BJP National Executive Meet: पीएम मोदी और नड्डा आज देंगे जीत का मंत्र, जी-20 व आर्थिक प्रस्ताव पर भी होगी चर्चा

BJP National Executive Meet: आज की बैठक के दौरान गुजरात के विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत पर भी चर्चा होगी।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-01-17 04:27 GMT

PM Modi and JP Nadda (PHOTO: social media )

BJP National Executive Meet: भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक के आखिरी दिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का महत्वपूर्ण संबोधन होगा। माना जा रहा है कि दोनों नेता नौ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और 2024 की सियासी जंग में जीत का मंत्र देंगे। आज की बैठक के दौरान गुजरात के विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही अध्यक्ष के रूप में नड्डा का कार्यकाल बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी आज मुहर लगने की संभावना है।

गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल पार्टी की चुनावी रणनीति को प्रेजेंटेशन के जरिए पेश करेंगे। पार्टी की बैठक के दूसरे दिन आर्थिक प्रस्ताव भी चर्चा के बाद पास किया जाएगा। भारत को जी-20 का अध्यक्ष बनाए जाने के मुद्दे पर विदेश मंत्री एस जयशंकर अपनी बात रखेंगे। जानकारों के मुताबिक इसे भारत के गर्व के साथ जोड़कर पूरे देश में इस मुद्दे को फैलाने पर बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी।

पीएम मोदी के समापन भाषण पर सबकी निगाहें

बैठक के दूसरे और आखिरी दिन ही सबकी निगाहें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समापन भाषण पर होंगी। जानकारों के मुताबिक अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी नौ चुनावी राज्यों और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के दौरान जीत हासिल करने का मंत्र देंगे। इसके साथ ही पीएम मोदी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर भारत की उपलब्धियां और जी-20 की अध्यक्षता के मुद्दे पर भी अपनी बात रख सकते हैं। प्रधानमंत्री अपने संबोधन के दौरान गुजरात में मिली ऐतिहासिक जीत और पार्टी की चुनावी रणनीति की चर्चा भी कर सकते हैं।

नड्डा का कार्यकाल बढ़ाने पर लगेगी मुहर

पार्टी सूत्रों का कहना है कि लंच ब्रेक से पहले संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इसी दौरान भाजपा अध्यक्ष के रूप में नड्डा के कार्यकाल बढ़ाने के प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। लंच ब्रेक के बाद नड्डा का महत्वपूर्ण अध्यक्षीय संबोधन होगा। नड्डा नौ राज्यों मंक होने वाले विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव पर पार्टी की रणनीति पर अपनी बात रख सकते हैं। वे पार्टी की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी भी देंगे।

जी-20 की अध्यक्षता पर भी होगी चर्चा

आज की बैठक के दौरान भारत को मिली जी-20 की अध्यक्षता के मुद्दे पर भी चर्चा होगी। विदेश मंत्री एस जयशंकर पार्टी नेताओं को इस संबंध में विस्तृत जानकारी देंगे। पार्टी इस मुद्दे को देश को गर्व के साथ जोड़कर इसका प्रचार करने की कोशिश में जुटी हुई है। इसके साथ ही विदेश मंत्री अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर सरकार को मिली कूटनीतिक उपलब्धियों और कोविड काल में सरकार की ओर से किए गए कामों की चर्चा भी कर सकते हैं।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक आज की बैठक के दौरान आर्थिक प्रस्ताव पर भी चर्चा की जाएगी। देश की मजबूत हो रही अर्थव्यवस्था को इस प्रस्ताव में उजागर किया जाएगा। इसमें गरीबों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की ओर से किए जा रहे कामों का भी जिक्र किया जाएगा। चर्चा के बाद आर्थिक प्रस्ताव पारित किए जाने की संभावना है।

Tags:    

Similar News