पीएम मोदी की चुनावी रैली! कहा- कांग्रेस का नियम, 'खुद भी लूटो, औरों को भी लूटने दो'

झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे दौर के मतदान से पहले सोमवार को पीएम मोदी ने बरही में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने अपने भाषण में कर्नाटक उप चुनावों के नतीजों के रुझानों में बीजेपी की मजबूत स्थिति का जिक्र किया

Update: 2019-12-09 10:35 GMT

बरही: झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे दौर के मतदान से पहले सोमवार को पीएम मोदी ने बरही में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने अपने भाषण में कर्नाटक उप चुनावों के नतीजों के रुझानों में बीजेपी की मजबूत स्थिति का जिक्र किया, उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर वे झारखंड का विकास चाहते हैं तो बीजेपी को पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने दें।

कर्नाटक के राजनीतिक संकट...

बरही में चुनावी रैली को संबोधित करने के दौरान पीएम मोदी ने कर्नाटक के राजनीतिक संकट का जिक्र करते हुए झारखंड की जनता को आगाह किया। उन्होंने कहा कि अगर त्रिशंकु परिणाम आता है तो कर्नाटक की तरह तबाह करने वाले मैदान में आ जाते हैं। इसलिए हम तय करें कि हम झारखण्ड को बर्बाद नहीं होने देंगे।

कर्नाटक में वोटों की गिनती जारी...

इसके साथ ही आपको बताते चलें कि कर्नाटक में 15 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। अभी तक के रुझानों में जनादेश स्पष्ट रूप से बीजेपी के पक्ष में है। उधर महज दो सीटों पर आगे चल रही कांग्रेस ने हार मान ली है।

पीएम मोदी ने कहा...

पीएम मोदी ने संबोधन के दौरान कर्नाटक की कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी को रोकने के लिए इन्‍होंने जो सीएम बनाया था उसे भी रोज बंदूक दिखाई जाती थी। वह सीएम जनता के बीच रोता, गिड़गिड़ाता था। कर्नाटक के सीएम का हाल किडनैप होने वाले से भी बुरा कर दिया था।

साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस कभी भी गठबंधन के भरोसे पर खरी नहीं उतरी है। वह अपने मतलब के लिए गठबंधन और जनादेश का उपयोग करती है, और सहयोगियों को कठपुतली की तरह प्रयोग करती है।

इससे जनता को सही शासन नहीं मिलता है, पूरा राज्‍य अनिश्चितता, खरीद-बिक्री में डूब जाता है। इसलिए बीजेपी को पूर्ण बहुमत से चुनें ताकि झारखंड को स्थिर शासन मिले, ताकि पांच साल विकास हो।'

कांग्रेस ने किया पर्दे के पीछे खेल..

कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि जनता ने चुनाव में बीजेपी को सरकार बनाने के लिए जनादेश दिया था, लेकिन कांग्रेस ने पर्दे के पीछे से खेल करके बीजेपी को सरकार बनाने नहीं दी थी। लेकिन आज जनता ने उन्हें सजा दी है, ज्यादातर सीटों पर बीजेपी जीत हासिल कर रही है या तेजी से आगे बढ़ रही है।

जनता का आभार...

मोदी ने चुनाव परिणाम रुझानों का जिक्र करते हुए कहा कि मैं स्थिरता और विकास के लिए बीजेपी पर एक बार फिर विश्‍वास जताने के लिए कर्नाटक की जनता का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के लोगों ने ये सुनिश्चित कर दिया है कि कांग्रेस या जेडीएस वहां के लोगों से साथ विश्वासघात नहीं कर पाएंगे।

झारखंड याद रखे कर्नाटक का सच...

कर्नाटक का उल्‍लेख करते हुए मोदी ने कहा कि यह देश के तमाम राज्यों के लिए संदेश है कि कोई जनादेश के खिलाफ जाएगा, जनता को धोखा देगा, तो पहला मौका मिलते ही जनता उसे पूरी सजा देगी। कांग्रेस की सच्चाई को झारखंड के लोगों को भी याद रखना है।

उन्होंने कहा कि कर्नाटक के परिणामों को याद रखना जरूरी है। देश में उठापटक की राजनीति करने वाले नेताओं को ये मजबूत संदेश है। कांग्रेस और उसके सहयोगियों के एक-एक उम्मीदवार को झारखंड में भी हराना जरूरी है।

कांग्रेस की राजनीति पर पीएम मोदी ने कहा...

कांग्रेस की राजनीति पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दो काम प्राथमिक रूप से किए हैं। एक- लूट का खेल, खुद भी लूटो, औरों को भी लूटने दो। दूसरा- लटकाने का। ये अगर नहीं लूट सके, तो उसे लटका देते हैं।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस ही है जिसने भगवान राम की जन्मभूमि को लेकर चल रहे विवाद को अपनी वोट बैंक की राजनीति के लिए दशकों तक लटकाए रखा। यह फैसला भी तब आया जब आपने दिल्ली में बीजेपी की मजबूत सरकार बनाई।

ओबीसी और सामान्‍य वर्ग...

पीएम मोदी ने कहा कि दशकों तक देश में यह मांग उठती रही कि झारखंड और देश के करोड़ों ओबीसी परिवारों के हितों की सुरक्षा के लिए ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा दिया जाए। लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों ने पिछड़ों के हितों को बचाने वाला यह काम न तो किया और न होने दिया।

साथ ही उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग के गरीब परिवारों को आरक्षण देने की मांग के लिए दशकों से आंदोलन चल रहा था। हमारी सरकार ने सामान्य वर्ग के गरीबों को 10% आरक्षण देने का काम किया।

Tags:    

Similar News