एक हुईं RCOM-AIRCEL, देश की तीसरी बड़ी मोबाइल सेवा देने वाली बनेगी कंपनी

Update: 2016-09-14 21:04 GMT

मुंबईः रिलायंस जियो लॉन्च करने वाले मुकेश अंबानी के भाई अनिल ने बुधवार को बड़ा धमाका किया। उनकी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन (आरकॉम) और एयरसेल का मर्जर होने जा रहा है। नई कंपनी 'मर्डेको' नाम से होगी। ये देश की तीसरी सबसे बड़ी मोबाइल सेवा देने वाली कंपनी बन जाएगी। नई कंपनी टू जी, थ्री जी और फोर जी सेवा भी देगी। इसे टेलीकॉम क्षेत्र में सबसे बड़ा मर्जर माना जा रहा है।

मर्जर से क्या होगा खास?

इस मर्जर से दोनों कंपनियों की कुल संपत्ति का मूल्य 65 हजार करोड़ रुपए का होगा। नई कंपनी में आरकॉम और एयरसेल का आधा-आधा हिस्सा होगा। साथ ही इससे आरकॉम का 20 हजार करोड़ और एयरसेल का चार हजार करोड़ रुपए का कर्ज घट जाएगा। नई कंपनी के पास 2033-34 तक 850, 900, 1800 और 2100 मेगाहर्ट्ज का सबसे बड़ा स्पेक्ट्रम होगा।

तीसरी सबसे बड़ी होगी कंपनी

अभी 25 करोड़ से ज्यादा उपभोक्ताओं के साथ भारती एयरटेल सबसे बड़ी मोबाइल सेवा देने वाली कंपनी है। 19.8 करोड़ उपभोक्ताओं के साथ वोडाफोन दूसरे और 17.5 करोड़ उपभोक्ताओं के साथ आइडिया सेल्युलर तीसरे नंबर पर हैं। आरकॉम के 11 करोड़ और एयरसेल के 8.4 करोड़ उपभोक्ता हैं। दोनों को मिला देने से उसके उपभोक्ता आइडिया से ज्यादा हो जाएंगे। इस तरह वह तीसरे नंबर की कंपनी बन सकेगी।

Tags:    

Similar News