'बाहर निकले तो फिर...' रवि किशन के वायरल वीडियो से तंग आई पत्नी, हाउस अरेस्ट का बनया प्लान!
Ravi Kishan House Arrest: रवि किशन के लगातार वायरल हो रहे डांस, 'कोठेश्वराय' और 'मौन व्रत' से जुड़े वीडियो ने सोशल मीडिया पर धूम मचा रखी है। अब उनकी पत्नी प्रीति शुक्ला ने मजाकिया अंदाज में बच्चों से उन्हें घर में बंद रखने की बात कही।
Ravi Kishan House Arrest: बॉलीवुड और भोजपुरी सिनेमा के जाने-माने अभिनेता तथा गोरखपुर सीट से भाजपा के सांसद रवि किशन इन दिनों इंटरनेट पर जबरदस्त तहलका मचा रहे हैं। उनका अनोखा डांस अंदाज हो, 'कोठेश्वराय' गाना हो या फिर उनके 'मौन व्रत' से जुड़े वीडियो, हर क्लिप तेजी से लोगों के बीच शेयर हो रही है। सोशल मीडिया पर उनके इस तरह अचानक छा जाने पर उनकी पत्नी प्रीति शुक्ला की बेहद मजेदार प्रतिक्रिया सामने आई है। रवि किशन ने खुद एक बातचीत के दौरान खुलासा किया कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता को देखकर उनकी पत्नी ने हंसते हुए बच्चों से उन्हें घर के कमरे में बंद करने की सलाह दे डाली।
'घर में ही बंद कर दो, नहीं तो फिर वायरल होंगे'
एक मीडिया इंटरव्यू में रवि किशन ने अपनी पत्नी के इस मजाकिया बयान का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी का कहना है कि वे जैसे ही घर से कदम बाहर रखते हैं, तुरंत इंटरनेट पर छा जाते हैं। इसी बात पर चुटकी लेते हुए प्रीति शुक्ला ने बच्चों से कहा कि अपने पापा को घर के एक कमरे में ही बंद करके रख दो। जब वे बाहर ही नहीं निकलेंगे तो सोशल मीडिया पर वायरल कैसे होंगे। यह सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
जब पत्नी ने 'घमंड' उतारने के लिए भेजा था बिग बॉस
रवि किशन ने पत्नी के इस मजाक को अपने पुराने दिनों की एक खास घटना से जोड़ा। उन्होंने बताया कि अपने करियर के एक दौर में वे बेहद व्यस्त हो गए थे। उस समय वे एक साथ 17 फिल्मों में काम कर रहे थे। स्थिति यह थी कि वे दिन-रात गाड़ियों में ही सोते थे और लगातार कई शिफ्ट में शूटिंग निपटाते थे। इतनी ज्यादा सफलता और काम की वजह से उनके मन में थोड़ा अहंकार आने लगा था। तब उनकी पत्नी प्रीति को महसूस हुआ कि उनका स्वभाव बदल रहा है। इस घमंड को तोड़ने के लिए ही उनकी पत्नी ने उन्हें रिएलिटी शो 'बिग बॉस' में 3 महीने के लिए भेज दिया था। अभिनेता का मानना है कि उस शो ने उनके सोचने का तरीका पूरी तरह बदल दिया और वे एक बेहतर इंसान बनकर वापस लौटे।
1993 में बांधी थी शादी की डोर
यदि रवि किशन के व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो उन्होंने वर्ष 1993 में प्रीति शुक्ला के साथ सात फेरे लिए थे। इस दंपति के कुल 4 बच्चे हैं, जिनमें 3 बेटियां रीवा, इशिता और तनिष्का हैं, जबकि 1 बेटा सक्षम है। रवि किशन अक्सर अपने खुशहाल परिवार के चित्र और खास लम्हे प्रशंसकों के साथ साझा करते रहते हैं।
जेन-जी के प्यार ने किया निशब्द
हाल ही में दिल्ली के एक विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए रवि किशन ने युवाओं के समर्थन पर अपने दिल की बात कही। उन्होंने बताया कि उनके 'मौन व्रत' के दौरान जिस तरह से आज की युवा पीढ़ी यानी जेन-जी ने उन्हें अपना प्यार दिया, उससे वे भावुक हो गए। उन्होंने युवाओं को देश का असली भविष्य बताते हुए उनकी सोच और रचनात्मकता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि जिस अंदाज में युवा उनके बयानों और स्टाइल पर मजेदार रील्स बना रहे हैं, वह काबिले तारीफ है।
गोरखपुर से सांसद के रूप में जनता की सेवा करने के साथ-साथ रवि किशन अभिनय की दुनिया में भी पूरी तरह सक्रिय हैं। वे हाल ही में 'धमाल 4' में नजर आए। उनके पास सितंबर 2026 की 'मिर्जापुर: द फिल्म', 'खोसला का घोसला 2', 'आर्यभट्ट का जीरो' और 'मां बहन' फिल्में शामिल हैं।