Lok Sabha Election 2024 Survey: आज चुनाव हुए तो एनडीए को 298 सीटें: सर्वे

Lok Sabha Election 2024 Survey: Lok Sabha Election Survey: अगले साल होने वाले आम चुनाव के अखाड़े में विपक्ष और सत्ताधारी दल दमखम से तैयारी कर रहे हैं।

Report :  Neel Mani Lal
Update: 2023-01-27 04:17 GMT

Lok Sabha Election Survey (Pic: Social Media)

Lok Sabha Election 2024 Survey: अगले साल होने वाले आम चुनाव के अखाड़े में विपक्ष और सत्ताधारी दल दमखम से तैयारी कर रहे हैं। विपक्ष भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कई मोर्चे बनाने की जुगत में लगा हुआ है। जहां पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने की कोशिश कर रही हैं, वहीं तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव भी ऐसी ही तिकड़म कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी की दो राज्यों में सरकार है सो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा रखते हैं। इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा समापन के कगार पर है। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस उन्हें अगले प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में स्थापित करने की कोशिश कर रही है।

2024 में अगला पीएम

इन तमाम गुणा गणित के बीच, इंडिया टुडे-सी-वोटर ने यह पता लगाने के लिए सर्वेक्षण किया कि अगर आज लोकसभा चुनाव होते हैं तो अगला पीएम कौन होगा। "मूड ऑफ द नेशन" सर्वेक्षण ने आम चुनाव से एक साल पहले आम जनता के मूड का अंदाजा लगाने की कोशिश की है।

2024 में भाजपा की वापसी

सर्वे के मुताबिक अगर आज चुनाव होते हैं तो देश में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की वापसी की संभावना है। सर्वे में एनडीए को 543 लोकसभा सीटों में से 298 सीटों पर जीत का अनुमान बताया गया है।

2024 में कांग्रेस की स्थिति

सर्वे के अनुसार, कांग्रेस नीत यूपीए अपने प्रदर्शन में सुधार करती दिख रही है और 153 सीटें जीत सकती है। वहीं, क्षेत्रीय पार्टियों समेत अन्य और निर्दलीय उम्मीदवार करीब 92 सीटें जीत सकते हैं।

2024 चुनाव में वोट शेयर

सर्वे के अनुमान में जहां एनडीए का वोट शेयर 43 प्रतिशत है, कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए को 29 प्रतिशत और अन्य को 28 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है।

बीजेपी सबसे आगे

सर्वेक्षण के अनुसार, अकेले भाजपा को 284 सीटें मिलने की संभावना है जो एक आरामदायक बहुमत है। वहीं कांग्रेस को 68 और अन्य को 191 सीटें मिल सकती हैं। पार्टीवार वोट प्रतिशत की बात करें तो सर्वे के मुताबिक भाजपा को 39 फीसदी जबकि कांग्रेस को 22 फीसदी और अन्य को 39 फीसदी वोट मिलने की संभावना है।

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने वापसी की और लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 303 सीटें जीती थीं जबकि एनडीए को 353 सीटें मिली थीं। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूपीए ने कांग्रेस की 52 सीटों सहित 91 सीटों पर जीत हासिल की थी।

सर्वे की खास बातें

- सर्वे के अनुसार देश के 67 फीसदी लोग सरकार के काम करने के तरीके से संतुष्ट हैं।

- 6 महीने पहले की तुलना में सरकार की लोकप्रियता और बढ़ गई है।

- 20 फीसदी लोगों का मानना है कि कोरोना महामारी का सामना करना इस सरकार की सबसे बड़ी सफलता रही है।

- 14 फीसदी लोगों का कहना है कि आर्टिकल 370 हटाना इस सरकार की सबसे बड़ी कामयाबी है।

- 12 फीसदी लोगों के मुताबिक अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण इस सरकार की सबसे बड़ी सफलता है।

- 25 फीसदी लोगों का मानना था कि कीमतों में इजाफा इस सरकार की सबसे बड़ी नाकामी है।

- 17 फीसदी लोग मानते हैं कि बेरोजगारी की समस्या से निपटने में यह सरकार फेल रही है।

- 8 फीसदी लोगों को लगता है कि महामारी को संभालने में यह सरकार बुरी तरह से असफल रही है।

- इस सर्वे में कुल 1,40,917 लोगों से सवाल पूछे गए हैं। 

Tags:    

Similar News