भारी बर्फबारी से उत्तर भारत ठिठुरा, हिमाचल प्रदेश-उत्तराखंड के लिए अलर्ट जारी

Update: 2017-01-15 08:26 GMT

नई दिल्ली: पहाड़ों पर भारी बर्फबारी से पूरा उत्तर भारत ठंड की आगोश में समा गया है। कई इलाकों का तापमान तो शून्य से 16-17 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। जिससे आम जनजीवन काफी प्रभावित रहा। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक कड़ाके की सर्दी जारी रहेगी।

अगले 72 घंटे होगी तेज बर्फ़बारी

जम्मू-कश्मीर में रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री नीचे चला गया। मौसम विभाग कि मानें तो रविवार से मंगलवार तक जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। विभाग ने ये भी आशंका जताई है कि जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में 15 जनवरी से भारी बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के भी कई इलाकों में भी अगले 72 घंटे भारी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।

ये भी पढ़ें ...UP: सहारनपुर का तापमान रहा शून्य से नीचे, कई जिलों ने तोड़े ठंड के रिकॉर्ड

माइनस 16 डिग्री तक गिरा तापमान

मौसम विभाग के अधिकारियों ने पहाड़ पर रहने वाले लोगों को हिमस्खलन की चेतावनी दी है। करगिल, द्रास सेक्टर और लेह इलाके सबसे ज्यादा ठंडे रहे। शनिवार को करगिल का तापमान माइनस 16 डिग्री, तो लेह का तापमान माइनस 17 डिग्री तक पहुंच गया था।

हिमस्खलन की संभावना बढ़ी

खबरों के मुताबिक कश्मीर के ज्यादातर पानी के स्रोत ठंड की वजह से जम चुके हैं। बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। मौसम विभाग का मानना है कि 20 जनवरी से तापमान में थोडा सुधार होगा। बावजूद इसके पहाड़ी इलाकों में हिमस्खलन होने की आशंका बढ़ जाएगी।

ये भी पढ़ें ...रुह कंपा देंगी ठंड में खुले आसमानों तले गुजरती रातों की यह तस्वीरें, बता दो कहां हैं रैन बसेरे?

Tags:    

Similar News