Delhi Liquor Case : संजय सिंह को जमानत मिलने पर नेताओं ने दी प्रतिक्रिया, अखिलेश ने कही ये बड़ी बात

Delhi Liquor Case : द‍िल्‍ली शराब घोटाला में आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। इसे लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।

Written By :  Rajnish Verma
Update: 2024-04-02 12:01 GMT
आप नेता संजय सिंह और अखिलेश यादव (Photo - Social Media)

Delhi Liquor Case : द‍िल्‍ली शराब घोटाला में आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। इसे लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को भी जल्द ही न्याय मिलेगा। 

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सुप्रीम कोर्ट से आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को जमानत दिए जाने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि जिस तरीके से सुप्रीम कोर्ट से संजय सिंह को राहत मिली है, वैसे ही अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को भी न्याय मिलेगा।

पूरी दुनिया में हो रही भाजपा की बदनामी

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि चुने हुए मुख्यमंत्रियों को जेल भेजना के काम भाजपा कर रही है, इससे उसकी पूरी दुनिया में बदनामी हो रही है। इसलिए भाजपा घबराई हुई है, वो चुनाव हारने जा रही है।

चुनाव से पहले गिरफ्तारी, भाजपा की राजनीति का हिस्सा

तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता कुणाल घोष ने कहा कि यह अच्छी खबर है। सुना है सुप्रीम कोर्ट ने ईडी से सवाल पूछा था कि इतने दिन हिरासत में क्यों रखा, जब उनसे कोई बरामदगी नहीं हुई है। सुप्रीम कोर्ट का स्टैंड बहुत मजबूत है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा कि यह गिरफ्तारी लोकसभा चुनाव से पहले गैर भाजपा राज्यों में भाजपा की एजेंसी वाली राजनीति का ही हिस्सा है।

संजय सिंह की पत्नी ने कहा, अभी संघर्ष जारी है...

आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह को जमानत मिलने पर उनकी पत्नी अनीता सिंह ने कहा कि अभी संघर्ष जारी है, जब तक हमारे तीनों भाई बाहर नहीं आ जाते हैं, तब तक हम कोई जश्न नहीं मना रहे हैं, बस न्यायपालिका का धन्यवाद करते हैं। सत्यमेव जयते। उन्होंने कहा कि आज नहीं आएंगे, वे कल तक आएंगे।

दिल्ली की जनता के साथ किया विश्वासघात : अनुराग ठाकुर

वहीं, भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं मोदी सरकार के मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि एक के बाद दूसरा आम आदमी पार्टी का भ्रष्ट नेता जेल गया और कैसे इन्होंने दिल्ली की जनता के साथ विश्वासघात किया, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है... इनके एक नहीं अधिकतर सभी नेता शराब घोटाले में फंसे हुए हैं... कोई 6 महीने से तो कोई डेढ़ साल से जेल में है, यह दिखाता है कि कितनी भ्रष्ट आम आदमी पार्टी है और कितने बेईमान अरविंद केजरीवाल हैं।

अंतिम फैसले तक इंतजार करना चाहिए : विजय चौधरी

वहीं, बिहार सरकार में मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि ऐसे नेता भी हैं जिन्हें ज़मानत नहीं मिल रही है। उसमें भी सत्य की ही जीत हो रही है। ऐसा तो है नहीं कि वे शामिल थे और ये (संजय सिंह) शामिल नहीं थे। इसलिए अंतिम फैसला होने तक सभी को इंतजार करना चाहिए।"

छह माह से जेल में थे बंद

बता दें कि दिल्ली शराब मामले में आम आदमी पार्टी के नेता और सांसद संजय स‍िंह बीते छह महीने से जेल में बंद थे। सुप्रीम कोर्ट से आप नेता को जमानत मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट ने जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से कई सवाल पूछे थे। वहीं, ईडी ने उनकी जमानत याचिका का कोई विरोध नहीं किया है। 

Tags:    

Similar News