Odisha: ओडिशा में नए CM का ऐलान आज, धर्मेंद्र प्रधान और पात्रा समेत कई दावेदार, चौंका सकता है भाजपा का शीर्ष नेतृत्व

Odisha New CM: ओडिशा में भाजपा विधायक दल की आज बैठक होने वाली है और इस बैठक में राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-06-08 03:43 GMT

Odisha New CM  (PHOTO: SOCIAL MEDIA ) 

Odisha New CM: ओडिशा में हुए विधानसभा चुनाव में इस बार भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। भाजपा ने 147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में 78 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। इसी के साथ ओडिशा में पिछले 24 साल से चल रहे नवीन पटनायक के राज का अंत हो गया है। भाजपा इस जीत को काफी महत्वपूर्ण मान रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने भाषण में जय जगन्नाथ का उद्घोष करने लगे हैं। ऐसे में अब सबकी निगाहें राज्य के नए मुख्यमंत्री पर टिकी हुई है।

ओडिशा में भाजपा विधायक दल की आज बैठक होने वाली है और इस बैठक में राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा। वैसे नए मुख्यमंत्री को लेकर अभी तक सस्पेंस बना हुआ है। धर्मेंद्र प्रधान,बैजयंत पांडा,जुएल ओराम और संबित पात्रा मुख्यमंत्री पद के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि राजस्थान और मध्य प्रदेश में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने चौंकाने वाला फैसला किया था और ऐसे में ओडिशा में भी कोई बड़ा फैसला किया जा सकता है।

ओडिशा में भाजपा को मिला है स्पष्ट बहुमत

ओडिशा में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और बीजू जनता दल के बीच गठबंधन की चर्चाएं तेज थीं। दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत भी हुई थी मगर सीटों को लेकर कोई तालमेल नहीं हो सका। इसी का नतीजा था कि दोनों दलों ने अकेले चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया था। भाजपा का यह फैसला पार्टी के लिए काफी फायदेमंद साबित हुआ और पार्टी अपने दम पर बहुमत हासिल करने में कामयाब रही है। ओडिशा की इस जीत को भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भी काफी महत्वपूर्ण मान रहा है।

ओडिशा विधानसभा में 147 सीटें हैं और भाजपा ने इस बार 78 सीटों पर जीत के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल करने में कामयाबी हासिल की है। दूसरी ओर बीजू जनता दल सिर्फ 51 सीटें ही जीत सका जबकि कांग्रेस 14 सीटों पर ही सिमट गई है। ऐसे में लंबे समय के बाद ओडिशा में अब राज बदल गया है।

बीजू जनता दल के नेता नवीन पटनायक यदि इस बार चुनाव जीतने में कामयाब होते तो वे सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का इतिहास रच देते मगर इस बार ओडिशा के मतदाताओं ने उन्हें इतिहास रचने का मौका नहीं दिया

लोकसभा चुनाव में भी भाजपा की बड़ी जीत

अब ओडिशा में मुख्यमंत्री पद को लेकर दो-तीन दिन से सियासी हलचलें काफी तेज चल रही हैं। भाजपा के वरिष्ठ विधायक रवि नारायण नायक ने बताया कि भाजपा विधायक दल की आज भुवनेश्वर में बैठक होगी जिसमें नए नेता का चुनाव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने इस बाबत मंथन किया है और नए नेता के नाम का खुलासा आज हो जाएगा। इसके बाद 10 जून को शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार के गठन और मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा के संसदीय बोर्ड को फैसला लेना है। इस बार ओडिशा विधानसभा के साथ ही लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को बड़ी सफलता मिली है।

भाजपा ने राज्य की 21 में से 20 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करते हुए बीजू जनता दल और कांग्रेस को करारा झटका दिया है। नायक ने बताया कि संसदीय बोर्ड ने भाजपा के नवनिर्वाचित 20 सांसदों के साथ चर्चा की है ताकि किसी नाम पर सर्वसम्मति बनाई जा सके।

मुख्यमंत्री पद के कई दावेदार

भाजपा सूत्रों का कहना है कि ओडिशा में पार्टी के कई नेता मुख्यमंत्री पद के दावेदार बताए जा रहे हैं। इनमें सबसे प्रमुख नाम पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बताया जा रहा है। पुरी से लोकसभा चुनाव जीतने वाले संबित पात्रा भी मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल हैं।

आदिवासी मामलों के पूर्व केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, केंद्रपाड़ा के सांसद व बैजयंत पांडा और पश्चिमी ओडिशा के वरिष्ठ नेता सुरेश पुजारी के नाम भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल हैं। इनमें से सिर्फ पुजारी ने ही इस बार के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की है।

शपथ ग्रहण समारोह की जोरदार तैयारियां

भुवनेश्वर में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही हैं। जनता मैदान में आयोजित होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा समेत एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री भी हिस्सा लेंगे।

इस समारोह में करीब 30,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। समारोह की तैयारी की देखरेख के लिए तमाम आईएएस और राज्य सरकार के अन्य अफसरों को तैनात किया गया है। सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त भी किया जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News