Presidential Election 2022: राष्ट्रपति चुनाव में जमकर क्रॉस वोटिंग, जानें किन राज्यों में विपक्ष को लगा झटका

Presidential Election 2022: देश में 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान जारी है। वहीं, जानकारी के मुताबिक विपक्षी खेमे के नाराज विधायकों ने क्रॉस वोटिंग के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2022-07-18 09:46 GMT

द्रौपदी मुर्मू-यशवंत सिन्हा (photo: social media )

Click the Play button to listen to article

Presidential Election 2022: देश में 15वें राष्ट्रपति के चुनाव (Presidential Election 2022) के लिए मतदान जारी है। एनडीए की तरफ से जहां आदिवासी नेता द्रौपदी मूर्मु (Draupadi Murmu) मैदान में हैं तो विपक्ष की तरफ से पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha)। अभी तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi), केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amir Shah) समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री मतदान कर चुके हैं।

इन सबके बीच विभिन्न राज्यों से क्रॉस वोटिंग की खबरें भी आ रही हैं। अभी तक के जानकारी के मुताबिक, विपक्षी खेमे के नाराज विधायकों ने क्रॉस वोटिंग के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की है। इनमें सबसे अधिक कांग्रेस के विधायक हैं।

गुजरात के एनसीपी विधायक कांधल जडेजा (Gujarat NCP MLA Kandhal Jadeja) ने क्रॉस वोटिंग करते हुए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मूर्मु (Draupadi Murmu) के पक्ष में मतदान किया है। इसका ऐलान उन्होंने खुद किया है। बता दें कि गुजरात में इसी साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके अलावा असम और ओडिशा से भी जमकर क्रॉस वोटिंगी की खबरें सामने आई हैं। तो आइए एक नजर क्रॉस वोटिंग वाले राज्यों पर डालते हैं।

ओडिशा

एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मूर्मु (Draupdai Murmu) के गृह राज्य ओडिशा में कांग्रेस विधायक ने क्रॉस वोटिंग किया है। कांग्रेस विधायक मोहम्मद मुकीम (Congress MLA Mohammad Mukim) ने दावा किया है कि उन्होंने मूर्मु को वोट किया है। बताया जा रहा है कि वह प्रदेश अध्यक्ष न बनाए जाने के कारण पार्टी आलाकमान से नाराज हैं। ओडिशा की सत्तारूढ़ पार्टी बीजद ने पहले ही एनडीए उम्मीदवार को समर्थन देने का ऐलान कर दिया था।

यूपी

सबसे अधिक सीटों वाले राज्य उत्तर प्रदेश में भी क्रॉस वोटिंग हुई है। यहां अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की पार्टी सपा से बरेली की भोजीपुरा विधानसभा सीट (Bhojipura assembly seat) से विधायक शहजील इस्लाम (MLA Shahjeel Islam) ने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मूर्मु को वोट किया है। बता दें कि सपा ने यशवंत सिन्हा (Yashwant Sinha) का समर्थन किया है, पार्टी ने एकजुटता के लिए रविवार शाम विधायकों के लिए डिनर का भी आयोजन किया था। मगर फिर भी बीजेपी सेंध लगाने में कामयाब रही।

असम

गत विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव मैदान में उतरने वाली AIUDF ने क्रॉस वोटिंग को लेकर बड़ा दावा किया है। AIUDF के विधायक करिमुद्दीन बारभुइया (MLA Karimuddin Barbhuia) ने दावा किया है कि राष्ट्रपति चुनाव में कांग्रेस के 20 से अधिक विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। उन्होंने कहा कि नतीजों में ये स्पष्ट दिखेगा।

गुजरात

गुजरात में एनसीपी के विधायक कांधल जडेजा ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मूर्मु को वोट किया है। उन्होंने इसका ऐलान भी कर दिया है।

बंगाल में बीजेपी को क्रॉस वोटिंग का डर

अधिकांश राज्यों में जहां विपक्ष के विधायक एनडीए के समर्थन में क्रॉस वोटिंग कर रहे हैं तो वहीं पश्चिम बंगाल में बीजेपी को अपने विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग करने का खतरा लग रहा है। पार्टी ने मतदान से पहले सभी विधायकों को कोलकाता के एक होटल में शिफ्ट किया था, इसके बाद उन्हें वहां से विधानसभा बस में ले जाया गया। बीजेपी ने नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, मनोज तिग्गा और स्वपन मजूमदार को क्रॉस वोटिंग रोकने की जिम्मेदारी दी है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी के 77 विधायक चुनाव जीतकर आए थे, जो अब एक साल के अंदर घटकर 69 पर आ गए हैं।

Tags:    

Similar News