'मोदीजी आपका अहंकार भी टूटेगा', सोनम वांगचुक सहित 130 की हिरासत पर बोले राहुल गांधी

Sonam Wangchuck: सोनम वांगचुक को सिंधू बॉर्डर पर उनके 130 साथियों के साथ हिरासत में लिया गया है। इस मामले पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है।

Newstrack :  Network
Update:2024-10-01 09:44 IST

Sonam Wangchuck (Pic: Social Media)

Sonam Wangchuck: सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। सिंधू बॉर्डर पर उनके साथ 130 अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। सोनम वांगचुक 700 किलोमीटर लंबी 'दिल्ली चलो पदयात्रा' कर रहे हैं। उनके साथ सैकड़ों की संख्या लोग मौजूद थे। वह हरियाणा से दिल्ली में दाखिल हुए। यहीं पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। लद्दाख से उनके साथ 130 से अधिक कार्यकर्ता भी थे। पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया है। इस मामले पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हिरासत की आलोचना करते हुए पीएम मोदी पर निशाना साधा है। पुलिस सभी को नरेला इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस स्टेशन लेकर गई है। 

राहुल गांधी की प्रतिक्रिया

राहुल गांधी ने इस मामले पर सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर प्रतिक्रिया दी। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि, पर्यावरण और संवैधानिक अधिकारों के लिए शांतिपूर्वक मार्च कर रहे सोनम वांगचुक और सैकड़ों लद्दाखियों की हिरासत अस्वीकार्य है। लद्दाख के भविष्य के लिए खड़े होने वाले बुजुर्ग नागरिकों को दिल्ली की सीमा पर हिरासत में क्यों लिया जा रहा है? मोदी जी, किसानों की तरह ये चक्रव्यूह टूटेगा और आपका अहंकार भी टूटेगा। आपको लद्दाख की आवाज सुननी होगी। 

सोनम वांगचुक ने पोस्ट कर दी जानकारी

हिरासत में लिए जाने के बाद सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने भी सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि, मुझे हिरासत में लिया जा रहा है। मेरे साथ 150 पदयात्रियों को भी हिरासत में लिया गया है। दिल्ली सीमा पर 100 पुलिस कर्मी तैनात हैं कुछ का कहना है कि इनकी संख्या 1,000 है। पोस्ट में उन्होंने बताया कि उनके साथ 80 से ज्यादा के उम्र की महिलाएं और कुछ दर्जन सेना के अनुभवी लोग शामिल थे। कहा कि हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र, लोकतंत्र की जननी में बापू की समाधि तक सबसे शांतिपूर्ण मार्च पर थे। मगर दिल्ली पुलिस ने हमें हिरासत में ले लिया है। हम नहीं जानते हमारे साथ क्या होगा। हमारा भाग्य अज्ञात है। 


Tags:    

Similar News