Weather Today: शीतलहर और घने कोहरे से नए साल का स्वागत, इन इलाकों में जारी रहेगा दोनों का सितम

Weather Today: देश के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। नए साल 2023 के पहले दिन देश के कई इलाकों के लोग शीतलहर से परेशान दिखे।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-01-01 03:05 GMT

शीतलहर और घने कोहरे से नए साल का स्वागत, इन इलाकों में जारी रहेगा दोनों का सितम: Photo- Social Media

Weather Today: देश के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों कड़ाके की ठंड (Winter News) पड़ रही है। नए साल 2023 की (1 january 2023) आज शुरुआत हो गई है और नए साल के पहले दिन देश के कई इलाकों के लोग शीतलहर से परेशान दिखे। प्रचंड ठंड के साथ कोहरा भी लोगों के लिए भारी मुसीबत बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली में अभी शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी।

इसके साथ ही इन इलाकों में घना कोहरा छाने की चेतावनी भी दी गई है। शनिवार को भी इन इलाकों में शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप बना रहा। घने कोहरे से सड़क यातायात के साथ ही ट्रेन और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा है। कोहरे की वजह से कई इलाकों में हादसे की खबरें हैं तो ट्रेन और विमान सेवा के विलंबित होने से यात्रियों को दिक्कत उठानी पड़ी।

यूपी में ठंड और कोहरे का कहर (Cold and fog havoc in UP)

उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में इन दिनों ठंड और कोहरे का कहर जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के लोगों को नए साल पर ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश में तीन दिनों तक शीतलहर चलने की चेतावनी दी गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी होने की भी आशंका है।

राजधानी लखनऊ में शनिवार को सुबह घना कोहरा छाए रहने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में विजिबिलटी सिर्फ 10 मीटर रही। वाराणसी में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि वाराणसी में भी नए साल पर ठंड और कोहरे का माहौल रहेगा। प्रदेश में घने कोहरे के कारण ट्रेन सेवाओं के साथ ही हवाई सेवाओं पर भी बुरा असर पड़ा है। कई ट्रेनों और उड़ानों के लेट होने के कारण यात्रियों को काफी दिक्कत उठानी पड़ी।

झारखंड में बारिश होने की आशंका

उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार भी इन दिनों कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। राजधानी पटना के साथ ही अन्य जिलों में भी शीतलहर का प्रकोप दिख रहा है। दक्षिण पश्चिम और पूर्वी बिहार में शीतलहर और घने कोहरे से लोग परेशान दिख रहे हैं। झारखंड के तापमान में थोड़ा सुधार दिखा है मगर आने वाले दिनों में लोगों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं।

मौसम विभाग की ओर से दी गई चेतावनी के मुताबिक 4 और 5 जनवरी को झारखंड की राजधानी रांची समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि इसके बाद ठंड में काफी बढ़ोतरी होगी।

पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड

पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में शनिवार को कड़ाके की ठंड रही और घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही। ग्रामीण इलाकों और हाईवे पर कोहरे का ज्यादा असर दिखा। पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में भी कड़ाके की ठंड रही और न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा के विभिन्न जिलों में भी कड़ाके की ठंड रही। राज्य के सिरसा में शीतलहर के कारण न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस और करनाल में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के विभिन्न जिलों में घने कोहरे के कारण भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

इन इलाकों में भी ठंड बनी मुसीबत

दिल्ली इन दिनों शीतलहर की चपेट में है। शनिवार को दिल्ली में काफी ठंड रही और कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अभी राजधानी दिल्ली को ठंड और घने कोहरे से निजात मिलने की उम्मीद नहीं है। आने वाले दिनों में राजधानी में ठंड और बढ़ने की आशंका जताई गई है। कश्मीर घाटी में इन दिनों हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और कई इलाकों में बर्फबारी भी हुई है। नए साल का जश्न मनाने के लिए काफी संख्या में पर्यटक कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड पहुंचे हैं। बर्फबारी होने से पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं क्योंकि वे इसी का आनंद उठाने के लिए पहुंचे हैं।

कई इलाकों में दिखेगा घने कोहरे का कहर

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तरी राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना है। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और चंडीगढ़ के विभिन्न हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति दिख सकती है। नए साल के पहले दिन बारिश की आशंका नहीं है और पूरे देश में मौसम शुष्क बना रहेगा।

Tags:    

Similar News