Arun Yadav BJP: भाजपा का नूपुर शर्मा के बाद बड़ा एक्शन, हरियाणा IT सेल के प्रभारी अरुण यादव हटाए गए

Arun Yadav BJP: नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा आईटी सेल के प्रभारी अरुण यादव के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। पांच साल पहले पैगंबर मोहम्मद और इस्लाम को लेकर किए गए विवादित ट्वीट के मामले में अरुण यादव को पद से हटा दिया गया है।

Report :  Neel Mani Lal
Update: 2022-07-08 04:53 GMT

Arun Yadav BJP (image credit social media)

Arun Yadav BJP: नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा आईटी सेल के प्रभारी अरुण यादव के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। पांच साल पहले पैगंबर मोहम्मद और इस्लाम को लेकर किए गए विवादित ट्वीट के मामले में अरुण यादव को पद से हटा दिया गया है। सोशल मीडिया पर अरुण यादव का विवादित ट्वीट वायरल होने के बाद उनकी गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी। इस मामले को ऑल्ट न्यूज़ के सह संस्थापक मोहम्मद जुबैर की गिरफ्तारी से जोड़कर देखा जा रहा है। जुबैर को भी पुराने ट्वीट के मामले में ही गिरफ्तार किया गया था। हालांकि अरुण यादव के खिलाफ अभी तक पुलिस में कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है मगर सोशल मीडिया पर अभियान चलने के बाद भाजपा ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल के बाद अरुण यादव भाजपा के तीसरे पदाधिकारी हैं जिनके खिलाफ पार्टी ने कड़ी कार्रवाई की है। 

पद से हटाने का कारण नहीं बताया

हरियाणा भाजपा के प्रदेश सचिव गुलशन भाटिया की ओर से हरियाणा आईटी सेल के प्रभारी अरुण यादव को पद से हटाए जाने की जानकारी दी गई है। हांलाकि भाटिया ने अपने बयान में यह स्पष्ट नहीं किया है कि अरुण यादव के खिलाफ यह कार्रवाई क्यों की गई है। वैसे हरियाणा भाजपा के एक नेता ने इस बात को स्वीकार किया है कि अरुण यादव के खिलाफ यह कार्रवाई उनके विवादित ट्वीट को लेकर की गई है। उनके इस ट्वीट को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर बड़ा अभियान चल रहा था। उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर किए गए एक लाख से अधिक ट्वीट के बाद भाजपा ने उनके खिलाफ यह कार्रवाई की है।

सोशल मीडिया पर चल रहा था अभियान

जानकारों का कहना है कि अरुण यादव ने पांच साल पहले किए गए अपने एक ट्वीट में पैगंबर मोहम्मद और इस्लाम को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। अरुण यादव की ओर से 2017 में की गई और टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी गिरफ्तारी की मांग ने जोर पकड़ लिया था। ट्विटर पर अरेस्ट अरुण यादव टॉप ट्रेंड में बना रहा। ट्विटर पर इस मांग को लेकर 1.3 लाख ट्वीट किए गए। हालांकि अरुण यादव के खिलाफ पुलिस में कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई थी मगर भाजपा ने पहले ही बड़ा कदम उठाते हुए अरुण यादव को आईटी प्रभारी के पद से हटा दिया। भाजपा की कार्रवाई के बाद युवा कांग्रेस के मुखिया टीवी श्रीनिवास ने ट्वीट किया कि भाजपा ने एक और फ्रिंज एलिमेंट को बर्खास्त कर दिया।

जुबैर से जोड़कर देखा जा रहा मामला

भाजपा की ओर से की गई इस कार्रवाई को ऑल्ट न्यूज के सह संस्थापक मोहम्मद जुबैर की गिरफ्तारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने जुबैर के खिलाफ एक पुराने ट्वीट को लेकर ही कार्रवाई की है। जुबैर को 27 जून को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया था। माना जा रहा है कि अरुण यादव को लेकर विवाद बढ़ने से पहले ही भाजपा ने कार्रवाई करके अपना बचाव करने की कोशिश की है। नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल के बाद अरुण यादव भाजपा के तीसरे नेता हैं जिनके खिलाफ विवादित टिप्पणी को लेकर कार्रवाई की गई है। नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल के खिलाफ देश में कई स्थानों पर शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। नूपुर की टिप्पणी के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसक घटनाएं हुई थीं। 

Tags:    

Similar News