Wayanad Seat: राहुल गांधी ने वायनाड सीट छोड़ी, प्रियंका लड़ेंगी चुनाव

Wayanad Seat: इस तरह देखा जाए तो कांग्रेस ने एक ही साथ दो बड़ी घोषणाएं की हैं। एक तो राहुल का निर्णय कि वह रायबरेली से ही सांसद बने रहेंगे और दूसरा कि कांग्रेस ने वायनाड उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी भी उतार दिया है।

Update: 2024-06-17 14:05 GMT

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी   (photo: social media )

Wayanad Seat: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल की वायनाड लोकसभा सीट छोड़ेंगे। अब वे यूपी के रायबरेली से ही लोकसभा सांसद बने रहेंगे। वायनाड से प्रियंका गांधी लोकसभा का उप चुनाव लड़ेंगी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि राहुल गांधी रायबरेली से लोकसभा सांसद बने रहेंगे। वहीं उन्होंने राहुल गांधी के वायनाड सीट छोड़ने की घोषणा की और साथ ही यह भी कहा कि, प्रियंका गांधी केरल के वायनाड लोकसभा सीट से उपचुनाव लड़ेंगी। इस दौरान उन्होंने प्रियंका गांधी के एक पुराने स्लोगन लड़की हूं, लड़ सकती हूं का प्रयोग करते हुए कहा कि वह वायनाड से उपचुनाव लड़ेंगी।

इस तरह देखा जाए तो कांग्रेस ने एक ही साथ दो बड़ी घोषणाएं की हैं। एक तो राहुल गांधी का निर्णय कि वह रायबरेली से ही सांसद बने रहेंगे और दूसरा कि कांग्रेस ने वायनाड उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी भी उतार दिया है। 

राहुल गांधी ने सोमवार को केरल की वायनाड लोकसभा सीट छोड़ने का फैसला किया और अपने पारिवारिक गढ़ उत्तर प्रदेश के रायबरेली से सांसद बने रहने का फैसला किया। बता दें कि 2024 का लोकसभा चुनाव राहुल गांधी ने केरल के वायनाड और यूपी के रायबरेली दोनों जगहों से लड़ा था और दोनों की सीटों से वे चुनाव जीते। नई दिल्ली में पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की बैठक हुई जिसमें चर्चा के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस फैसले की घोषणा की गई।

यह पहली बार होगा जब प्रियंका गांधी लड़ेंगी लोकसभा चुनाव

यह पहली बार होगा जब प्रियंका गांधी लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। प्रियंका गांधी 2024 के चुनाव में पार्टी के लिए जमकर प्रचार किया था। उन्होंने रायबरेली और अमेठी में जमकर प्रचार किया था और इन दोनों सीटों पर कांग्रेस ने भारी मतों से जीत दर्ज की थी। अब प्रियंका गांधी केरल के वायनाड से लोकसभा का उप चुनाव लड़ेंगी।  

2019 में अमेठी से हार तो वायनाड से मिली थी जीत

2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने यूपी के अमेठी और केरल के वायनाड से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। जहां अमेठी से उनको हार का सामना करना पड़ा था तो वहीं वायनाड से उन्होंने भारी जीत दर्ज की थी। अमेठी से राहुल गांधी को भाजपा की स्मृति ईरानी ने चुनाव हराया था। लेकिन 2024 में राहुल गांधी ने अमेठी की जगह कांग्रेस की दूसरी परंपरागत सीट रायबरेली से चुनाव लड़ा जहां से उन्होंने भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह को भारी मतों के अंतर से हराया। वहीं इस बार कांग्रेस ने गांधी परिवार के पुराने वफादार किशोरी लाल शर्मा को इस बार अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ाया था। किशोरी लाल ने भाजपा की स्मृति ईरानी को एक लाख से अधिक वोटों के अंतर से चुनाव हरा कर जीत दर्ज की। इस बार राहुल गांधी ने वायनाड और रायबरेली सीट से चुनाव लड़ा और दोनों जगहों से भारी अंतर से जीत दर्ज की। 

Similar News