्या कहा हिमंत बिस्वा ने?

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आगे कहा, 'आप बताइये कि कब प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वोत्तर क्षेत्र को नजरअंदाज किया है? बल्कि, उन्होंने 60 बार पूर्वोत्तर का दौरा किया। उन्हें यहां के हालात के बारे में सब कुछ पता है। वो सब जानते हैं। वो हर चीज का मार्गदर्शन कर रहे हैं। हमें पता है कि वह कमांड में हैं। जब प्रधानमंत्री संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब देंगे, तब उनका ज्ञान देखना। तब आपको एहसास होगा कि मेरे और उनके दिल में क्या है।'

'कांग्रेस के हाथ खून से रंगे हैं'

एक समाचार एजेंसी की खबर के अनुसार, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने कहा कि, वो साफ और स्पष्ट शब्दों में कहना चाहते हैं कि 'आज़ादी के समय से उनके क्षेत्र में कई विवादों का हल इसलिए हो सका, क्योंकि शुरुआती साल में कांग्रेस पार्टी की ओर से गलत नीतियों को अपनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि चाहे नगालैंड (Nagaland), मिजोरम (Mizoram), असम (Assam), मणिपुर (Manipur) हो या पूर्वोत्तर के अन्य क्षेत्र हों। कांग्रेस के हाथ खून से रंगे हुए हैं।'

CM हिमंता- इंदिरा को चीनी सेना गिरफ्तार कर लेगी

सीएम हिमंत बिस्वा ने मीडिया से देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू (Jawaharlal Nehru) का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, नेहरू जी कभी असम नहीं आए। इंदिरा गांधी (Indira Gandhi) जब पीएम बनीं तो उन्होंने नेली का दौरा किया। तब न्यूयार्क टाइम्स के रिपोर्टर ने उनसे पूछा था कि, क्या आप इसकी जिम्मेदारी लेगीं? उन्होंने साफ मना कर दिया। सीएम हिमंत कहते हैं, कांग्रेस पार्टी का इतिहास खूनी रहा है। वो आगे कहते हैं, पुपुल जयकर (Pupul Jaykar) ने लिखा है कि इंदिरा गांधी जब भी पूर्वोत्तर आना चाहीं, नेहरू ने उन्हें मना कर दिया। नेहरू का मानना था कि इंदिरा को चीनी सेना गिरफ्तार कर लेगी।'

फखरुद्दीन अली अहमद से मनमोहन सिंह तक

मुख्यमंत्री हिमंत ने फखरुद्दीन अली अहमद (Fakhruddin Ali Ahmed) की भी चर्चा की। उन्होंने कहा, फखरुद्दीन अली तेजपुर से इसलिए चले गए थे क्योंकि उन्हें लगा कि अगले दिन चीनी सेना आने वाली है। उन्होंने कहा, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी कोकराझार में सिर्फ एक घंटे के लिए आए। उन्होंने सवालिए लहजे में पूछा, क्या आपको लगता है कि एक घंटे के दौरे से 'हीलिंग टच' दिया जा सकता है?'

'BJP, कांग्रेस के गलत फैसलों को झेल रही'

असम के मुख्यमंत्री ने आगे कहा, 'अगर आज पूर्वोत्तर में अलग-अलग जातियां लड़ रही हैं, तो ये आपकी (कांग्रेस) गलती है। यदि आपने पहले ही सही तरीके से राज्यों का बंटवारा और निपटान किया होता तो आज ये दिन न देखना पड़ता। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने नॉर्थ ईस्ट में वॉर जोन (war zone in north east) जैसी स्थिति पैदा कर दी है। जब 1993 में 1,100 लोगों को मार दिया गया, तब कांग्रेस के किसी प्रधानमंत्री ने वहां का दौरा किया था क्या?'

Tags:    

Similar News