Rahul Gandhi Birthday: समय-समय पर बदलता रहा राहुल का लुक, कभी क्लीन शेव तो कभी बढ़ी हुई दाढ़ी बनी चर्चा का विषय

Rahul Gandhi Birthday: राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को हुआ था। 2004 में पहली बार सांसद बनने के बाद राहुल सियासी मैदान में लगातार सक्रिय बने हुए हैं और कांग्रेस की रणनीति में प्रमुख भूमिका निभाते रहे हैं।

Update: 2023-06-19 03:42 GMT
Rahul Gandhi Birthday (photo: social media )

Rahul Gandhi Birthday: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इन दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ जमकर मोर्चा खोल रखा है। देश ही नहीं बल्कि विदेशी दौरे के समय भी राहुल मोदी सरकार को सवालों के कठघरे में खड़े करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। हालांकि विदेशी दौरे के समय राहुल के बयानों को लेकर विवाद भी पैदा हुआ है मगर राहुल विभिन्न मुद्दों को लेकर मोदी सरकार को घेरना नहीं छोड़ा है। राहुल गांधी का आज जन्मदिन है और इस मौके पर कांग्रेस की ओर से विविध आयोजन करने की तैयारी है।

राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को हुआ था। 2004 में पहली बार सांसद बनने के बाद राहुल सियासी मैदान में लगातार सक्रिय बने हुए हैं और कांग्रेस की रणनीति में प्रमुख भूमिका निभाते रहे हैं। हाल के वर्षों में राहुल का बदलता लुक भी सोशल मीडिया और लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की बढ़ी हुई दाढ़ी भी चर्चा का विषय बनी थी। बाद में अपनी विदेश यात्रा के दौरान राहुल कटी हुई दाढ़ी के साथ नजर आए थे। राहुल गांधी की दाढ़ी को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से कई विवादित बयान भी दिए गए जिसे लेकर कांग्रेस ने तीखी आपत्ति जताई थी।

क्लीन शेव में आकर्षक नजर आए राहुल

यदि दिसंबर 2021 की बात की जाए तो उस समय राहुल गांधी क्लीन शेव में नजर आए थे। राज्यसभा के 12 सांसदों के निलंबन के खिलाफ विपक्ष ने जोरदार मोर्चा खोल दिया था। विपक्षी सांसदों ने इस कदम के खिलाफ प्रदर्शन के जरिए अपना विरोध जताया था। राहुल गांधी भी विपक्षी सांसदों के इस विरोध विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए विजय चौक पहुंचे थे और इस दौरान राहुल गांधी क्लीन शेव में नजर आए थे। मीडिया में क्लीन शेव वाली राहुल गांधी की यह तस्वीर छा गई थी। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने राहुल गांधी के इस लुक को लेकर तरह-तरह की टिप्पणियां की थीं।

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बढ़ाई दाढ़ी

हाल के वर्षों में राहुल गांधी का वह लुक काफी चर्चा का विषय बना जिस लुक में राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान नजर आए थे। राहुल गांधी ने देश में 3570 किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी। यह यात्रा 136 दिनों बाद जम्मू-कश्मीर में जाकर समाप्त हुई थी। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने देश के विभिन्न प्रदेशों में जनसभाएं भी की थीं और इन जनसभाओं के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ जमकर हमला बोला था। राहुल गांधी की यह पदयात्रा 12 प्रदेशों और दो केंद्र शासित क्षेत्रों से होकर गुजरी थी।

इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने अपनी दाढ़ी नहीं बनाई थी और उनकी बढ़ी हुई दाढ़ी वाली फोटो चर्चा का विषय बन गई थी। यात्रा के दौरान राहुल गांधी सफेद हाफ टीशर्ट पहने हुए नजर आए थे। भीषण ठंड में राहुल गांधी की टी-शर्ट में बढ़ी हुई दाढ़ी के साथ वाली फोटो मीडिया में खूब छाई रही। राहुल गांधी के इस लुक को लेकर कुछ भाजपा नेताओं ने विवादित टिप्पणियां भी की थीं। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने तो राहुल की तुलना ओसामा बिन लादेन के साथ कर डाली थी जिस पर कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रिया जताई गई थी।

ब्रिटेन यात्रा के दौरान बदला राहुल का लुक

भारत जोड़ो यात्रा के बाद ब्रिटेन यात्रा के दौरान राहुल गांधी का बदला हुआ लुक नजर आया था। गत फरवरी महीने के दौरान राहुल गांधी ब्रिटेन के सात दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने के साथ ही भारतीय प्रवासियों को भी संबोधित किया था। अपनी ब्रिटेन यात्रा के दौरान राहुल गांधी सूट-बूट में ट्रिम की हुई दाढ़ी के साथ नजर आए थे।

गौर करने वाली बात यह थी कि राहुल गांधी क्लीन शेव में नजर नहीं आए बल्कि उन्होंने हल्की दाढ़ी बढ़ा रखी थी।

सोशल मीडिया पर भी राहुल गांधी के इस नए लुक की खूब चर्चा हुई थी। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए लिखा था कि राहुल गांधी को पक्का कोई बनारसी नाई मिला है जिसने धांसू स्टाइल में दाढ़ी-मूंछ सेट किया है। राहुल गांधी के इस नए लुक से मोदी जी का आत्मविश्वास निश्चित रूप से डगमगा जाएगा। विपक्ष के मजबूत नेता के रूप में राहुल गांधी ने अलग पहचान बनाई है और समय-समय पर उनका बदलता लुक लोगों के बीच हमेशा चर्चा का विषय बना है।

Tags:    

Similar News