Delhi MCD Election: दिल्ली में 4 दिसंबर को होगा MCD चुनाव, 7 दिसंबर को आयेंगे नतीजे

Delhi MCD Election: दिल्ली में तीनों नगर निगमों का एकीकरण कर दिया गया है। राष्ट्रीय राजधानी में नगर निगम (MCD Elections 2022) चुनाव के वार्डों की कुल संख्या 272 से घटकर 250 हो गई है, जिनमें से 42 को आरक्षित करने का निर्णय लिया गया है।

Report :  Network
Update: 2022-11-04 10:57 GMT

दिल्ली में MCD चुनाव की तारीखों का ऐलान (Pic: Social Media)

Delhi MCD Election Date Announced: दिल्ली में एमसीडी के चुनावों की तारीखों का ऐलान हो गया है। 4 दिसंबर को दिल्ली में एमसीडी के चुनाव होंगे, जिसके नतीजे 7 दिसंबर को आयेंगे। 7 नवंबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरु कर दी जायेगी। 19 नवंबर नामांकन वापसी के लिये आखिरी तारीख होगी। सुबह 8 से शाम साढ़े 5 बजे तक वोटिंग होगी।

दिल्ली राज्य चुनाव आयोग के कमिश्नर विजय देव ने आज एक प्रेस कांफ्रेंस को सम्बोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में आज से आचार संहिता लागू कर दी गयी है। उन्होंने बताया कि एमसीडी चुनाव में 50 फीसदी सीटें महिलाओं के लिये आरक्षित की गयी हैं। चुनाव आयोग कमिश्नर के अनुसार 250 वार्ड निर्धारित किए गए हैं जिनमें चुनाव करवाये जायेंगे। 42 सीटें SC वर्ग के लिए रिजर्व होंगी, जिसमे से 21 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। कुल 250 सीटों में से 104 सीट महिलाओं के लिए आरक्षित की गयी हैं।

बता दें कि दिल्ली नगर निगम पर 15 साल से भाजपा का कब्जा है। दिल्ली की राजनीति में तमाम उतार-चढ़ाव आए, इसके बावजूद भाजपा का वर्चस्व कायम रहा। दिल्ली नगर निगम चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) दोनों की तैयारी चल रही है। भारतीय जनता पार्टी जहां एक फिर नगर निगम चुनावों में कब्जा जमाने का प्रयास कर रही है, वहीं आम आदमी पार्टी भाजपा को नगर निगम से उखाड़ना चाहती है। दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच में सीधा मुकाबला है।

तीन नगर निगमों का किया गया गया एकीकरण

दिल्ली में तीन नगर निगम हैं। उत्तरी दिल्ली नगर निगम (North Delhi Municipal Corporation, दक्षिण दिल्ली नगर निगम (South Delhi Municipal Corporation) और पूर्वी दिल्ली नगर निगम (East Delhi Municipal Corporation) शामिल हैं। दिल्ली में तीनों नगर निगमों का एकीकरण कर दिया गया है। राष्ट्रीय राजधानी में नगर निगम (MCD Elections 2022) चुनाव के वार्डों की कुल संख्या 272 से घटकर 250 हो गई है, जिनमें से 42 को आरक्षित करने का निर्णय लिया गया है। यह पहली बार होगा जब दिल्ली के सभी 250 वार्ड का एक मेयर होगा।

वर्तमान में तीनों निगमों के ये हैं मेयर

2017 में दिल्ली में हुए एमसीडी इलेक्शन में बीजेपी को जीत मिली थी, जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी से तीनों निगमों के लिए महापौर और उपमहापौर घोषित किए गए थे। वर्तमान में उत्तरी नगर निगम में राजा इकबाल सिंह, पूर्वी नगर निगम में श्याम सुंदर अग्रवाल और दक्षिणी नगर निगम में मुकेश सुर्यान महापौर हैं। वहीं उपमहापौर के तौर पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम में अर्चना, पूर्वी दिल्ली नगर निगम में किरण वैद्य और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में पवन शर्मा कार्य कर रहे हैं।

MCD में भाजपा लेकिन विधानसभा में है आप का जलवा

दिल्ली नगर निगम में भले ही भारतीय जनता पार्टी का 15 सालों का कब्जा है, लेकिन यदि अगर विधानसभा की बात की जाये तो वहां पर कोई भी पार्टी आम आदमी पार्टी के सामने नहीं दिखायी पड़ रही है। अरविंद केजरीवाल ने 2013 में कांग्रेस के समर्थन से 49 दिनों तक सत्ता में रहने के बाद इस्तीफ़ा दे दिया था, इसके बाद फ़रवरी 2015 में हुए चुनाव में 70 में 67 सीटें जीती थीं और तीन सीटें बीजेपी को मिलीं थी जबकि कांग्रेस को एक भी सीट हाथ नहीं लगी थी। आम आदमी पार्टी ने 2020 के विधानसभा चुनाव मे 62 सीटें हासिल कर अरविंद केजरीवाल तीसरी बार मुख्यमंत्री बने थे। 

Tags:    

Similar News