Rajasthan Election 2023 : राजस्थान की 200 में से 199 सीटों पर ही होंगे चुनाव, जानें वजह

Rajasthan Election 2023 :राजस्थान में मतदान से पहले कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कूनर का देहांत हो गया। 25 नवंबर को मतदान के दिन राज्य की 200 में से 199 सीटों पर ही चुनाव होंगे।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-11-15 06:26 GMT

Rajasthan Election 2023 (Photo : Social Media) 

Rajasthan Election 2023. राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए होने जा रहे मतदान से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के एक मौजूदा विधायक और प्रत्याशी का दिल्ली के अस्पताल में देहांत हो गया। करणपुर विधानसभा सीट से विधायक और यहीं से कांग्रेस के उम्मीदवार गुरमीत सिंह कूनर का 75 साल के उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 4 नवंबर को अपना नामांकन दाखिल किया था।

उनके निधन के बाद अब 25 नवंबर को राजस्थान में 200 की बजाय 199 सीटों पर ही मतदान होगा। इस सीट पर अब 25 नवंबर के बाद चुनाव आयोग उपचुनाव कराएगा। इसे एक संयोग ही कहें या कुछ और ये तीसरा मौका है, जब 200 की बजाय 199 सीटों पर चुनाव होने जा रहा है। इससे पहले ऐसा 2013 और 2018 में हो चुका है।

चुनाव प्रचार के दौरान ही बिगड़ गई थी तबियत 

कांग्रेस से टिकट मिलने के बाद गुरमीत सिंह कूनर चुनाव मैदान में प्रचार के लिए उतर गए थे। अधिक उम्र होने के बावजूद भी जोर शोर से प्रचार में जुटे हुए थे। इसी बीच अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई और 12 नवंबर को दिल्ली स्थिति अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उन्हें भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। अस्पताल द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, कूनर को गुर्दे की बीमारी थी, साथ ही वे हाइपरटेंशन से भी पीड़ित थे।


2018 में जीता था निर्दलीय चुनाव

गुरमीत सिंह कूनर ने साल 2018 के विधानसभा चुनाव में करणपुर सीट से निर्दलीय जीत हासिल की थी। उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार सुरेंद्र पाल सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी पृथीवाल सिंह संधू को हराया था। निर्दलीय विधायक के रूप में जीते कूनर को सीएम अशोक गहलोत ने अपनी सरकार में शामिल कर मंत्रा बना दिया था। इतना ही नहीं उन्होंने इस बार पुराने प्रत्याशी पृथीवाल सिंह संधू का टिकट कटवाकर कूनर को कांग्रेस का टिकट दिलवाया था। बीजेपी की ओर से एकबार फिर उनके सामने मैदान में सुरेंद्र पाल सिंह ही थे।


एमपी में भी बिगड़ रही उम्मीदवारों की तबियत

चुनावी मौसम में नेताओं की धुंआधार रैली हो रही है। प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में दिन-रात एक किए हुए हैं। उनकी कोशिश हर बूथ के मतदाता तक पहुंचने की है। ऐसे में नेताओं को ठंड के मौसम में भी जमकर पसीना बहाना पड़ रहा है। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी बीच चुनाव में अचानक अपने प्रत्याशियों की सेहत बिगड़ जाने से परेशान है। पार्टी के चार उम्मीदवार खराब तबियत के कारण चुनाव मैदान से बाहर हैं। जिन भाजपा प्रत्याशियों की सेहत खराब हुई है, वो हैं - प्रद्युम्न सिंह तोमर, जजपाल जज्जी, करण सिंह वर्मा और उमाकांत शर्मा।


बता दें कि राजस्थान में जहां 25 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं, मध्य प्रदेश में दो दिन बाद यानी 17 नवंबर को मतदान है। नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।

Tags:    

Similar News