Lok Sabha Elections 2024: NDA को टक्कर दे रहा I.N.D.I.A., वोट शेयर में महज 2% का फासला, जानिए सर्वे में किसे कितनी सीटें

Lok Sabha Elections 2024: देश में आज की तारीख में चुनाव हो तो NDA को 306 और I.N.D.I.A. गठबंधन को 193 सीटें मिलती नजर आ रही है। अन्य दलों को 44 सीटें मिलेंगी। C Voter सर्वे में कई चौंकाने वाले रिपोर्ट सामने आए हैं।

Update: 2023-08-25 15:33 GMT

Lok Sabha Election 2024: देश लोकसभा चुनाव 2024 की तरफ आहिस्ता-आहिस्ता बढ़ रहा है। राजनीतिक पार्टियां अपने गठबंधन को मजबूत करने में जुटी है, तो मतदाता उनके बयानों और हरकतों पर नजर बनाए है। ऐसे में 'इंडिया टुडे' के लिए C-वोटर ने सर्वे किया है। C-वोटर ने अपने सर्वे में जनता का मूड जानने की कोशिश की है। सर्वे में लोगों से सवाल पूछा गया कि, यदि आज लोकसभा चुनाव होते हैं तो NDA और INDIA गठबंधन को कितनी सीटें मिलेंगी?

इस सवाल के जवाब में जनता ने अपनी राय दी। सी-वोटर सर्वे के नतीजों के अनुसार देश में एक बार फिर बीजेपी नीत एनडीए सरकार बनती नजर आ रही है। सर्वे से स्पष्ट है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 272 सीटों के जादुई आंकड़े को पार कर जाएगा। यही वो जादुई आंकड़ा है जो किसी भी राजनीतिक दल या गठबंधन को सरकार बनाने के लिए चाहिए।

NDA vs I.N.D.I.A में किसकी सरकार?

सी-वोटर सर्वे (c-voter survey) में देश का मिजाज जानने के लिए लोगों से पूछा गया, 2024 में किसकी सरकार आएगी? अगर, आज की तारीख में चुनाव हुए तो NDA को कितनी सीटें मिलेंगी? विपक्षी पार्टियों के गठबंधन I.N.D.I.A को कितनी सीटें मिल सकती हैं? सर्वे के नतीजों से साफ है कि, देश में एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनती दिख रही है। NDA के खाते में 306 सीटें जाती नजर आ रही हैं। वहीं, विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A को 193 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। अन्य के खाते में 44 सीटें मिल सकती हैं।

एनडीए से महज 2% कम वोट शेयर 'इंडिया' को

सर्वे में ये जानने का प्रयास किया गया कि, वोट शेयर किस गठबंधन के साथ कितना रहेगा? यहां नतीजे चौंकाने वाले हैं। जी हां, विपक्षी दलों का गठबंधन I.N.D.I.A सत्ताधारी NDA के बिल्कुल करीब नजर आ रहा है। सी वोटर सर्वे के अनुसार, एनडीए के पक्ष में जहां 43 प्रतिशत वोट शेयर नजर आ रहा है तो I.N.D.I.A को महज 2 फीसदी कम यानी 41 फीसदी वोट शेयर जाता दिख रहा है।

किसे मिलेंगी कितनी सीटें?

वहीं, अन्य के खाते में 16 फीसदी वोट शेयर जाता नजर आ रहा है। देश की दोनों बड़ी पार्टियां बीजेपी और कांग्रेस के अकेले सीटों की बात की जाए तो बीजेपी को 287 तो कांग्रेस को 74 तथा अन्य के खाते में 182 सीटें जाती दिख रही हैं।

NDA सरकार के कामकाज से कितने संतुष्ट?

सर्वे में अगला सवाल NDA सरकार के कामकाज से जुड़ा था। लोगों से पूछा गया कि क्या वो वर्तमान मोदी सरकार से संतुष्ट हैं? सर्वे में शामिल 59 प्रतिशत लोगों ने 'हां' में जवाब दिया। वहीं, 19 फीसद लोग असंतुष्ट नजर आए। सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि किसे मानते हैं? के जवाब में 21 फीसद ने लोगों ने कोविड महामारी (covid pandemic) से निपटने को सबसे बड़ी उपलब्धि माना। दूसरे नंबर पर 13 फीसदी लोगों ने भ्रष्टाचार रहित सरकार को उपलब्धि माना। वहीं, अयोध्या में राम मंदिर और आर्टिकल-370 की विदाई को भी सरकार की उपलब्धि के तौर पर देखा गया।

महंगाई और बेरोजगारी पर ये था जवाब

इंडिया टुडे और सी वोटर सर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की सबसे बड़ी नाकामी को लेकर सवाल पूछा गया, जिसके जवाब में 25 फीसद लोगों ने महंगाई को बताया। जबकि, 17 फीसदी लोगों ने बेरोजगारी को सरकार की सबसे बड़ी नाकामी बताया।

Tags:    

Similar News