Delhi: पेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 11 लोग जिंदा जले, दिल्ली में दर्दनाक हादसा; 10-10 लाख मुआवजे का ऐलान

Delhi: गुरुवार 15 फरवरी की शाम करीब 5.25 बजे अचानक यहां आग लग गई और देखते ही देखते इसने भीषण रूप अख्तियार कर लिया।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2024-02-16 02:25 GMT

fire in paint factory  (photo: social media )

Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आग लगने की एक और भयानक घटना सामने आई है। जिसमें 11 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई और चार जख्मी हुए हैं। घटना दिल्ली के अलीपुर स्थित दयाल मार्केट में मौजूद एक पेंट फैक्ट्री में घटी। गुरुवार 15 फरवरी की शाम करीब 5.25 बजे अचानक यहां आग लग गई और देखते ही देखते इसने भीषण रूप अख्तियार कर लिया।

आग लगने की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर रवाना किया गया। दमकल की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंची, जिन्होंने रात करीब 9 बजे आग पर काबू पाया। दमकलकर्मियों ने फैक्ट्री के अंदर से 11 शव बरामद किए। शव इतनी बुरी तरह जले हुए हैं कि उनको पहचान पाना मुश्किल है। सभी मृतक फैक्ट्री के ही लेबर बताए जा रहे हैं।  घायलों को राजा हरिश्चंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

मृतक आश्रितों को 10-10 लाख मुआवजा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ने कहा, हादसे में जिनकी मृत्यु हुई है उनके परिवार को 10 लाख का मुआवजा दिया जाएगा। जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं उन्हें 2 लाख रुपए और जिन्हें मामूली चोटें आई हैं उन्हें 20 हजार रुपए दिए जाएंगे। जो मकान और दुकान जल गए हैं उसके नुकसान का आंकलन किया जाएगा और पॉलिसी के मुताबिक मुआवजा दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि दमकल विभाग की गाड़ियां देरी से आई थी, इसके मैं जांच के आदेश दूंगा। आवसीय क्षेत्र में फैक्ट्री कैसे चल रही थी इसकी भी जांच होगी।

केमिकल के ड्रम में हुआ विस्फोट

जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में आग पहले ही लग गई थी जिसे वहां काम कर रहे मजदूर अपने स्तर से बुझाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान वहां रखा केमिकल का ड्रम आग की चपेट में आ गया और उसमे जोरदार विस्फोट हुआ। जिसके बाद आग पूरे परिसर में फैल गया। आग ने तुरंत इतना भीषण रूप अख्तियार कर लिया कि किसी मजदूर को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। 

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

हादसे में घायल लोगों की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है, इसलिए मृतकों का आंकड़ा बढने की संभावना है। फैक्ट्री में आग लगने की घटना के बाद से वहां काम करने वाले मजदूरों के परिजन एवं रिश्तेदार परेशान हैं। बड़ी संख्या में ऐसे लोग फैक्ट्री के बाहर मौजूद हैं। पुलिस ने बताया कि शुरू में फैक्ट्री से तीन शव बरामद हुए थे और चार लोग जख्मी पाए गए थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

नरेला के जिस अलीपुर इलाके में यह घटना घटी वह काफी घनी आबादी वाला क्षेत्र है। अगर आग फैक्ट्री के बाहर फैलती तो जानमाल का नुकसान इसे कहीं ज्यादा होने की आशंका थी। बता दें कि दिल्ली में इस तरह की घटनाएं नई नहीं हैं। गर्मियों में ऐसी घटनाएं और बढ़ जाती हैं। अभी पिछले माह ही 26 जनवरी को शाहदरा इलाके में स्थित रबड़ की एक फैक्ट्री में आग लग गई थी, जिसमें चार लोगों की झुलसकर मौत हो गई थी। इस घटना में दो लोग जख्मी भी हुए थे।

Tags:    

Similar News