Congress President Election : खड़गे-थरूर की किस्मत वैलेट बॉक्स में बंद, 19 अक्टूबर को आएंगे नतीजे

Congress President Election : कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आज वोट डाले गए। पार्टी के अध्यक्ष पद पर दो दिग्गज नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला है। नतीजे 19 अक्टूबर को आएंगे।

Written By :  Anshuman Tiwari
Written By :  aman
Update: 2022-10-17 10:45 GMT

कांग्रेस अध्यक्ष के लिए मतदान आज- मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला: Photo- Social Media

Congress President Election 2022 17 October कांग्रेस में लंबे समय बाद अध्यक्ष पद चुनाव के लिए आज वोट डाले गए। पार्टी के अध्यक्ष पद पर दो दिग्गज नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर (Mallikarjun Kharge vs Shashi Tharoor) के बीच मुकाबला है। देशभर के 36 केंद्रों पर बनाए गए 67 बूथों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान हुआ। कांग्रेस प्रतिनिधियों को अपनी पसंद के उम्मीदवार के नाम के आगे टिक मार्क लगाना था। आज सोनिया, प्रियंका और राहुल गांधी समेत कई दिग्गज कांग्रेस नेताओं ने मतदान किया। 19 अक्टूबर को अध्यक्ष पद चुनाव के नतीजे आएंगे।

कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण की देखरेख में होने वाले इस चुनाव में करीब 9800 डेलीगेट्स को अपने मताधिकार का उपयोग करना था। अभी तक अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहीं सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और पार्टी के कई अन्य महत्वपूर्ण नेताओं ने नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मतदान किया। जबकि भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी ने कर्नाटक के बेल्लारी में अपना वोट डाला। आपको बता दें, कि कांग्रेस पार्टी के अब तक के 137 साल के इतिहास में छठी बार चुनावी मुकाबला देखने को मिल रहा है।

Congress President Election 2022 17 October Live Update :

मतदान की प्रक्रिया खत्म, 90 फीसदी वोटिंग

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में मतदान की प्रक्रिया शाम 4 खत्म हो गई। करीब 90 प्रतिशत मतदान हुआ है। अब सबकी नजर 19 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर टिकी है। उस दिन नतीजे आने के बाद तय होगा कि कांग्रेस की कमान किसके हाथ रहेगी। 

लखनऊ में भी कई हस्तियों ने की वोटिंग 

लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए मतदान हुआ। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ब्रजलाल खाबरी, आराधना मिश्रा मोना, आचार्य प्रमोद कृष्णम, पूर्व विधायक अजय राय समेत तमाम सदस्यों ने मतदान किया।




3 बजे तक 71 प्रतिशत वोटिंग

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान जारी है। इस चुनाव में दोपहर 3 बजे तक करीब 71 प्रतिशत मतदान हुआ है।

वेणुगोपाल बोले- नहीं होगा 'रबर स्टैंप' अध्यक्ष

अध्यक्ष पद के चुनाव के बीच कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल (Congress General Secretary KC Venugopal) ने कहा, कि यह पूरी कांग्रेस के लिए गर्व का क्षण है। हम पार्टी अध्यक्ष का चुनाव करने के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हैं। कांग्रेस ही पार्टी अध्यक्ष चुन सकती है। हम असली लोकतंत्र का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, कोई भी 'रबर स्टांप अध्यक्ष' नहीं होगा।

आने लगे पार्टी नेताओं के बयान, खड़गे की जीत की आस

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर अलग-अलग नेताओं के बयान भी सामने आने लगे हैं। इसी कड़ी में कर्नाटक के पूर्व सीएम सिद्धारमैया ने कहा, उम्मीद है कि मल्लिकार्जुन खड़गे भारी बहुमत से जीतेंगे। जबकि, सचिन पायलट ने कहा कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव का पूरे देश में असर देखने को मिलेगा। 

खुर्शीद बोले- 'नया अध्यक्ष तय करेगा आगे का विजन'

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए जारी मतदान के बीच यूपीए सरकार ,में कानून मंत्री और विदेश मंत्री का पद संभाल चुके सलमान खुर्शीद ने कहा 'पार्टी का नया अध्यक्ष तय करेगा आगे का विजन'। 

पटना में 594 डेलीगेट्स वोट डालने सदाकत आश्रम पहुंचे

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर पटना में भी मतदान जारी है। वोटिंग सोमवार सुबह 11 बजे शुरू हुआ। पटना के सदाकत आश्रम (Sadaqat Ashram) में मतदान का कार्य चल रहा है। इसमें बिहार प्रदेश के कमिटि से जुड़े प्रतिनिधि वोटिंग कर रहे हैं। बिहार से कुल 594 वोटिंग कार्ड वाले डेलिगेट्स ही वोट डालेंगे। इसके अलावा किसी को भी सदाकत आश्रम में प्रवेश की इजाजत नहीं दी गई है। इस पूरी व्यवस्था की तैयारी बिहार प्रभारी भक्त चरण दास की निगरानी में हुआ।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार, आज वोटिंग के लिए डेलीगेट्स अपना कार्ड लेकर आ रहे हैं और वोटर लिस्ट से उनके नाम का मिलान किया जा रहा है। इसके बाद उन्हें पर्ची दी जा रही है। इसे जमा करने के बाद वहां से उन्हें बैलेट पेपर मिल रहा है। इसके बाद प्रत्याशी के नाम पर मुहर लगाकर बॉक्स में गिराया जा रहा है। बता दें कांग्रेस अध्यक्ष पद के के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला है। बिहार में खड़गे के 6 चुनावी एजेंट, विधायक शकील अहमद खान, राजेश कुमार, आनंद शंकर के साथ अमिता भूषण, कुमार आशीष, ब्रजेश पांडेय बनाए। वहीं शशि थरूर के लिए अप्पू तिवारी, तारिक रजा, अमित बसाक को चुनावी एजेंट बनाया गया है।

तारिक अनवर- यह पार्टी की आंतरिक लोकतंत्र को दर्शाता है

वहीं, इस मामले में तारिक अनवर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस पार्टी एक ऐसा दल है, जो देश में जो चुनाव कराती है। उसका जीता जागता उदाहरण आज आप देख रहे हैं। लोग लाइन में लगकर वोट देने आ रहे हैं। देशभर में हमारे करीब 9800 वोटर हैं। वो आज नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। इससे यह बात स्पष्ट हो जाती है कि कांग्रेस के अंदर लोकतंत्र है। लोग अपनी मर्जी से वोट डालेंगे किसी पर कोई दबाव नहीं है।

शोक गहलोत ने कहा- भारी मतों से जीतेंगे खड़गे

वहीं, मतदान के बीच राजस्थान से सीएम अशोक गहलोत ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे के पक्ष में बयान दिया। उन्होंने कहा, 'खड़गे भारी बहुमत से जीतेंगे। खड़गे अनुभवी व्यक्ति हैं। उन्हें राजनीति का काफी अनुभव रहा है। इसी दौरान गहलोत ने कांग्रेस पार्टी छोड़ने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी छोड़कर गए हैं, वे अवसरवादी लोग हैं।'

थरूर ने किया मतदान, बोले- अब काउंटिंग का इंतजार

कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने भी आज मतदान किया। वोटिंग के बाद थरूर मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा, 'मैंने मतदान कर दिया है। अब मैं 19 अक्टूबर को होने वाली मतगणना की प्रतीक्षा कर रहा हूं।'

'कुछ लड़ाइयां हम इसलिए भी लडते हैं कि..

इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने एक ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने लिखा कि, 'कुछ लड़ाइयां हम इसलिए भी लडते हैं कि इतिहास याद रख सके कि वर्तमान मूक न था।' उनके इस ट्वीट के कई मायने हैं। इसे कई अर्थों में देखा जा रहा है।

राहुल गांधी बेल्लारी में डाला वोट

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। इस दौरान कर्नाटक के बेल्लारी में आज वो मतदान के लिए पहुंचे। राहुल के साथ कांग्रेस के करीब 40 नेताओं ने मतदान किया कांग्रेस नेता की लाइन में खड़े एक तस्वीर भी सामने आई है। 

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने किया मतदान

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी आज कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वोट डाला।

-कांग्रेस सांसद पी चिदंबरम, जयराम रमेश और पार्टी के अन्य नेताओं ने दिल्ली में एआईसीसी कार्यालय में वोट डाला। 


-कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष के लिए वोट डालकर निकले कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा- 'कांग्रेस पार्टी अपने अध्यक्ष के लिए चुनाव कराने वाली एकमात्र राजनीतिक पार्टी है। यह एक ऐतिहासिक दिन है। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बेल्लारी में वोट डालेंगे।'

-सोनिया-प्रियंका गांधी ने किया मतदान

कांग्रेस में नए अध्यक्ष पद के लिए आज वोटिंग हो रहा है। राजधानी दिल्ली स्थित कांग्रेस दफ्तर में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा महासचिव प्रियंका गांधी ने भी मतदान किया।


प्रमोद तिवारी का थरूर पर निशाना

दूसरी तरफ, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने अध्यक्ष पद के लिए हो रहे चुनाव के दौरान शशि थरूर के 'कांग्रेस को पुनर्जीवित' करने वाले बयान पर कहा, कि मैं बेहद दुखी हूं, कि वे इस तरह के बयान दे रहे हैं। तिवारी ने शशि थरूर पर निशाना साधते हुए कहा कि, उनकी हिंदी शायद कमजोर है। इसलिए वो इस तरह की बातें कर रहे हैं। मैं उनके इस बयान का खुलकर विरोध करता हूं। साथ ही, उन्होंने कहा कि, मैं खुलकर कह रहा हूं, खड़गे को ही वोट करूंगा। तिवारी के अनुसार यूपी कांग्रेस के 99 प्रतिशत सदस्य मल्लिकार्जुन खड़गे को ही समर्थन दे रहे हैं।

खड़गे ने किया मतदान

कांग्रेस अध्यक्ष पद के महत्वपूर्ण उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी मतदान किया।

गांधी परिवार से रिश्ते पर ये बोले गहलोत

वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कहा, कि आज का दिन ऐतिहासिक है। कांग्रेस में 22 साल बाद अध्यक्ष पद के लिए मतदान हो रहा है। इस चुनाव ने कांग्रेस में आंतरिक सद्भाव का संदेश दिया है। अशोक गहलोत ने आगे कहा, 'मेरे रिश्ते 19 अक्टूबर के बाद भी गांधी परिवार से वैसे ही रहेंगे।' 

खड़गे की स्थिति क्यों है मजबूत

कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव में मतदाताओं को मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच अपनी पसंद बतानी है। थरूर की ओर से दावा किया गया है कि पार्टी के पुराने और बुजुर्ग नेताओं का समर्थन खड़गे के साथ है जबकि युवा मतदाता उन्हें समर्थन दे रहे हैं। दोनों नेताओं ने कांग्रेस प्रतिनिधियों का समर्थन हासिल करने के लिए विभिन्न राज्यों की राजधानियों का दौरा किया है। वैसे चुनाव में थरूर के मुकाबले खड़गे की स्थिति मजबूत मानी जा रही है।

कांग्रेस के अधिकांश कद्दावर नेताओं का समर्थन खड़के के साथ ही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तो बाकायदा वीडियो जारी करते हुए खड़गे को समर्थन देने की अपील की है। हालांकि उनकी इस अपील पर विवाद भी पैदा हो गया है क्योंकि इसे कार्ड लाइन का उल्लंघन माना जा रहा है।

अध्यक्ष पद के चुनाव में गांधी परिवार की ओर से किसी भी उम्मीदवार के समर्थन की अपील नहीं की गई है मगर गांधी परिवार का समर्थन खड़गे को ही बताया जा रहा है। हालांकि उन्हें आधिकारिक उम्मीदवार बताए जाने पर थरूर पहले ही आपत्ति जता चुके हैं। उनकी यह भी शिकायत है कि विभिन्न राज्यों के दौरे के समय प्रदेश अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी उनसे मिलने नहीं आए जबकि खड़गे की बैठकों में सभी की मौजूदगी बनी रही।

यूपी में मतदान के लिए छह बूथ

कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए दिल्ली में दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से एक 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में होगा जबकि दूसरा दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में होगा। उत्तर प्रदेश में वोटिंग के लिए 6 बूथ बनाए गए हैं। मतदान के बाद सभी राज्यों से मतपेटियां दिल्ली लाई जाएंगी और पार्टी मुख्यालय में 19 अक्टूबर को मतगणना के बाद चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे।

कांग्रेस में 22 साल बाद चुनाव

कांग्रेस में 22 साल बाद अध्यक्ष पद का चुनाव हो रहा है। पिछले 24 वर्षों के दौरान यह पहला मौका होगा जब गांधी परिवार से बाहर का कोई नेता पार्टी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेगा। 1998 से ही कांग्रेस के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी गांधी परिवार के पास रही है। 2000 में हुए चुनाव में सोनिया गांधी ने जितेंद्र प्रसाद को करारी शिकस्त दी थी।

लंबे समय तक सोनिया गांधी ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली जबकि बीच में करीब दो वर्षों तक राहुल गांधी ने भी इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संभाला। 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद से सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष के रूप में पार्टी की जिम्मेदारी संभालती रही हैं।

बैलट पेपर पर लगाना होगा टिक मार्क

कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री के मुताबिक मतदान की पूरी प्रक्रिया गोपनीय होगी। किसी को भी यह जानकारी नहीं मिल सकेगी कि किस प्रतिनिधि ने किस उम्मीदवार को वोट डाला है। मतदान के दौरान अपनी पसंद के उम्मीदवार के नाम के सामने टिक मार्क लगाना होगा। पहले अपनी पसंद के उम्मीदवारों के नाम के आगे एक और दो लिखने को कहा गया था मगर थरूर कैंप की आपत्ति के बाद टिक मार्क लगाने का निर्देश जारी किया गया है।

कोई अन्य निशानिया नंबर लिखने पर वोट अवैध माना जाएगा। मतदान के बाद सभी सीलबंद भक्तों को दिल्ली स्थित एआईसीसी मुख्यालय के स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। 19 अक्टूबर को मतगणना के समय मत पत्रों का मिलान भी किया जाएगा।

रिमोट कंट्रोल पर खड़गे का अहम बयान

इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में मजबूत माने जा रहे मल्लिकार्जुन खड़गे ने गांधी परिवार को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है। बेंगलुरु में मीडिया से बातचीत के दौरान गांधी परिवार के रिमोट कंट्रोल से पार्टी को चलाने के संबंध में सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यदि वे अध्यक्ष बनने में कामयाब होते हैं तो गांधी परिवार से सलाह लेने में उन्हें तनिक भी शर्म महसूस नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए गांधी परिवार ने काफी संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी से पहले भी इस परिवार ने पार्टी को ताकत देने का काम किया है।

इस कड़ी में उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के नाम का उल्लेख करते हुए कहा कि नेहरू-गांधी परिवार ने पार्टी को ही नहीं बल्कि देश को मजबूत बनाने में भी बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार के पास रिमोट कंट्रोल होने की बात भाजपा की ओर से फैलाई जा रही है क्योंकि इस पार्टी के पास कोई दूसरा मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि वे गांधी परिवार से सलाह मशविरा करके ही पार्टी को चलाने की कोशिश करेंगे।

Tags:    

Similar News