Weather Update: उत्तर भारत में दिन में धूप से तापमान बढ़ा, देश के इन इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

Weather Update: देश के अलग-अलग इलाकों में मौसम का अलग-अलग मिजाज दिख रहा है। पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर चल रहा है तो मैदानी इलाकों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-02-19 04:23 GMT

Weather Update Today (Photo: Social Media)

Weather Update: देश के अलग-अलग इलाकों में मौसम का अलग-अलग मिजाज दिख रहा है। पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर चल रहा है तो मैदानी इलाकों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की ओर से जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में आज भी हल्की बारिश और बर्फबारी होने का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी 22 फरवरी तक हल्की बारिश होने की संभावना है।

मैदानी इलाकों के तापमान बढ़ा

इस बीच मैदानी इलाकों के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी दिल्ली में भी अधिकतम तापमान के आज 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाने की संभावना है। इसके साथ ही गुजरात, महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक और गोवा के कई हिस्सों में आज अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है।

बारिश और बर्फबारी की संभावना 

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर के कई इलाकों में 20 से 22 फरवरी तक हल्की बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 21 और 22 फरवरी को आंधी-तूफान आने के संकेत हैं। जम्मू कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में आज हल्की बारिश और बर्फबारी होगी। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी कुछ स्थानों पर आज बारिश हो सकती है।

दिल्ली में बढ़ने लगा तापमान

राजधानी दिल्ली का तापमान धीरे-धीरे काफी बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञानियों ने पहले ही रविवार तक दिल्ली का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाने का पूर्वानुमान लगाया था। दिल्ली का अधिकतम तापमान उसी दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है क्योंकि शनिवार को अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। 

मौसम विभाग की ओर से लगाए गए पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को राजधानी दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। रविवार को लोगों को कोहरे का भी सामना करना पड़ सकता है।

राजस्थान में हुई गर्मी में बढ़ोतरी

राजस्थान में सर्दी का दौर समाप्त होते ही गर्मी ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। सीमावर्ती बाड़मेर इलाके में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। राज्य के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तरी अरब सागर और आसपास के इलाकों में एक प्रति चक्रवाती तंत्र विकसित होने का कारण राजस्थान के तापमान में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

वैसै एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 21 और 22 फरवरी को राज्य के तापमान में दो से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। झारखंड के दक्षिण पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के अन्य इलाकों में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।

कई इलाकों में बढ़ जाएगा तापमान

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान जम्मू कश्मीर,लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। ओडिशा के उत्तरी तट और गंगीया पश्चिम बंगाल के आसपास के हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के एक या दो स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। 

उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के न्यूनतम तापमान में अगले दो-तीन दिनों के दौरान धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। गुजरात महाराष्ट्र गोवा और उत्तरी कर्नाटक के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच जाने की संभावना है।

Tags:    

Similar News