Weather Update: कहीं बारिश और बर्फबारी का अलर्ट तो कहीं बढ़ने लगा तापमान,जानिए देश के मौसम का मिजाज

Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से देश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदलता दिख रहा है। देश के पहाड़ी इलाकों में 21 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी होने का अलर्ट जारी किया गया है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-02-18 04:25 GMT

Weather Update Today (Photo: Social Media)

Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से देश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदलता दिख रहा है। देश के पहाड़ी इलाकों में 21 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी होने का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी 20 फरवरी तक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। दूसरी ओर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तेज धूप निकलने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में पारा चढ़ने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

इन इलाकों में दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर,लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में आज हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 19 से 21 फरवरी तक मध्यम बारिश और बर्फबारी होने का अलर्ट जारी किया गया है। 

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी अगले पांच दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी 20 फरवरी तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में बदलने लगा मौसम

राजधानी दिल्ली में खिली धूप निकलने के कारण मौसम धीरे-धीरे गरमाने लगा है। मौसम विज्ञानियों का कहना अब दिल्ली का तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और रविवार तक अधिकतम तापमान बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने की संभावना है। दिल्ली के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग का कहना है कि तेज हवाओं का दौर थमने के बाद राजधानी के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वैसे राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत खराब श्रेणी में बना हुआ है। 

पंजाब और हरियाणा का तापमान बढ़ा 

पंजाब और हरियाणा के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। दोनों राज्यों के अधिकांश स्थानों पर शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। लुधियाना में न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। पटियाला और पठानकोट के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

गुरदासपुर,फरीदकोट और बठिंडा का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। हरियाणा और पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार सहित हरियाणा के कई अन्य इलाकों में भी न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 

झारखंड के मौसम में उतार-चढ़ाव 

झारखंड के मौसम में इन दिनों काफी उतार-चढ़ाव दिख रहा है। राज्य के मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 18 और 19 फरवरी को राज्य के कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। राज्य के बाकी इलाकों का मौसम शुष्क बना रहेगा। आने वाले पांच दिनों के दौरान राज्य के तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। वैसे राजधानी रांची का न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं का असर दिख रहा है जिसकी वजह से शाम और सुबह के समय ठंड का एहसास हो रहा है।

इन इलाकों में बारिश होने की संभावना

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। दूसरी ओर देश के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश क्षेत्रों में दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा सकता है।

Tags:    

Similar News