चुनाव में चरण वंदना: कांग्रेसी तोमर के चरणों में भाजपाई तोमर, कांग्रेस ने कसा तंज

भाजपाई तोमर का कांग्रेसी तोमर के चरणों में गिरना मध्य प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है। चरणों में गिरने का यह नजारा वीडियो में भी कैद हो गया है।

Update: 2020-10-24 17:48 GMT

अंशुमान तिवारी

नई दिल्ली। चुनाव जीतने के लिए नेता क्या-क्या नहीं करते। उनका मकसद तो सिर्फ किसी तरह चुनाव जीतना होता है ताकि वे सारी सुख सुविधाओं का भोग कर सकें। कुछ ऐसा ही नजारा मध्य प्रदेश में हो रहे उपचुनाव में भी दिखा है। यहां चुनाव जीतने के लिए एक भाजपाई प्रत्याशी प्रद्युमन सिंह तोमर कांग्रेसी कार्यकर्ता रघुनाथ सिंह तोमर के चरणों में गिर पड़े।

भाजपाई तोमर का कांग्रेसी तोमर के चरणों में गिरना मध्य प्रदेश की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है। चरणों में गिरने का यह नजारा वीडियो में भी कैद हो गया है और कांग्रेस नेताओं ने इसे लेकर भाजपा पर तंज भी फसा है।

भाजपा प्रत्याशी हैं प्रद्युमन सिंह तोमर

दरअसल यह मामला सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने वाले प्रद्युमन सिंह तोमर के साथ जुड़ा हुआ है। तोमर को भाजपा में जाने के बाद ऊर्जा मंत्री के पद से नवाजा गया था। प्रद्युमन सिंह मध्यप्रदेश उपचुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे हैं। अपनी स्थिति कमजोर जानकर वे कांग्रेस कार्यकर्ता रघुनाथ सिंह तोमर के घर पहुंच गए और चुनाव जीतने के लिए उनके चरणों में गिर पड़े।

उन्होंने गिड़गिड़ा कर रघुनाथ सिंह तोमर से समर्थन मांगा और कहा कि इस चुनाव में मेरे साथ जुटिए। प्रद्युमन सिंह तोमर का रघुनाथ सिंह तोमर के चरणों में गिरने का वीडियो भी बना लिया गया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

चर्चा का विषय बन गया वीडियो

भाजपाई तोमर के कांग्रेसी तोमर के चरणों में गिरने का वीडियो वायरल होते ही यह चर्चा का विषय बन गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण यादव ने इस वीडियो को ट्वीट करते हुए तंज कसा कि कांग्रेस के कुछ नेता बिकाऊ हो सकते हैं पर कार्यकर्ता नहीं बिकने वाले हैं।



यह मामला ज्योतिरादित्य सिंधिया के गृह क्षेत्र का होने के कारण और भी चर्चा का विषय बन गया। प्रद्युमन सिंह ग्वालियर पूर्वी सीट से चुनाव मैदान में उतरे हैं

ये भी पढ़ेंः बिहार में मतदान से पहले तड़तड़ाईं गोलियां, प्रत्याशी की हत्या, मारा गया एक हमलावर

लोगों ने इस वीडियो पर तरह तरह के कमेंट किए हैं। इस वीडियो से यह पता चलता है कि चुनाव जीतने के लिए नेता क्या-क्या उपाय नहीं अपनाते। इसके साथ ही यह वीडियो इस बात का भी गवाह है कि कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में जाने वाले कांग्रेसी मौजूदा समय में किस दौर से गुजर रहे हैं।

भाजपा के मंत्री को बिकाऊ बताया

कांग्रेस सांसद अरुण यादव ने प्रद्युमन सिंह तोमर के चरणों में गिरने के वीडियो को ट्विटर पर साझा करते हुए यह भी लिखा है कि देखिए एक बिकाऊ मंत्री किस तरह कांग्रेस के टिकाऊ कार्यकर्ता के आगे घुटने के बल झुक गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी कार्यकर्ता पार्टी के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं और यही कारण है कि भाजपा में घबराहट फैल गई है। भाजपा नेता चुनाव जीतने के लिए अब इस हद तक नीचे उतर आए हैं।

दिग्विजय सिंह ने कसा तंज

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी इस मामले को लेकर प्रद्युमन सिंह तोमर पर तंज कसा है। उन्होंने भी इस वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा कि बिकाऊ और टिकाऊ में यही फर्क होता है।



ये भी पढ़ेंः विजयादशमी में योगी का ऐसा रूप: CM नहीं होंगे दण्डाधिकारी, जानें ये परम्परा…

कांग्रेस के कार्यकर्ता पार्टी के प्रति पूरी तरह समर्पित और टिकाऊ हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी लिखा है कि पार्टी को भी अपने टिकाऊ कार्यकर्ताओं और नेताओं का पूरा ख्याल रखना चाहिए। दिग्विजय सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि अभी तो भाजपा के लोगों ने केवल घुटने टेके हैं। अभी वे 3 नवंबर तक साष्टांग करने के लिए भी बाध्य हो जाएंगे। यह बात दूसरी है कि चुनाव हारने के बाद वे लोगों को आंख दिखाने से भी बाज नहीं आएंगे।

प्रतिष्ठा का प्रश्न बना उपचुनाव

दरअसल मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर हो रहा है उपचुनाव कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। दोनों दलों ने चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इन उपचुनावों के नतीजे मध्य प्रदेश की सत्ता का फैसला करने वाले साबित होंगे।

इसके साथ ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने वाले नेता अगर चुनाव हारे तो उनका पूरा सियासी करियर दांव पर लग सकता है। यही कारण है कि वे येन केन प्रकारेण चुनाव जीतने की कोशिश में जुट गए हैं।

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News