Lok Sabha Election: दिल्ली में आप और कांग्रेस में 4-3 के फॉर्मूले पर बनी सहमति, इन सीटों पर भी समझौता

Lok Sabha Election 2024: फॉर्मूले के अनुसार आम आदमी पार्टी दिल्ली की चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि कांग्रेस की ओर से तीन सीटों पर प्रत्याशी उतारे जाएंगे।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-02-22 07:56 GMT

Rahul Gandhi Arvind Kejriwal (photo: social media )

Lok Sabha Election 2024: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में गठबंधन के बाद अब राजधानी दिल्ली में आप और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बन गई है। दोनों दलों के बीच तय किए गए फॉर्मूले के अनुसार आम आदमी पार्टी दिल्ली की चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि कांग्रेस की ओर से तीन सीटों पर प्रत्याशी उतारे जाएंगे। जानकार सूत्रों का कहना है कि दोनों दलों के बीच हरियाणा, गुजरात और असम में भी सीट शेयरिंग पर सहमति बन गई है।

इन राज्यों में तय किए गए फॉर्मूले के अनुसार कांग्रेस गुजरात में आप को दो सीटें देगी जबकि हरियाणा और असम में आप को चुनाव लड़ने के लिए एक-एक सीट मिलेगी। विभिन्न राज्यों में दोनों दलों के बीच हुए गठबंधन का जल्द ही ऐलान किया जा सकता है। हालांकि पंजाब में दोनों दलों के बीच अभी तक सीट बंटवारे को लेकर बात नहीं बन सकी है।

दिल्ली में 4-3 के फॉर्मूले पर बनी सहमति

राजधानी दिल्ली में दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर काफी दिनों से खींचतान चल रही थी। पहले आप की ओर से कांग्रेस को सिर्फ एक सीट देने का प्रस्ताव किया गया था जिसे कांग्रेस ने ठुकरा दिया था। अब दोनों दलों के बीच 4-3 के फॉर्मूले पर सहमति बनी है। जानकार सूत्रों का कहना है कि चार सीटों पर आप चुनाव लड़ेगी जबकि तीन सीटों पर कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी उतारे जाएंगे।

जानकार सूत्रों का कहना है कि दोनों दलों के बीच बनी सहमति के अनुसार आम आदमी पार्टी नई दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, वेस्ट दिल्ली और नॉर्थ वेस्ट दिल्ली लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीीदवार उतारेगी जबकि कांग्रेस ईस्ट, नॉर्थ ईस्ट और चांदनी चौक लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मौजूदा समय में दिल्ली की सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा है और अब दोनों दलों के गठबंधन के बाद विपक्ष की ओर से भाजपा को मजबूत चुनौती मिलेगी।

हरियाणा,गुजरात और असम में भी गठबंधन

सूत्रों के मुताबिक आप और कांग्रेस के बीच हरियाणा, गुजरात और असम में भी सीट बंटवारे के मुद्दे पर सहमति बन चुकी है। गुजरात में कांग्रेस की ओर से आपको दो सीटें दी जाएंगी जबकि हरियाणा में आप को एक सीट पर उम्मीदवार उतारने का मौका मिलेगा। इसी तरह असम में भी कांग्रेस की ओर से एक सीट आप को दी जाएगी।

राजधानी दिल्ली के अलावा इन राज्यों में भी सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच खींचतान चल रही थी। असम में आप की ओर से तीन प्रत्याशी भी घोषित कर दिए गए थे जबकि गुजरात में आप ने दो प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया था। गुजरात, हरियाणा और असम में भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए की मजबूत पकड़ मानी जाती है मगर अब इन तीनों राज्यों में विपक्षी गठबंधन ने भाजपा को मजबूत चुनौती देने के लिए कमर कस ली है।

यूपी में भी सपा-कांग्रेस के बीच समझौता

इससे पूर्व उत्तर प्रदेश में भी इंडिया गठबंधन के टूटने की अटकलों पर विराम लग गया था। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने बुधवार को गठबंधन का ऐलान करते हुए भाजपा को मजबूत चुनौती देने की बात कही थी। उत्तर प्रदेश में तय किए गए फॉर्मूले के अनुसार समाजवादी पार्टी के खाते में 63 सीटें आई हैं जबकि कांग्रेस को 17 सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा।

कांग्रेस ने सपा को मध्य प्रदेश में खजुराहो लोकसभा सीट देने का भी ऐलान किया है। इस तरह उत्तर प्रदेश, और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में अब विपक्षी गठबंधन भाजपा को मजबूत चुनौती देने की कोशिश में जुटा हुआ है। वैसे पंजाब में आप और कांग्रेस के बीच अभी तक सहमति नहीं बन सकी है और दोनों दल अपने-अपने रुख पर अड़े हुए हैं।

Tags:    

Similar News