Major Train Accident 2023: साल भर में दो भयानक रेल हादसे, दहल उठा पूरा देश, पहले और अब इतने लोगों की हुई मौत

Major Train Accident 2023: दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से असम के कामाख्या जाने वाली 12506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस की 21 बोगियां बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गए।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-10-12 02:43 GMT

Major Train Accident 2023  (photo: social media )

Major Train Accident 2023: बालासोर रेल हादसे का जख्म अभी पूरी तरह से भरा भी नहीं था कि देश और एक बड़े रेल हादसे की खबर से हिल उठा है। अबकी बिहार के बक्सर जिले में एक पैसेंजर ट्रेन बेपटरी हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से असम के कामाख्या जाने वाली 12506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस की 21 बोगियां बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। हादसा करीब रात साढ़े नौ बजे के आसपास हुआ।

जानकारी के मुताबिक, 21 में से 6 बोगियां बुरी तरीके से डीरेल हुई हैं। जिसमें बड़ी संख्या में यात्रियों के फंसे होने की खबर है। इन डिब्बों में फंसे यात्रियों की हालत बेहद नाजुक है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और लोकल पुलिस राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। डीरेल कोच में फंसे यात्रियों को जल्द से जल्द बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है ताकि उनका समय रहते उपचार हो सके।

बक्सर रेल हादसे में कितने हताहत

बक्सर के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने हादसे में कम से कम चार लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। मृतकों के शवों को जिला अस्पताल में रखवाया गया है। शवों की शिनाख्त की जा रही है। पहचान होते ही परिजनों को सूचित कर दिया जाएगा। वहीं, बक्सर डीएम ने हादसे में अब तक 100 लोगों के घायल होने की जानकारी दी है। जिनमें 20 की हालत ज्यादा गंभीर है। घायलों को बक्सर के अलावा आरा और पटना के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।


बालासोर रेल हादसे से दहल गया था देश

इसी साल जून में देश ने हाल फिलहाल का सबसे भयानक रेल हादसा देखा। 2 जून को ओडिशा के बालासोर में 3 ट्रेनों की टक्कर में 297 लोगों की मौत हुई थी और 1100 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इस भीषण हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। हादसे के चार महीने बाद 28 लावारिस शवों का बुधवार सुबह अंतिम संस्कार किया गया।

ये शव काफी समय से अस्पताल के डीप फ्रीजर में रखे-रखे बर्फ बन गए थे। जब इन पर कोई दावा करने वाला नहीं आया तो फिर प्रशासन ने इसका अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया। बता दें कि बालासोर रेल हादसे की सीबीआई जांच भी चल रही है। जांच एजेंसी ने 3 रेलवे कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा सात रेलवे अधिकारी सस्पेंड किए जा चुके हैं।


बक्सर ट्रेन हादसे पर प्रतिक्रियाएं

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बक्सर ट्रेन हादसे पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने एक के बाद एक एक्स पर कई पोस्ट कर मौके पर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी दी। अपने एक ऐसे ही पोस्ट में उन्होंने ट्रेन के पटरी से उतरने की घटना की जांच करने की बात कही है।

बिहार के उपमुख्यमंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव ने भी एक्स पर एसडीआरएफ द्वारा चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी दी।

वहीं, स्थानीय (बक्सर) बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा, मुझे जैसे ही हादसे की खबर मिली मैंने तुरंत रेल मंत्री, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बिहार के मुख्य सचिव, जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों को सूचना दी। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी प्रभावितों की मदद करने के लिए आगे आने को कहा। चौबे ने बताया कि गंभीर रूप से जख्मी यात्रियों को सीधे पटना एम्स में भर्ती कराया जा रहा है।

Tags:    

Similar News