Tripura Assembly Election: त्रिपुरा में भाजपा ने झोंकी ताकत, पीएम मोदी आज करेंगे दो चुनावी रैलियां

Tripura Assembly Election:पीएम मोदी आज त्रिपुरा में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा की ओर से जोरदार तैयारियां की गई हैं।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-02-11 04:12 GMT

PM Modi rally in Tripura  (photo: social media )

Tripura Assembly Election: त्रिपुरा में 16 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर पहुंच चुका है। राज्य में अपनी सत्ता बचाए रखने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत होती है और पार्टी के शीर्ष नेता लगातार राज्य का दौरा करने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा की चुनावी संभावनाओं को मजबूत बनाने के लिए आज त्रिपुरा के दौरे पर पहुंचेंगे।

पीएम मोदी आज त्रिपुरा में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। मोदी की अंबासा और गोमती में होने वाली इन चुनावी सभाओं के लिए भाजपा की ओर से जोरदार तैयारियां की गई हैं। माना जा रहा है कि चुनावी सभाओं के दौरान पीएम मोदी कांग्रेस और लेफ्ट के गठबंधन पर जोरदार हमला बोलेंगे।

पीएम मोदी की रैलियों की जोरदार तैयारियां

त्रिपुरा में भाजपा अपनी सत्ता बचाए रखने की कोशिशों में जुटी हुई है। कांग्रेस और माकपा के हाथ मिला लेने के कारण भाजपा के लिए इस बार कड़ी चुनौती मानी जा रही है। इसी कारण पार्टी ने पूरी ताकत लगा रखी है। पार्टी की ओर से आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी की पहली रैली धलाई जिले के अंबासा में होगी जबकि गोमती में अपराह्न तीन बजे मोदी की दूसरी रैली का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री माणिक साहा, त्रिपुरा में भाजपा के चुनाव प्रभारी महेश शर्मा और और पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने पीएम मोदी की रैलियों की तैयारियों का जायजा लिया है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री की इन रैलियों के जरिए पार्टी राज्य में अपनी ताकत दिखाएगी।

भाजपा ने झोंक रखी है पूरी ताकत

2018 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद राज्य में अपनी सरकार बनाने वाली भाजपा के लिए इस बार का विधानसभा चुनाव काफी अहम माना जा रहा है। कांग्रेस और लेफ्ट की चुनौती के कारण भाजपा के शीर्ष नेता लगातार राज्य में प्रचार करने में जुटे हुए हैं। अभी हाल में पार्टी की ओर से गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में चुनावी सभाओं को संबोधित किया था। अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने रोड शो में भी हिस्सा लिया था।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी हाल में राज्य के चुनावी दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने त्रिपुरा के लिए पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र भी जारी किया था। त्रिपुरा की 60 सीटों के लिए 16 फरवरी को मतदान होने वाला है। मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही चुनाव प्रचार चरम पर पहुंच चुका है। भाजपा ने राज्य की 55 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि 5 सीटें सहयोगी दल आईपीएफटी के लिए छोड़ी हैं।

भाजपा को इस बार फिर समर्थन का भरोसा

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने दावा किया है कि भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव में किए गए अपने सारे चुनावी वादों को पूरा कर दिया है। पार्टी की ओर से इस बार भी त्रिपुरा के विकास के लिए बड़े कदम उठाने का वादा किया गया है।

नड्डा ने कहा कि चुनावी वादे पूरे करने के कारण राज्य के लोगों का भाजपा के प्रति भरोसा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि हम इस बार भी सारी घोषणाओं को पूरा करने का वादा करते हैं। हमें त्रिपुरा के लोगों का एक बार फिर समर्थन और विश्वास हासिल होने का पूरा भरोसा है।

Tags:    

Similar News