Congress Session 2023: सोनिया गांधी का मोदी सरकार पर हमला, बोलीं- दलितों और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार

Congress Session 2023: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देश की ग्रैंड ओल्ड पार्टी कांग्रेस का तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन चल रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी ने भी आज संबोधित किया।

Update: 2023-02-25 09:20 GMT

Congress Session 2023 (Photo: Social Media)

Congress Session 2023: कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देश की ग्रैंड ओल्ड पार्टी का तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन चल रहा है। शनिवार को अधिवेशन का दूसरा दिन है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी ने भी आज संबोधित किया। इस दौरान सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दलितों और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहा है।

बेहद मुश्किल समय में यात्रा 

हर संस्था का दुरूपयोग किया जा रहा है। संविधान के मूल्यों पर चोट की जा रही है। भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने बेहद मुश्किल समय में यात्रा को पूरा किया। देश और कांग्रेस के लिए ये चुनौती का समय है। कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अधिवेशन के तीसरे एवं अंतिम दिन राहुल गांधी संबोधित करेंगे। अधिवेशन को लेकर सोनिया, राहुल, प्रियंका समेत कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता इन दिनों रायपुर में हैं।

खड़गे ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार रेल, तेल और जेल सबकुछ अपने मित्रों को बेच रही है। सरकार में बैठे लोगों का डीएनए गरीब विरोधी है। खड़गे ने कहा कि देश में आज नफरत का माहौल है। पिछले 75 साल में आज देश सबसे कठिन चुनौतियों से जूझ रहा है।

छत्तीसगढ़ में होंगे विधानसभा चुनाव

जिस छत्तीसगढ़ में इन दिनों कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन चल रहा है, वहां साल के आखिरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। पिछली बार यानी 2018 में कांग्रेस ने पीएम मोदी के सत्ता में आने के बाद पहली बार किसी राज्य में विशाल बहुमत के साथ सत्ता हासिल की थी। छत्तीसगढ़ में 15 सालों से सत्ता में काबिज बीजेपी 20 सीटों के अंदर ही सिमट गई थी।

चुनाव में कांग्रेस को सफलता नहीं

लेकिन 6 माह बाद हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उस सफलता को दोहरा नहीं पाई और अधिकांश सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की। हालांकि, वर्तमान में कांग्रेस कर्नाटक के अलावा जिस राज्य में सबसे अधिक मजबूत है और वहां उसके दोबारा सत्ता में आने की चांस अधिक हैं, वो छत्तीसगढ़ ही है। 

Tags:    

Similar News