Nitish Kumar: सीएम नीतीश कुमार ने अपने आवास पर आज मनाई होली, प्रदेशवासियों से की सौहार्द बनाए रखने की अपील

Nitish Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को अपने सरकारी आवास, 1 अण्णे मार्ग पर धूमधाम से होली का त्योहार मनाया।;

Update:2025-03-15 19:19 IST

Nitish Kumar

Nitish Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को अपने सरकारी आवास, 1 अण्णे मार्ग पर धूमधाम से होली का त्योहार मनाया। इस अवसर पर उन्होंने राज्यवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि होली सामाजिक समरसता, प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि यह पवित्र त्योहार प्रदेशवासियों के जीवन में खुशियों के नए रंग लेकर आए। उन्होंने कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और इसे पूरे सौहार्द के साथ मनाना चाहिए।

होली के रंग में रंगे राजनीतिक दिग्गज

मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस होली मिलन समारोह में प्रदेश के कई दिग्गज नेता, मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, सांसद संजय कुमार झा और विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

प्रशासनिक अधिकारी भी रहे मौजूद

होली मिलन कार्यक्रम में बिहार प्रशासनिक सेवा के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शरीक हुए। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि और अपर पुलिस महानिदेशक सुनील कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री से मिलकर उन्होंने शुभकामनाएँ दीं और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार का आनंद लिया।

नीतीश कुमार ने अपने आवास पर कार्यकर्ताओं और आम जनता से मुलाकात कर उन्हें भी होली की बधाई दी। मुख्यमंत्री से मिलकर आए लोगों ने खुशी जाहिर की और उनके साथ होली के रंग में सराबोर हुए। इस मौके पर संगीत और पारंपरिक होली गीतों की भी धूम रही, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया।


Tags:    

Similar News