Jharkhand Election: पहले चरण के आखिरी दिनों में तेज होगी जंग, मैदान में उतरेंगे PM मोदी-अमित शाह और राहुल

Jharkhand Election: झारखंड में चुनाव के ऐलान के बाद से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अभी तक एक बार भी राज्य का दौरा नहीं किया है। भाजपा की ओर से इसे लेकर तंज भी कसा गया है।;

Report :  Anshuman Tiwari
facebook icontwitter icon
Update:2024-11-07 11:21 IST
Jharkhand Election 2024

Jharkhand Election 2024   (photo: social media )

  • whatsapp icon

Jharkhand Election 2024: झारखंड के विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को होना है और ऐसे में चुनाव प्रचार के आखिरी दिनों में भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेता मैदान में उतरने जा रहे हैं। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह एनडीए प्रत्याशियों के चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने के लिए झारखंड पहुंचने वाले हैं। दूसरी ओर अभी तक झारखंड के चुनाव प्रचार से दूर रहने वाले राहुल गांधी भी कल इंडिया गठबंधन के पक्ष में चुनावी माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। भाजपा और कांग्रेस की ओर से इन तीनों दिग्गज नेताओं के कार्यक्रमों को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

पीएम मोदी का रोड शो और चुनावी सभाएं 10 को

झारखंड में विधानसभा की 81 सीटें हैं और राज्य में दो चरणों में मतदान होने वाला है। चुनाव आयोग की ओर से घोषित किए गए कार्यक्रम के मुताबिक 13 नवंबर को पहले चरण में 43 सीटों पर मतदान होगा जबकि 20 नवंबर को दूसरे चरण में 38 सीटों पर प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड में एक बार चुनावी दौरा कर चुके हैं और अब वे 10 नवंबर को दूसरी बार झारखंड में चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंच रहे हैं। इससे पूर्व पीएम मोदी ने 4 नवंबर को गढ़वा और चाईबासा में चुनावी सभाएं की थीं।


प्रधानमंत्री मोदी का 10 नवम्बर को रांची में रोड शो का भी कार्यक्रम रखा गया है। पीएम मोदी राजधानी रांची में BJP प्रत्याशी सीपी सिंह के समर्थन में ओटीसी ग्राउंड से न्यू मार्केट चौक तक रोड शो करेंगे। इस रोड शो को कामयाब बनाने के लिए लगातार बैठकें हो रहे हैं और इसमें भारी भीड़ करने की संभावना है। इसी दिन पीएम मोदी चंदनकियारी में नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी और गुमला में भाजपा प्रत्याशी व पूर्व सांसद सुदर्शन भगत के समर्थन में भी चुनावी सभाएं करेंगे।

झारखंड के दो दौरे करेंगे अमित शाह

झारखंड की चुनावी बाजी जीतने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत लगा रखी है। इसी सिलसिले में भाजपा के दिग्गज नेता और गृह मंत्री अमित शाह 9 और 11 नवंबर को झारखंड के दौरे पर पहुंचने वाले हैं। गृह मंत्री शाह 9 नवंबर को जमशेदपुर और हजारीबाग में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दोनों स्थानों पर उनकी पदयात्रा का कार्यक्रम तय किया गया है।


पहले चरण के प्रचार के आखिरी दिन 11 नवंबर को अमित शाह एक बार फिर झारखंड के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान उनका सरायकेला के साथ एक अन्य स्थान पर कार्यक्रम तय करने की तैयारी की जा रही है। भाजपा के कई राज्य स्तरीय नेता पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए जुटे हुए हैं।

झारखंड की सियासी जंग में कल कूदेंगे राहुल गांधी

झारखंड में चुनाव के ऐलान के बाद से कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अभी तक एक बार भी राज्य का दौरा नहीं किया है। भाजपा की ओर से इसे लेकर तंज भी कसा गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि चुनावी हार तय होने के कारण राहुल गांधी ने अभी तक झारखंड के चुनाव प्रचार से दूरी बना रखी है। कांग्रेस इस बार राज्य की 29 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है।


भाजपा को जवाब देने के लिए राहुल गांधी भी अब झारखंड की चुनावी जंग में उतरने जा रहे हैं। वे 8 नवंबर को झारखंड के दौरे पर पहुंचेंगे और इस दौरान सिमडेगा और लोहरदगा में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। झारखंड में इंडिया गठबंधन की ओर से अभी तक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ही मोर्चा संभाल रखा है मगर अब कांग्रेस भी अपनी सक्रियता बढ़ाने जा रही है।

Tags:    

Similar News