Maharashtra: विधानसभा चुनाव से पहले शिंदे सरकार का बड़ा फैसला, मुंबई में एंट्री पर नहीं लगेगा टोल टैक्स

Mumbai Toll Tax: मुंबई में प्रतिदिन लाखों लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में सरकार के फैसले से काफी संख्या में लोगों को आर्थिक चपत से मुक्ति मिलेगी।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2024-10-14 13:06 IST

Mumbai toll tax free   (photo: social media )

Mumbai Toll Tax: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले शिंदे सरकार लगातार लोकलुभावन फैसले लेने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने आज बड़ा फैसला लिया है। शिंदे कैबिनेट की आज हुई बैठक के दौरान मुंबई में एंट्री पर लगने वाले सारे टोल टैक्स को खत्म करने का फैसला किया गया है। राज्य सरकार का यह फैसला छोटे वाहनों यानी कार,बाइक व स्कूटर आदि पर लागू होगा। हालांकि कॉमर्शियल वाहनों पर पहले की तरह ही टैक्स लगता रहेगा।

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किसी भी वक्त किया जा सकता है और आयोग की ओर से चुनाव तारीखों की घोषणा से पहले यह कदम शिंदे सरकार का मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। मुंबई में प्रतिदिन लाखों लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में सरकार के फैसले से काफी संख्या में लोगों को आर्थिक चपत से मुक्ति मिलेगी।

मुंबई में एंट्री पर नहीं लगेगा टोल टैक्स

राज्य सरकार की ओर से लिया गया फैसला आज रात 12 बजे से लागू हो जाएगा। मुंबई में एंट्री के पांच रास्ते हैं और अब किसी भी रास्ते पर वाहनों को टोल टैक्स नहीं देना होगा। शिंदे सरकार के इस फैसले से मुंबई और आसपास के इलाकों में सत्तारूढ़ खेमे को बड़ा फायदा पहुंचाने की उम्मीद जताई जा रही है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे खुद थाणे विधानसभा सीट से विधायक हैं और महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनने से पहले उन्होंने खुद मुंबई में लगने वाले एंट्री टैक्स के खिलाफ कई बार प्रदर्शन किया था।

अब मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने इस टोल टैक्स को खत्म करने का फैसला किया है। महाराष्ट्र सड़क परिवहन निगम की ओर से बनाए गए 55 फ्लाईओवर्स के लिए लंबे समय से यह टैक्स वसूला जा रहा है। इन फ्लाईओवर्स का निर्माण 1995 से 1999 के बीच किया गया था मगर अब मुंबई आने वाले लोग टोल टैक्स से पूरी तरह मुक्त रहेंगे।


निगम की राय के खिलाफ सरकार का फैसला

महाराष्ट्र सड़क परिवहन निगम इस टोल टैक्स को खत्म किए जाने के पक्ष में नहीं था। निगम का मानना था कि इस टोल टैक्स को जारी रखा जाना चाहिए ताकि ठाणे क्रीक ब्रिज पर खर्च की गई लागत को वसूला जा सके। हालांकि शिंदे सरकार ने निगम की राय की अनदेखी करते हुए टोल टैक्स को खत्म करने का फैसला किया। यह टोल टैक्स मुंबई में एंट्री से पहले पांच स्थानों पर वसूला जाता है।


राज ठाकरे भी करते रहे हैं विरोध

राज ठाकरे की अगुवाई वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना भी टोल टैक्स की वसूली के खिलाफ रही है। पार्टी की ओर से इसके खिलाफ कई बार प्रदर्शन किए जा चुके हैं। मनसे की ओर से दलील दी जाती रही है कि सड़कों और फ्लाईओवर के निर्माण में जितनी रकम खर्च की गई है,उससे ज्यादा की वसूली सरकार की ओर से की जा चुकी है। इस कारण टोल टैक्स को तत्काल खत्म किया जाना चाहिए।

मुंबई में कामकाज के लिए प्रतिदिन लाखों लोगों का आवागमन होता है और सरकार के इस फैसले से अब लोगों को बड़ा फायदा होगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता किरीट सोमैया ने शिंदे सरकार की ओर से लिए गए इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से प्रतिदिन मुंबई आने वाले लोगों को काफी फायदा होगा।



Tags:    

Similar News