कोरोना का कहर: देश में तेजी से फैल रहा वायरस, जानिए राज्यों का हाल

देश में कोरोना की दूसरी लहर ने सरकार को चिंता में डाल दिया है। ऐसे में जरा सी भी लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है।

Update: 2021-03-31 03:29 GMT

कोरोना का कहर: देश में तेजी से फैल रहा वायरस, जानिए राज्यों का हाल (फोटो-  न्यूजट्रैक)

नई दिल्ली: देश में एक बार फिर से बढ़ते कोरोना वायरस के मामले डराने लगे हैं। महामारी की दूसरी लहर ने सरकार को चिंता में डाल दिया। ऐसे वक्त में जरा सी भी लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है। इसे लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी चेताया है। भारत में लगातार सक्रिय मामले बढ़ते जा रहे हैं। जिसे लेकर केंद्र से लेकर राज्य सरकारें एहतियाती कदम उठा रही हैं।

महाराष्ट्र के आठ जिलों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस

वहीं, कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले राज्यों में महाराष्ट्र पहले नंबर पर है। बता दें कि देश के दस जिलों में ही सबसे ज्यादा सक्रिय मामले हैं। इनमें से आठ जिले (पुणे, मुंबई, नागपुर, ठाणे, नासिक, औरंगाबाद, बंगलूरू, नांदेड, दिल्ली, अहमदनगर) तो केवल महाराष्ट्र के हैं। कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के मद्देनजर राज्यों ने और सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।

 56 हजार से ज्यादा मामले आए सामने 

बता दें कि देश में होली के दिन कम जांच के बावजूद 56 हजार से ज्यादा कोविड-19 पॉजिटिव केस मिले थे। होली के दिन करीब चार लाख कम जांच हुई थी। ऐसे सामान्य दिनों में 11 लाख सैंपल की जांच हो रही थी, जिनमें पांच फीसदी संक्रमित मामले मिल रहे थे। इस वक्त देश में एक्टिव केस 5 लाख 40 हजार 720 हैं। इसी के साथ देश में कुल मामले 1,20,95,855 हो गए हैं। इनमें से 1,62,114 की मौत दर्ज हुई है।

(फोटो- सोशल मीडिया)

जानें राज्यों का हाल

महाराष्ट्र के औरंगाबाद में लॉकडाउन लगाने के फैसले पर सरकार ने फिलहाल रोक लगा दी है। बता दें कि कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मामलों के बीच 31 मार्च से जिले में लॉकडाउन लागू होना था।

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए गुजरात में 30 अप्रैल तक केंद्र के दिशा-निर्देशों को लागू रखा जाएगा। इसके अलावा 15 अप्रैल तक 4 मेट्रो शहरों अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट में नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा। बता दें कि गुजरात में मंगलवार को कोविड-19 के 2 हजार 220 नए मामले सामने आए।

पंजाब में मंगलवार को कोरोना के चलते लागू पाबंदियों की अवधि बढ़ा दी गई हैं। वहीं राज्य में स्कूल व कॉलेज अगले दस दिनों तक और बंद रहेंगे। सूबे के मुख्यमंत्री ने जांच और कोरोना वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाने के आदेश दिए हैं। वहीं, जेलों में अपराधियों का भी टीकाकरण करने का फैसला किया गया है। यहां बीते 24 घंटों में 2,210 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 65 और मौतें दर्ज हुई हैं।

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना के बढ़ते केसेस को देखते हुए कक्षा आठ तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को चार अप्रैल तक बंद रखने के आदेश दिए हैं। साथ ही अन्य विद्यालयों में कोविड प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने कहा है कि कोरोना जांच का कार्य पूरी क्षमता से संचालित किया जाए।

कर्नाटक में भी कोरोना की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। यहां पर मंगलवार को कोविड-19 के 2,975 नए मामले दर्ज किए गए हैं। जिसके बाद राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 9,92,779 तक पहुंच गई है। वहीं, इसी दौरान राज्य में 21 और मौतें दर्ज की गई हैं। जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हजार 541 हो गई।

छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस की रफ्तार को काबू करने के लिए राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में जिला प्रशासन ने रात के वक्त दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। जबकि कई अन्य जिलों में रात्रि में कर्फ्यू लगाने का आदेश है। आदेश के मुताबिक, सभी तरह की स्थायी और अस्थायी दुकानें सुबह छह बजे से रात नौ बजे तक खुलेंगी।

Tags:    

Similar News