Rahul Gandhi की न्याय यात्रा आज MP में करेगी एंट्री, लोकसभा चुनाव से पहले ताकत दिखाने की तैयारी

Bharat Jodo Nyay Yatra: लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में राहुल की इस यात्रा को सियासी नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-03-02 02:48 GMT

Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra   (photo: social media)

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज मध्य प्रदेश पहुंचेगी। राहुल की यह यात्रा राजस्थान के धौलपुर जिले से मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में प्रवेश करेगी। मध्य प्रदेश में राहुल की यात्रा पांच दिन रहेगी। मुरैना से शुरू होकर यह यात्रा ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, राजगढ़, शाजापुर, उज्जैन होते हुए रतलाम के बाद फिर राजस्थान में दाखिल होगी। लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में राहुल की इस यात्रा को सियासी नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस यात्रा के जरिए कांग्रेस मध्य प्रदेश में अपनी ताकत दिखाने की कोशिश में जुटी हुई है। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में अपनी ताकत दिखाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से यात्रा के जोरदार स्वागत की तैयारियां की गई हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और उमंग सिंघार समेत कांग्रेस के सभी छोटे-बड़े नेता यात्रा में शामिल होंगे।

यात्रा के जोरदार स्वागत की तैयारियां

राहुल गांधी की न्याय यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के लिए कांग्रेस की ओर से 23 कमेटियों का गठन किया गया है। कांग्रेस के विभिन्न नेताओं को इन कमेटियों की कमान सौंपी गई है। मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में यात्रा के जोरदार स्वागत की तैयारियां हैं। राहुल गांधी ने यात्रा से पांच दिनों का ब्रेक लिया था और वे विदेश दौरे पर गए थे। विदेश दौरे से लौटने के बाद एक बार फिर वे यात्रा के जरिए कांग्रेस की ताकत दिखाने की कोशिश में जुट गए हैं।

सिंधिया के गढ़ में ताकत दिखाएंगे राहुल

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज दोपहर करीब डेढ़ बजे राजस्थान के धौलपुर से मुरैना में दाखिल होगी। यह यात्रा 6 मार्च तक मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से होकर गुजरेगी। मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता केके मिश्रा ने बताया कि आज शाम को यह यात्रा ग्वालियर पहुंचेगी।

ग्वालियर में राहुल गांधी रोड शो के जरिए अपनी ताकत दिखाएंगे और बाद में हजीरा के मैदान में सार्वजनिक सभा को भी संबोधित करेंगे। ग्वालियर को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का गढ़ माना जाता है। इसलिए इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी ने पूरी ताकत लगा रखी है।

रविवार को राहुल गांधी मोरखेड़ा में आदिवासी समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगे।

यात्रा रविवार को करीब दो बजे शिवपुरी जिले में पहुंचेगी। इसके बाद गुना, राजगढ़, शाजापुर, उज्जैन, धार और रतलाम जिलों से गुजरते हुए फिर से राजस्थान में प्रवेश करेगी।

पार्टी में एकजुटता का संदेश देगी यात्रा

देश में जल्द ही लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने वाला है। मध्य प्रदेश में हाल में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने बड़ी जीत हासिल करते हुए कांग्रेस को करारा झटका दिया था। ऐसे में कांग्रेस लोकसभा चुनाव के दौरान हिसाब बराबर करने की कोशिश में जुटी हुई है। राहुल गांधी की न्याय यात्रा के जरिए पार्टी का शीर्ष नेतृत्व एकजुटता का संदेश देने की कोशिश करेगा।

दरअसल पिछले दिनों कांग्रेस के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुलनाथ के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। कमलनाथ समर्थक विधायकों के नाराजगी की बात भी सामने आई थी। हालांकि अब कमलनाथ ने भाजपा में शामिल होने की अटकलों को खारिज कर दिया है।

हाल के दिनों में कमलनाथ कांग्रेस के बड़े कार्यक्रमों से दूर रहे हैं मगर राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल होकर वे पार्टी में एकजुटता का संदेश देंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने यात्रा की कामयाबी के लिए पिछले दिनों कई इलाकों का दौरा किया था और अब यह देखने वाली बात होगी कि उनकी कोशिशों का क्या असर दिखता है। सियासी जानकारों का मानना है कि यात्रा के जरिए पार्टी लोकसभा चुनाव में अपनी संभावनाओं को मजबूत बनाने की कोशिश करेगी।

Tags:    

Similar News