Modi Cabinet : गोंडा के सांसद कीर्ति वर्धन सिंह भी बनेंगे मंत्री, ठाकुरों की नाराजगी दूर करने की कोशिश, यूपी से नौ चेहरे होंगे शामिल

Modi Cabinet : मोदी सरकार में गोंडा के भाजपा सांसद कीर्ति वर्धन सिंह को भी मंत्री पद का तोहफा मिला है। इसे ठाकुरों की नाराजगी दूर करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-06-09 13:09 GMT

Modi Cabinet : मोदी सरकार में गोंडा के भाजपा सांसद कीर्ति वर्धन सिंह को भी मंत्री पद का तोहफा मिला है। इसे ठाकुरों की नाराजगी दूर करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। लोकसभा चुनाव में ठाकुरों की नाराजगी के कारण भाजपा को कई सीटों पर बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। मोदी कैबिनेट से वीके सिंह के बाहर होने के बाद कीर्ति वर्धन सिंह को शामिल करके ठाकुर मतदाताओं को संदेश देने की कोशिश की गई है। कीर्ति वर्धन सिंह ने खुद को मंत्री बनाए जाने की पुष्टि की है।

उत्तर प्रदेश से नौ चेहरों को मोदी कैबिनेट में जगह दी गई है। इनमें राजनाथ सिंह, रालोद मुखिया जयंत चौधरी, अपना दल (एस) की प्रमुख अनुप्रिया पटेल, पीलीभीत से सांसद जितिन प्रसाद, महाराजगंज से सांसद पंकज चौधरी, राज्यसभा सदस्य बीएल वर्मा, गोंडा से चुनाव जीतने वाले कीर्ति वर्धन सिंह, आगरा से सांसद एसपी सिंह बघेल और बांसगांव सीट पर जीत हासिल करने वाले कमलेश पासवान के नाम शामिल हैं।

यूपी से एनडीए का हर चौथा सांसद बनेगा मंत्री

लोकसभा चुनाव में इस बार उत्तर प्रदेश में भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए को करारा झटका लगा है और एनडीए सिर्फ 36 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब रहा है। दूसरी ओर सपा-कांग्रेस गठबंधन ने 43 सीटों पर जीत हासिल की है। उत्तर प्रदेश से नौ चेहरों को मोदी सरकार में मंत्री बनने का मौका मिला है और ऐसे में यूपी से चुनाव जीतने वाला एनडीए का हर चौथा सांसद मंत्री पद की शपथ लेगा।

यदि 2019 के चेहरों से तुलना की जाए तो इस बार उत्तर प्रदेश से चार नए चेहरों को मोदी सरकार में जगह मिल रही है। इन चेहरों में जितिन प्रसाद, कीर्तिवर्धन सिंह, कमलेश पासवान और जयंत चौधरी के नाम शामिल हैं। जितिन प्रसाद मौजूदा समय में योगी सरकार में मंत्री हैं और उनके पास पीडब्ल्यूडी का महत्वपूर्ण मंत्रालय है। वैसे वे यूपीए सरकार के समय पहले भी केंद्र में मंत्री रह चुके हैं।

यूपी में ठाकुरों की नाराजगी दूर करने की कोशिश

उत्तर प्रदेश से कीर्ति वर्धन सिंह को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के कदम को चौंकाने वाला माना जा रहा है। कीर्ति वर्धन सिंह का नाम आखिर समय तक चर्चाओं में नहीं था मगर अब वे मोदी सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। कीर्ति वर्धन सिंह ने खुद को मंत्री बनाए जाने की पुष्टि की है। आज मोदी के आवास पर संभावित मंत्रियों की बैठक में भी कीर्ति वर्धन सिंह मौजूद थे।

सियासी जानकारों का मानना है कि लोकसभा चुनाव में वीके सिंह का टिकट काटे जाने के बाद ठाकुरों में नाराजगी की बात सामने आई थी। प्रदेश की कई लोकसभा सीटों पर ठाकुरों की नाराजगी के कारण भाजपा को सियासी नुकसान उठाना पड़ा है।

ऐसे में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने डैमेज कंट्रोल की कोशिशों के तहत कीर्ति वर्धन सिंह को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि इस कदम के जरिए ठाकुरों की नाराजगी दूर करने में मदद मिलेगी।

Tags:    

Similar News