Weather Today: पहाड़ी इलाकों में जारी रहेगी बारिश के साथ बर्फबारी, इन राज्यों में भी बरसेंगे बादल

Weather Update Today: भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक पहाड़ी इलाकों समेत देश के कुछ अन्य हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश हो सकती है। बारिश के कारण सभी जगहों पर तापमान में गिरावट आने का भी अनुमान है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2022-11-10 08:24 IST

Weather Today (Image Credit : Social Media)

Aaj Ka Mausam 10 November 2022 : देश के कई इलाकों में इन दिनों अजीबोगरीब मौसम देखने को मिल रहा है। नवंबर महीने के दौरान कई राज्यों में बारिश लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है। तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और अंडमान व निकोबार दीप समूह में आज भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भी हल्की बारिश होने की आशंका है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है।

दूसरी ओर देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के साथ बारिश ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा रखी हैं। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज भी बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका है। इन इलाकों में पिछले कई दिनों के दौरान बारिश के साथ हुए हिमपात के बाद ठंड बढ़ गई है।

बारिश और बर्फबारी बढ़ाएगी मुसीबत

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विभिन्न इलाकों में पिछले कई दिनों से बारिश के साथ बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आज भी मध्यम बारिश के साथ हिमपात हो सकता है। दो और पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी आज बारिश के साथ हिमपात होने की आशंका जताई गई है।

दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के विभिन्न इलाकों में भी आज बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। मौसम के जानकारों के मुताबिक इसके बाद इन इलाकों में तापमान गिरने की संभावना है। दिल्ली और हरियाणा के कुछ इलाकों में इन दिनों प्रदूषण की समस्या गंभीर बनी हुई है। वैसे राजधानी और हरियाणा के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के बाद लोगों को प्रदूषण की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद नहीं है।

इन इलाकों में बारिश होने की संभावना

स्काईमेटवेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान तमिलनाडु, केरल और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब के कुछ हिस्सों, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में हल्की बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका है। उत्तराखंड में भी छिटपुट हल्की बारिश और हिमपात होने की संभावना है।

आखिर क्या है बारिश का कारण

दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे भूमध्य रेखीय हिंद महासागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने का असर कई राज्यों में दिखाई दे रहा है। इसके उत्तर पश्चिम की ओर तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों की ओर बढ़ने की संभावना जताई गई है। इसके चलते दक्षिण आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में आज जोरदार बारिश होने की आशंका है। बारिश को यह दौर 12 नवंबर तक जारी रह सकता है।

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 11 और 12 नवंबर को झमाझम बारिश हो सकती है। यह बारिश काफी गरज-चमक के साथ होने की आशंका जताई गई है। वैसे तमिलनाडु और केरल में आज भी बारिश का दौर जारी रहेगा। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई समेत राज्य के कई इलाकों में बारिश कई दिनों से लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है।

Tags:    

Similar News