BJP National Convention: पीएम मोदी के संबोधन की वे आठ बातें, जानिए क्या कहा प्रधानमंत्री ने

BJP National Convention: पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि ये हमारा सपना भी है और संकल्प भी है कि हमें भारत को विकसित बनाना है। अगले 5 साल में भारत को पहले से भी कई गुना तेजी से काम करना है। अगले 5 साल में हमें विकसित भारत की तरफ एक लंबी छलांग लगानी है। विकसित भारत के संकल्प से जुड़े सुझावों के लिए हम डेढ़ साल से चुपचाप काम कर रहे हैं।

Update: 2024-02-18 12:14 GMT

BJP National Convention: भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन यानी रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने एक ओर जहां अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाई तो वहीं विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। यहां हम पीएम मोदी के संबोधन की वे आठ बातें बताने जा रहे हैं। जिसमें उन्होंने अपनी सरकार के कामकाज की बात तो कही है साथ ही विपक्ष पर भी निशाना साधा।

...तो आइए जानते हैं पीएम मोदी के भाषण की वो आठ बातें-

1-एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना हमारी गवर्नेंस भी दिखती है

पीएम मोदी ने कहा, देश को एक ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनने में 60 वर्ष लगे और हमारे 10 साल के कार्यकाल में हम तीन ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बन गए हैं। इस समय भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और हमारा इंफ्रास्ट्रक्चर बजट 11 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना हमारी गवर्नेंस भी दिखती है।

Photo- Social Media

2-सबका साथ, सबका विकास हमारे काम से ही झलकता है

उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में नार्थ-ईस्ट को पूरी तरह अनदेखा कर दिया गया था, लेकिन हम वोट और सीटों के लिए काम नहीं करते। हमारे लिए तो देश का हर कोना समृद्ध और विकसित हो, यही हमारा भाव है। पीएम ने कहा, हमे गर्व है कि हम बीजेपी की ऐसी संस्कृति का हिस्सा हैं, जिसमें मंत्रालय में रिकॉर्ड ओबीसी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाता है। हमारी सरकार सबके लिए है। सबका साथ, सबका विकास हमारे काम से ही झलकता है।

3-हम विकसित भारत के संकल्प पर काम कर रहे हैं

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि ये हमारा सपना भी है और संकल्प भी है कि हमें भारत को विकसित बनाना है। अगले 5 साल में भारत को पहले से भी कई गुना तेजी से काम करना है। अगले 5 साल में हमें विकसित भारत की तरफ एक लंबी छलांग लगानी है। विकसित भारत के संकल्प से जुड़े सुझावों के लिए हम डेढ़ साल से चुपचाप काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, आपको जानकर खुशी होगी कि अब तक 15 लाख से ज्यादा लोगों ने विकसित भारत के रोडमैप और नीतियों के लिए अपने विचार रखे हैं। इन 15 लाख में से आधे से ज्यादा वो लोग हैं जिनकी उम्र 35 साल से कम है। इस युवा सोच के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं।

Photo- Social Media

4-हम राजनीति नहीं, राष्ट्रनीति करने आए हैं

पीएम मोदी ने कहा कि कई लोग हमसे बोलते हैं कि बहुत काम हो गया, अब थोड़ा आराम कीजिए, लेकिन हमारा उन्हें कहना है कि हम राजनीति करने नहीं राष्ट्रनीति करने आए हैं। हमारे विपक्ष के दल भले ही योजनाओं को पूरा करना न जानते हों, लेकिन झूठे वादे करने में इनका कोई जवाब नहीं है। आज एक वायदा करने से ये सारे राजनीतिक दल घबराते हैं। वो वादा है- विकसित भारत का, और ये हमारा वादा है। सिर्फ और सिर्फ भाजपा और एनडीए गठबंधन ने ही इसका सपना देखा है।

5-हमारे सपने भी विराट और संकल्प भी विराट होंगे

प्रधानमंत्री ने कहा, भारत ने आज हर क्षेत्र में जो ऊंचाई हासिल की है, उसने हर देशवासी को एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है। ये संकल्प है विकसित भारत का। अब देश न छोटे सपनें देख सकता है और न ही छोटे संकल्प ले सकता। हमारे सपनें भी विराट होंगे और संकल्प भी विराट होंगे। ये हमारा सपना भी है और संकल्प भी है कि हमे भारत को विकसित बनाना है।

6-सरकार के काम को गिनाए

पीएम मोदी ने कहा, कोई भी देश हो वो अपना भविष्य तभी संवार सकता है, जब वो अपने इतिहास को सहजकर रखता है। बीते वर्षों में भारत ने अपने इतिहास को संवारा भी है और सहेजा भी है। पीएम ने कहा, हमने दांडी में नमक सत्याग्रह के आधुनिक स्मारक का निर्माण किया है, बाबा आंबेडकर के पंच तीर्थों को विकसित किया, सरदार पटेल का स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी हमारी सरकार ने बनाया, 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका दिवस के रूप में मनाया, 26 दिसंबर को संविधान दिवस घोषित करने का फैसला भी हमारी सरकार में हुआ।

Photo- Social Media

7-सदियों से लटके काम पूरे किए

पीएम ने कहा, मिशन शक्ति से देश में महिला सशक्तिकरण का वातावरण तैयार होगा। पीएम विश्वकर्मा योजना से परंपरागत कला से जुड़ी बहनें सशक्त होंगी। गांव के पास ही बेहतर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर बनेंगे तो बेटियां खेलों में कमाल करेंगी। उन्होंने कहा, बीते 10 वर्ष साहसिक फैसलों और दूरगामी निर्णयों के साल हैं। सदियों से लटके काम पूरे किए गए हैं। 500 वर्षों के इंतजार के बाद राम मंदिर का निर्माण किया। सात दशक के इंतजार के बाद देश को आर्टिकल 370 से मुक्ति मिली। चार दशक बाद वन रैंक वन पेंशन की सौगात मिली है। तीन दशक बाद लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण मिला है। दशकों से नए संसद भवन की जरूरत थी उसे हमने ही पूरा किया।

8-हर नए वोटर, हर लाभार्थी, हर वर्ग, समाज, सबके पास पहुंचना है

प्रधानमंत्री ने कहा, आज 18 फरवरी है और इस कालखंड में जो युवा 18 वर्ष के पड़ाव पर पहुंचें हैं, वो देश की 18वीं लोकसभा का चुनाव करने वाले हैं। अगले 100 दिन हम सबको जुट जाना है। हर नए वोटर, हर लाभार्थी, हर वर्ग, समाज, पंथ, परंपरा सबके पास पहुंचना है। हमे सबका विश्वास हासिल करना है। जब सबका प्रयास होगा, तो देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीटें भी एनडीए को ही मिलेंगी। इन दो दिनों में जो चर्चा और विचार-विमर्श हुआ है। ये देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारे संकल्प को दृढ़ करने वाली बातें हैं।

Tags:    

Similar News