पाकिस्तानी जासूस भागचंद की गिरफ्तारी, कॉलोनी में पसरा सन्नाटा, किसी को नहीं हो रहा यकीन

Pakistani Spy Arrested: भागचंद लेबर सुपरवाइजर का काम करता था। करीब 24 साल पहले 1998 में भागचंद पाकिस्तान के खैरपुर से परिवार के साथ दिल्ली आया था।

Written By :  Ramkrishna Vajpei
Update: 2022-08-22 05:10 GMT

Pakistani Spy Arrested (photo: social media )

Pakistani Spy Arrested: दिल्ली शहर के भाटी माइंस स्थित हिंदू शरणार्थी परिवारों की संजय कॉलोनी में अजीब सा सन्नाटा है। करीब दो दशक से यहां रह रहे भागचंद को बुधवार को पुलिस ने कथित तौर पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। भागचंद लेबर सुपरवाइजर का काम करता था। वह मजदूर के रूप में प्रतिदिन 600 रुपये कमाता था। करीब 24 साल पहले 1998 में भागचंद पाकिस्तान के खैरपुर से परिवार के साथ दिल्ली आया था। उसके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, बच्चों सहित 8 लोग हैं।

पिज्जा डिलीवरी के बहाने खोला दरवाजा

भागचंद की 38 वर्षीय पत्नी अनीता ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे सादे कपड़ों में छह लोगों ने हमारे दरवाजे पर दस्तक दी। उन्होंने कहा कि वे पिज्जा डिलीवरी के लिए आए हैं। उसके बाद मैंने बच्चों से इसके बारे में पूछा, लेकिन उन्होंने कुछ भी ऑर्डर नहीं किया था। पति ने दरवाजा खोला तो पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने परिवार से कहा कि वे पूछताछ के बाद उसे छोड़ देंगे। परिवार को बाद में खबर मिली कि भागचंद को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

भागचंद के भाई अमर सिंह ने अपनी बात पर जोर दिया है कि उसका भाई उस देश के खिलाफ काम नहीं कर सकता जिसने उन्हें शरण दी और फिर नागरिकता दी। सिंह का कहना है कि किसी ने उन्हें फंसा लिया होगा। परिवार वालों का कहना है कि वह हमेशा अपने काम में लगा रहता था। वह मुश्किल से 600 रुपये रोज कमाता था। भागचंद की पत्नी अनीता ने कहा कि उन्हें हमारी हालत देखनी चाहिए। बरसात के मौसम में हमें कितनी परेशानी का सामना करना पड़ता है? मेरी सास बकरियां चराती हैं। अगर मेरे पति इस तरह के अवैध काम में लिप्त होते तो क्या हम आज बेहतर जीवन नहीं जी रहे होते?

Tags:    

Similar News