Aaj Ka Mausam: दक्षिण के कई राज्यों में आज होगी झमाझम बारिश, दम घोंट रही है दिल्ली की हवा

Weather Today Update: तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में तीन दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-11-05 03:09 GMT

भारी बारिश से दक्षिण भारत में जनजीवन अस्त-व्यस्त (photo: social media )

Weather Today Update 5 November 2022: राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कुछ राज्यों में इन दिनों प्रदूषण की समस्या काफी गंभीर हो गई है। दूसरी ओर दक्षिण भारत के कई राज्य भारी बारिश के कारण बेहाल हैं। केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक में आज भी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में तीन दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

इस बीच दिल्ली में प्रदूषण की समस्या काफी गंभीर बनी हुई है। दिल्ली में तमाम लोग आंख और गले में जलन की शिकायत कर रहे हैं। दिल्ली की हवा जहरीली हो जाने के कारण तमाम लोग घरों में कैद हो गए हैं और जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

दिल्ली में घर से निकलना भी मुश्किल

दिल्ली में प्रदूषण की बढ़ती समस्या के कारण एयर प्यूरीफायर की बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदूषण से बढ़ रही बीमारियों के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सामान्य ओपीडी में 30 फ़ीसदी मरीजों की बढ़ोतरी हुई है। जानकारों का कहना है कि आज भी दिल्ली के अधिकांश इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक गंभीर श्रेणी में रहने का अनुमान है।

पूसा रोड पर आज एक्यूआई 484, एयरपोर्ट पर 489 और दिल्ली विश्वविद्यालय के क्षेत्र में 563 दर्ज किया गया। नोएडा में एक्यूआई 529 तो गुरुग्राम में 478 दर्ज किया गया। इससे हालात की गंभीरता को समझा जा सकता है। लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।

इन राज्यों में भारी बारिश होने की आशंका

मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी का मौसम तीन दिनों तक काफी खराब रहेगा। इन तीनों राज्यों में तीन दिनों तक भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।

आईएमडी के मुताबिक तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, माहे और कराईकल में सात नवंबर तक बारिश होने की चेतावनी दी गई है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में आज पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और लद्दाख में 5 से 7 नवंबर के बीच बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका है।

उत्तराखंड में भी मौसम बिगड़ने की आशंका जताई गई है। उत्तराखंड में 6 और 7 नवंबर को बारिश के साथ हिमपात हो सकता है। पंजाब और मध्य प्रदेश में भी तीन दिनों तक मौसम खराब रहेगा। इन दोनों राज्यों में 7 नवंबर तक बारिश होने की आशंका है। कश्मीर घाटी में 6 नवंबर को बर्फबारी के साथ ही भारी बारिश होने की भी आशंका है। मौसम के जानकारों का कहना है कि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट के साथ ठंड में इजाफा होगा।

बारिश के साथ बर्फबारी की आशंका

स्काईमेटवेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। केरल, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। पंजाब और तटीय कर्नाटक में भी एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में भी आज मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा।

दक्षिणी असम,मिजोरम और मणिपुर में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की आशंका है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक अधिकांश स्थानों पर गंभीर श्रेणी में बना रहेगा।

Tags:    

Similar News