Weather Today Update: अब बारिश के साथ दिखेगा ओले का सितम, अगले हफ्ते बिगड़ेगा मौसम का मिजाज

Weather Today Update 18 January 2023: कड़ाके की ठंड के इस दौर में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी करके लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-01-18 03:17 GMT

Weather Today Update  (photo: social media )

Aaj Ka Mausam Ki Taja Jankari 18 January 2023: उत्तर भारत के अधिकांश राज्य इन दिनों कड़ाके की ठंड झेल रहे हैं। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश आदि राज्यों में लोगों को भीषण ठंड का सामना करना पड़ रहा है। कड़ाके की ठंड के इस दौर में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी करके लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक अगले हफ्ते राजधानी दिल्ली और उत्तर पश्चिम भारत के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के साथ ही 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलने और ओले गिरने का भी अनुमान लगाया गया है।

इन इलाकों में होगी बारिश और ओलावृष्टि

आईएमडी की ओर से जारी किए गए अलर्ट के मुताबिक 21 जनवरी से 25 जनवरी तक उत्तर पश्चिम भारत को एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर सकता है। इसकी वजह से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 21 जनवरी को बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 23 और 24 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधियां चरम पर रहेंगी और इसके 25 जनवरी तक जारी रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग का कहना है कि 23 और 24 जनवरी को

जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की ओलावृष्टि होने की आशंका है। इसके साथ ही 23-24 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ाएंगी।

मौसम विभाग के मुताबिक 23 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है जबकि 24 जनवरी को कई स्थानों पर हल्की बारिश होने या फुहारें पड़ने की आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 24 और 25 जनवरी को हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

जम्मू-कश्मीर में भी दिखेगा असर

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ 19 से 25 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर को प्रभावित कर सकता है। 19 से 21 जनवरी तक जम्मू कश्मीर में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 22 जनवरी की रात से 24 जनवरी की दोपहर तक तेज बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर के मैदानी इलाकों में भी हिमपात होने की आशंका है। ऊंचाई वाले इलाकों में मैदानी इलाकों से ज्यादा हिमपात हो सकता है।

जम्मू कश्मीर में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है और श्रीनगर में सोमवार की रात न्यूनतम तापमान शून्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कुपवाड़ा जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

ठंडे से कब मिलेगी राहत

उत्तर भारत इन दिनों भीषण ठंड की गिरफ्त में है मगर जल्द ही इस ठंड से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि 18 जनवरी और 20 जनवरी को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इस विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तर भारत के राज्यों को 19 जनवरी से भीषण ठंड से राहत मिलेगी। वैसे इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के पहाड़ी राज्यों में हिमपात का असर भी दिखेगा।

इन इलाकों को परेशान करेगी शीतलहर

अगले 24 घंटे के दौरान राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की स्थिति देख सकती है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर चल सकती है। उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में हवा की दिशा में बदलाव होगा। पश्चिमी विक्षोभ के करीब आने के कारण अब तापमान में बढ़ोतरी का दौर शुरू हो जाएगा।

Tags:    

Similar News