Donate For Desh: कांग्रेस ने शुरू किया चंदा जुटाने का बड़ा अभियान, खड़गे ने ट्रांसफर किए 1.38 लाख रुपये, 2024 की जंग की तैयारी

Donate For Desh: पार्टी के लिए चंदा जुटाने के अभियान की शुरुआत करते हुए खड़गे ने पार्टी के खाते में 1,38,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। कांग्रेस का स्थापना दिवस 28 दिसंबर को है और यह अभियान उस तारीख तक चलाया जाएगा।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-12-18 06:48 GMT

Donate For Desh  (photo: social media )

Donate For Desh: लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस ने आज पार्टी की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने के लिए चंदा जुटाने का बड़ा अभियान शुरू किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस अभियान की शुरुआत की जिसे 'डोनेट फॉर देश' नाम दिया गया है। पार्टी के लिए चंदा जुटाने के अभियान की शुरुआत करते हुए खड़गे ने पार्टी के खाते में 1,38,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। कांग्रेस का स्थापना दिवस 28 दिसंबर को है और यह अभियान उस तारीख तक चलाया जाएगा।

इस मौके पर खड़गे ने कहा कि कांग्रेस पहली बार देश के लिए दान करने का अनुरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर आप लगातार अमीर लोगों पर निर्भर रहेंगे तो आपको उनकी नीतियों और शर्तों को मानने के लिए मजबूर भी होना पड़ेगा। इसीलिए पार्टी देश के आम लोगों से मदद मांग रही है।

Mission 2024: कांग्रेस कल शुरू करेगी चंदा जुटाने का बड़ा अभियान, 2024 की जंग की तैयारी शुरू, भाजपा ने कसा तंज-धीरज साहू से मांग लीजिए ना

लोकसभा चुनाव पर पार्टी की निगाहें

कांग्रेस को उम्मीद है कि इस अभियान के जरिए वह अच्छी खासी रकम जुटाने में कामयाब होगी जिससे अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में मदद मिलेगी। मौजूदा समय में आर्थिक मजबूती के मामले में भाजपा कांग्रेस से काफी आगे है।

यही कारण है कि कांग्रेस ने अब पार्टी को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का फैसला किया है। ‘डोनेट फॉर देश' अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर चंदा इकट्ठा करेंगे। हर बूथ से कम से कम दस घरों से चंदा लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सबसे कम चंदा 138 रुपये का

कांग्रेस मुख्यालय में अभियान के बारे में जानकारी देते हुए संगठन महासचिव कैसी वेणुगोपाल और कोषाध्यक्ष अजय माकन ने बताया कि इस अभियान में 18 साल से ज्यादा उम्र के सभी भारतीय हिस्सा ले सकते हैं। वे कम से कम 138 रुपये पार्टी को चंदे के तौर पर दे सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से लोग 138 रुपये,1,380 रुपये, 13,800 रुपये या फिर इससे 10 गुना राशि चंदे के रूप में दे सकते हैं।

महात्मा गांधी से प्रेरित है यह अभियान

वेणुगोपाल ने बताया कि इस अभियान को डोनेट फॉर देश नाम दिया गया है। यह पहल 1920-21 में महात्मा गांधी के ऐतिहासिक 'तिलक स्वराज कोष' से प्रेरित है और इसका उद्देश्य संसाधनों के समान वितरण और अवसरों से समृद्ध भारत का निर्माण करने के लिए पार्टी को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटियों और सोशल मीडिया के जरिए इस अभियान को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

यह अभियान 28 दिसंबर तक ऑनलाइन चलाया जाएगा। इस बार स्थापना दिवस के मौके पर नागपुर में बड़ी रैली का आयोजन भी होगा जिसमें 10 लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इस रैली के लिए पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

चंदा जुटाने के लिए दो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म

लोगों से चंदा जुटाने के लिए कांग्रेस की तरफ से दो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार किए गए हैं। इसमें से पहला प्लेटफॉर्म डोनेशन के लिए बनाई गई वेबसाइट donateinc.in है, जबकि दूसरा प्लेटफॉर्म कांग्रेस की ऑफिशियल वेबसाइट inc.in है। कांग्रेस सूत्रों ने बताया की वेबसाइट के होमपेज पर यूजर्स को डोनेट नाउ का ऑप्शन मिलेगा। इस पर क्लिक करने पर दान करने वाले पैसे को चुनने का ऑप्शन आ जाएगा।

इसके बाद सारे विवरणों को भरते हुए कांग्रेस को आर्थिक मदद दी जा सकती है। होम पेज पर एक संदेश लिखकर लोगों को आकर्षित करने की कोशिश की भी की गई है। इस संदेश में लिखा है कि बेहतर भारत के लिए 138 सालों से लड़ाई लड़ी जा रही है और यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

Tags:    

Similar News