Himachal Cloudburst: कुदरत का कहर! हिमाचल के निरमंड, मंडी और कुल्लू में फटा बादल, 48 लापता, दो शव बरामद

Himachal Cloudburst: हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बादल फट गए हैं। हादसे में अब तक 48 लोगों के लापता होने की खबर है। दो शव भी बरामद किया गया है। स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

Newstrack :  Network
Update: 2024-08-01 03:53 GMT

Himachal Cloudburst (Pic: Social Media)

Himachal Cloudburst: वायनाड में भूस्खलन की आपदा के बाद हिमाचल में कुदरत के कहर की खबर सामने आ रही है। हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बादल फटने से अफरा-तफरी मच गई है। निरमंड, मंडी और कुल्लू सहित कई जगहों पर बादल फटने से पानी भर गया है। इसमें अब तक 48 से अधिक लोगों के लापता होने की खबर सामने आ रही है। दो शव भी बरामद किया गया है। साथ ही कुछ लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। प्रशासन ने घटना के बाद स्कूलों को बंद कर दिया है। साथ ही लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।  

इन जगहों पर तबाही

हिमाचल प्रदेश के मंडी, शिमला और कुल्लू जिलों में बादल फटने से तबाही मच गई है। अब तक दो लोगों की मौत हो गई है और 48 लोग लापता हैं। मंडी के पधर, शिमला के रामपुर में झाकड़ी में आधी रात को बादल फट गए। वहीं, कुल्लू के निरमंड के बाघी में तबाही मची है। बादल फटने की सूचना मिलते ही प्रशासन राहत बचाव कार्य में जुट गया है। हर जगह रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश जारी है। साथ ही लापता लोगों की सूची भी बनाई जा रही है। व्यास नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ की स्थीति बन गई है। पंचवक्त्र महादेव मंदिर एक बार फिर पानी में डूबने लगा है। व्यास नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पंडोह डैम के 3 गेट खोले गए हैं। भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है।

जेपी नड्डा ने की सीएम से बात

हिमाचल के कई इलाकों में बादल फटने से कई लोगों की जान जान जाने की आशंका है। इस मामले की जानकारी लेने के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की है। जानकारी के अनुसार मंत्री ने सीएम को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है। साथ ही उन्होंने पार्टी नेताओं से बात कर भाजपा कार्यकर्ताओं को राहत कार्य में लगने का निर्देश दिया है।  

Tags:    

Similar News