हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र बनाने का सपना कभी नहीं होगा पूरा: मौलाना अरशद मदनी

Update:2018-03-11 19:56 IST

सहारनपुर : जमीयत उलेमा ए हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि जब हिंदू राष्ट्र के रूप में नेपाल जैसा देश भी बाकि नहीं रह सका तो हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र बनाने का दावा करने वाले सांप्रदायिक लोगों के सपने कैसे पूरे हो सकते हैं। नफरत फैलाने की कोशिश करने वालों को यह याद रखना चाहिए कि भारत के लोग फिरकापरस्ती के खिलाफ हैं और अमन व भाईचारे के साथ रहना पसंद करते हैं।

ये भी देखें : नदवी अपना रुख बदल लें तो बोर्ड में हो सकती है पुन: वापसी : अरशद मदनी

जर्मनी, आस्ट्रिया और लंदन आयोजित वैश्विक सेमिनार में शिरकत कर दस दिन बाद स्वदेश लौटे मौलाना अरशद मदनी ने रविवार को यहां कहा कि लोकतंत्र हिंदुस्तान की आत्मा और बुनियाद है। भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की साजिशों में लगे लोगों के मंसूबों को देश के सेकुलर लोग किसी भी कीमत पर पूरा नहीं होने देंगे। कहा कि दुनिया का कोई भी मजहब नफरत फैलाने की इजाजत नहीं देता है। हर मजहब आपसी भाईचारा और मुहब्बत का पैगाम देता है। इसलिए वोटों की सियासत करने वालों को अब सबक ले लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ अरसे से मजहब के नाम पर लोगों को बांटने की साजिशें हो रही हैं। मुल्क में फिरकापरस्ती का जैसा नंगा नाच वर्तमान में हो रहा है, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। गोकशी और झूठे इल्जामात के तहत मुसलमानों और दलितों का शोषण किया जा रहा है। मस्जिदों और गिरजाघरों के अलावा जंगे आजादी में अहम रोल अदा करने वाले मदरसों को निशाना बनाया जा रहा है। सत्ता में बैठे लोग मुसलमानों को पाकिस्तान भेजने की धमकियां दे रहे हैं। लेकिन यह बहुत ज्यादा देर तक चलने वाला नहीं है। क्योंकि यह मुल्क का मिजाज नहीं है। मौलाना मदनी ने ऐसे नाजुक समय में सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर उनके नापाक इरादों को असफल बनाने का आह्वान मुल्क के सेकुलरिज्म और संविधान पर यकीन रखने वाले लोगों व संगठनों से किया।

Tags:    

Similar News