Weather Today: केरल में आज भी भारी बारिश के आसार, जानिए यूपी समेत अन्य राज्यों का हाल

Weather Update Today: देश के कई राज्यों में आज भी मानसून की मेहरबानी का दौर जारी रहेगा। पिछले कई दिनों से बारिश से सराबोर केरल में आज भी मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य के कई जिलों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-08-05 02:24 GMT

Weather Update Today in India (image social media)

Click the Play button to listen to article

Weather Update Today 5 August 2022: देश के कई राज्यों में आज भी मानसून की मेहरबानी का दौर जारी रहेगा। पिछले कई दिनों से बारिश से सराबोर केरल में आज भी मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य के कई जिलों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि कर्नाटक, मराठवाड़ा, विदर्भ, मणिपुर, गुजरात, मध्य प्रदेश, मेघालय और राजस्थान में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में आज भी बारिश का दौर जारी रहेगा। राजधानी दिल्ली में 8 अगस्त तक बीच-बीच में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में बारिश की संभावना

अगले 24 घंटे के दौरान देश के विभिन्न राज्यों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक केरल, कर्नाटक, मराठवाड़ा, विदर्भ के कुछ हिस्सों और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। मणिपुर, मेघालय, गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी अच्छी बारिश हो सकती है। इन प्रदेशों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों,ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तमिलनाडु, रायलसीमा, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण व गोवा में हल्की से मध्यम बारिश लोगों को भिगो सकती है। दिल्ली, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर, शेष पूर्वोत्तर भारत, तटीय ओडिशा, सौराष्ट्र और कच्छ में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। 

केरल में जमकर बरसेंगे बादल

देश में इन दिनों सबसे ज्यादा बारिश केरल में दर्ज की जा रही है। केरल में कई दिनों से भारी बारिश के कारण जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। आज भी राज्य के विभिन्न जिलों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग और राज्य सरकार की ओर से राज्य के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

राजस्थान में होगी व्यापक वर्षा

राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय हो गया है।  राज्य के कई जिलों में बुधवार और गुरुवार को अच्छी बारिश हुई है। मौसम के जानकारों का कहना है कि शुक्रवार को भी राज्य के विभिन्न जिलों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में तो मध्यम बारिश हो सकती है मगर कुछ इलाकों के लोगों को भारी बारिश का सामना करना पड़ सकता है। बारिश के दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

इस बीच राजस्थान में मानसून की भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफना गए हैं। कई जिलों में भारी बारिश के कारण विभिन्न मार्गों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ है। राजस्थान में इस बार मानसून जमकर मेहरबान हुआ है। जुलाई महीने के दौरान राज्य में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है। पिछले 66 वर्षों के दौरान जुलाई महीने में राजस्थान में इतनी ज्यादा बारिश नहीं हुई थी। 

दिल्ली में 8 अगस्त तक होगी बारिश

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बुधवार और गुरुवार को बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम के जानकारों के मुताबिक राजधानी दिल्ली में 8 अगस्त तक बीच-बीच में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ट्रफ हिमालय की तलहटी से मध्य भारत की ओर बढ़ रहा है और उसका परिणाम दिल्ली में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश के रूप में दिखेगा। इस दौरान दिल्ली के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। 

यूपी, बिहार और झारखंड का हाल

यूपी में हाल के दिनों में मानसून की काफी सक्रियता दिखी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और  राज्य के अन्य हिस्सों में बारिश का असर दिखा है। आज भी राज्य के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। बिहार और झारखंड में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। वैसे इन दोनों राज्यों में भारी बारिश की आशंका नहीं है।

Tags:    

Similar News