Bharat Nyay Yatra: भारत जोड़ो के बाद अब 'भारत न्याय यात्रा' निकालेगी कांग्रेस, मणिपुर टू मुंबई 6200 किमी की होगी यात्रा

Congress Bharat Nyay Yatra: राहुल गांधी की अगुवाई में निकलने वाली इस यात्रा की शुरुआत अगले साल 14 जनवरी को होगी जबकि यात्रा का समापन 20 मार्च को होगा।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-12-27 05:48 GMT

Rahul Gandhi Bharat Nyay Yatra (photo: social media )

Congress Bharat Nyay Yatra: लोकसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही कांग्रेस ने कमर कसनी शुरू कर दी है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिले जनसमर्थन से उत्साहित कांग्रेस अब भारत न्याय यात्रा निकालने की तैयारी में जुट गई है। 6200 किलोमीटर लंबी कांग्रेस की यह न्याय यात्रा मणिपुर से मुंबई तक निकल जाएगी। राहुल गांधी की अगुवाई में निकलने वाली इस यात्रा की शुरुआत अगले साल 14 जनवरी को होगी जबकि यात्रा का समापन 20 मार्च को होगा। हालांकि पार्टी ने अभी तक यात्रा की अगुवाई को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।

इस यात्रा के दौरान कांग्रेस विभिन्न इलाकों के लोगों से पार्टी का जुड़ाव और मजबूत बनाने की कोशिश करेगी। इसे लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की बड़ी चुनावी रणनीति माना जा रहा है। इससे पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को भी विभिन्न प्रदेशों में व्यापक जनसमर्थन हासिल हुआ था। हालांकि हाल में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को तीन हिंदी भाषी राज्यों में करारी हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी सिर्फ तेलंगाना में सत्ता हासिल करने में कामयाब हुई थी। अब पार्टी को भारत न्याय यात्रा से अपनी सियासी स्थिति मजबूत होने की पूरी उम्मीद है।

14 जनवरी को होगी यात्रा की शुरुआत

कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर जनसंपर्क की नई कवायद शुरू करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 14 जनवरी को मणिपुर में हरी झंडी दिखाकर कांग्रेस की भारत न्याय यात्रा की शुरुआत करेंगे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि यह यात्रा 6200 किलोमीटर लंबी होगी और 14 जनवरी से शुरुआत के बाद 20 मार्च को यात्रा का समापन होगा।

14 राज्यों को कवर करेगी कांग्रेस की यात्रा

मणिपुर से मुंबई तक निकलने वाली कांग्रेस की यह यात्रा 14 राज्यों से होकर गुजरेगी। वेणुगोपाल और पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि बताया कि पार्टी की यह न्याय यात्रा 14 राज्यों से गुजरने के दौरान 85 जिलों को कवर करेगी।

मणिपुर से शुरू होने के बाद यह यात्रा असम, नागालैंड, मेघालय, बिहार, झारखंड, बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, यूपी, राजस्थान, गुजरात के बाद महाराष्ट्र में मुंबई पहुंचकर समाप्त होगी।इस यात्रा में राहुल गांधी युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर पड़े लोगों से मुलाकात करने वाले हैं।

कांग्रेस को लोगों का समर्थन मिलने की उम्मीद

जानकार सूत्रों का कहना है कि यात्रा के दौरान कुछ दूरी बस से तो कुछ दूरी पैदल तय की जाएगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारत न्याय यात्रा का मकसद राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक न्याय है। पार्टी बड़े लक्ष्य को लेकर यह यात्रा निकालने जा रही है और यात्रा को देशवासियों का बड़ा समर्थन हासिल होने की उम्मीद है।

यात्रा की शुरुआत से पहले कल नागपुर में पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा। इस महारैली के जरिए पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव का शंखनाद करेगी।

मणिपुर से शुरुआत का सियासी मकसद

मणिपुर से भारत नया यात्रा की शुरुआत के पीछे बड़ा सियासी मकसद माना जा रहा है। इसी साल मई महीने में हिंसक घटनाओं और जातीय टकराव के कारण मणिपुर लगातार सुर्खियों में रहा था। संवेदनशील हालात को देखते हुए खुद गृह मंत्री अमित शाह को मणिपुर दौरा करना पड़ा था। कूकी और मैतेई समुदाय के टकराव और हिंसा के दौरान 'महिलाओं की नग्न परेड' जैसी शर्मसार करने वाली घटनाएं भी सामने आई थीं।

इस मुद्दे को लेकर संसद में कई दिनों तक भारी हंगामा हुआ था और विपक्ष ने मोदी सरकार पर जमकर हमले किए थे। मणिपुर में यात्रा की शुरुआत के जरिए कांग्रेस पूर्वोत्तर के राज्यों में अपनी कमजोरी हो रही पकड़ को मजबूत भी बनना चाहती है।

क्या थी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा

कांग्रेस ने इससे पूर्व राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी। इस यात्रा की शुरुआत 7 सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से हुई थी और यात्रा का समापन करीब 5 महीने बाद श्रीनगर में हुआ था। 3570 किलोमीटर की इस यात्रा के दौरान 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया गया था। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी की अगुवाई में सैकड़ो लोग कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चले थे। कांग्रेस पार्टी का कहना था कि घृणा, नफरत और कट्टरता की राजनीति से लड़ने के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाली गई थी। अब राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक न्याय के मकसद से भारत न्याय यात्रा की शुरुआत की जा रही है।

Tags:    

Similar News