Monsoon Update: भारी बारिश और तूफान से घिरा नॉर्थ ईस्ट, मानसून मचाएगा तबाही

Monsoon Update: मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि 10 अक्टूबर तक मानसून इन क्षेत्रों से पूरी तरह से वापस चला जाएगा। आमतौर पर, मानसून 17 सितंबर को अपनी वापसी शुरू करता है।

Report :  Neel Mani Lal
Update:2024-10-02 10:12 IST

Monsoon Update (Pic: Social Media)

Monsoon Update: देश के पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के कहर का एक और दौर चलने वाला है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 4 - 5 दिनों तक पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। दरअसल असम में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है, जिसकी वजह से असम, अरुणाचल, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम और नगालैंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, तमिलनाडु, तेलंगना, कर्नाटक और केरल में भी अगले चार-पांच दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। बिहार में नदियां उफान पर हैं और कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बन गई है।

मॉनसून की स्थिति

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार देश में मानसून सीजन 30 सितंबर को समाप्त हो गया, जिसमें जून-सितंबर की अवधि के लिए देश में सामान्य से 8 फीसदी ज्यादा वर्षा हुई। आंकड़ों के अनुसार, चार महीने के मौसम के दौरान देश में 934.8 मिमी वर्षा हुई, जबकि सामान्य 868.6 मिमी होती है। इसके बावजूद, मानसून के मौसम के दौरान पूर्व और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में 14 फीसदी वर्षा की कमी देखी गई। मौसम की शुरुआत में, इन क्षेत्रों में भयंकर बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति थी।

दो सप्ताह तक भारी बारिश

मध्य भारत में, वर्षा सामान्य से 19.5 फीसदी अधिक, उत्तर-पश्चिम में सामान्य से 7 फीसदी अधिक और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में सामान्य से 14 फीसदी अधिक थी। हालांकि, दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी भी देश से पूरी तरह से वापस नहीं आया है, पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले दो सप्ताह तक भारी बारिश जारी रहने की उम्मीद है जिससे बाढ़ की स्थिति और खराब हो सकती है।

10 अक्टूर तक चलेगा मानसून

मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि 10 अक्टूबर तक मानसून इन क्षेत्रों से पूरी तरह से वापस चला जाएगा। आमतौर पर, मानसून 17 सितंबर को अपनी वापसी शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक देश से निकल जाता है। इस साल उत्तर-पश्चिम भारत में कम दबाव की वजह से वापसी की प्रक्रिया में देरी हुई है। 23 सितंबर को शुरू हुई वापसी पंजाब और आसपास के इलाकों में रुकी हुई है। 

Tags:    

Similar News